scorecardresearch
डार्क मोड

एक विहंगम वन कांड

यह रामकथा तकनीकी वैभव और कलात्मक ऐश्वर्य से संपन्न है. जंगल की सरहदों में आकार लेते इसके अधिकांश घटनाक्रमों को देखते हुए इसे रुपहले परदे का अरण्य कांड कहना गलत न होगा

विहंगम रूपाकार वाल्मीकि रामायण पर केंद्रित नमित मल्होत्रा और नीतेश तिवारी समृद्ध टेक्नोलॉजी की सर्वविदित कथा रामायण पार्ट-1
अपडेटेड 25 नवंबर , 2026

वाल्मीकि रामायण के अयोध्या कांड में एक दिलचस्प प्रसंग है. राम को मनाने चित्रकूट जाते भरत प्रयाग में भरद्वाज मुनि के आश्रम में रुकते हैं, जिन्होंने अपने तपोबल से सभी के विश्राम और आनंद के लिए महल, भोज, अप्सराओं समेत विहंगम इंतजाम किए हैं. उसे भोगकर मस्त हुए, अयोध्या से आए दो सैनिक आपस में बतियाते हैं, जिसका सार है कि भला हो भरत का और राम का भी, जिनकी वजह से यह दिन देखने को मिला.

अब अपन यहीं रहेंगे, कहीं न जाने के. वाल्मीकि रामायण पर केंद्रित नमित मल्होत्रा (निर्माता) और नीतेश तिवारी (निर्देशक) ने बेहद समृद्ध टेक्नोलॉजी के बल पर अपनी रामायण पार्ट-1 में दर्शकों को विस्मय में डाल देने वाला रामकथा का वैसा ही विहंगम रूपाकार रचा है.

सर्वविदित कथा के इस संस्करण के कुछ दृश्य अनूठे हैं. मिथिला से लौटती राम की बरात का लाँग शॉट में शानदार विस्तार; दंडकारण्य में मायावी रूप धरते राक्षसों से लड़ते, बिजली-सी रफ्तार से आसमानी दरख्तों को नापते राम-सीता-लक्ष्मण; अपनी विशाल नक्षत्रशाला में बेचैनी में यंत्रों से खेलता बेसब्र रावण; और सीताहरण में इस्तेमाल घूमते कमलदल पर गुंबदयुक्त उसका रथ.

दूसरे भी दृश्य तकनीकी वैभव और कलात्मक ऐश्वर्य से इतने संपन्न हं  कि सब कुछ नया न होने के बावजूद देखते बनता है. रचनात्मक कल्पना की अनंत संभावनाओं वाले जंगल की सरहदों में घटते अधिकांश घटनाक्रमों को देखते हुए इसे रुपहले पर्दे का अरण्य कांड कहना गलत न होगा.

रामायण एक नाटक नहीं, हमारी सांस्कृतिक सभ्यता को परिभाषित करने वाला पौराणिक महाकाव्य है. इसी तरह से राम और सीता किसी एक और किस्से के किरदार नहीं बल्कि हमारे नैतिक मूल्यों के प्रतिमान हैं. उनकी जीवनकथा कोई स्क्रिप्ट नहीं बल्कि भारतीय लोकमानस के लिए एक लीला, एक मानदंड है.

इसीलिए वह ऐसे सांस्कृतिक प्रयोगों का हिस्सा बनती आई है. रणबीर कपूर (राम), साई पल्लवी (सीता) और यश (रावण) के अभिनय वाला यह संस्करण भी उसी प्रयोग की कड़ी है.

कथानक के अपने विमर्श भी हैं. मसलन व्यभिचारी, अहंकारी, बलवान लेकिन विद्वान और समतावादी रावणः ‘‘राज्य में न कोई भूखा रहेगा, न कोई लाचार.’’ सामने हैं सुकोमल, संकोची और असमंजस में दिखते रामः दैव मेरे भाग्य में है क्या लिखा? ओम राउत की आदिपुरुष में भी अफसोस जताते लक्ष्मण से राम कह रहे थेः ‘‘तुमने कुछ नहीं किया शेष.

यह सब नियति का खेल है.’’ पर यहां विश्वामित्र लक्ष्मण का आकलन करते हैंः ‘‘तुम दिखते नहीं, पर हो बुद्धिमान.’’ उन्हीं लक्ष्मण (रवि दुबे) की वन में भरत को विदा देते राम पर यह टिप्पणी जैसे पूरा स्वाद बेस्वाद कर देती है कि ‘‘भैया, आप में सारे गुण हैं. थोड़ी कुटिलता भी होती तो आज आप वन में नहीं, महल में होते.’’

शिव-पार्वती, याज्ञवल्क्य-भरद्वाज और कागभुसुंडि-गरुड़ के बीच चलती आई रामकथा से आगे निकलकर यहां बीच-बीच में आसमान पर छाते जटायु (अनुपम खेर) को सूत्रधार बनाया गया है. लेकिन लक्ष्मण-परशुराम जैसे कई प्रसंग जंप कट का शिकार होकर कथानक से ही बाहर हो गए हैं.

प्रयाग वाले प्रसंग पर फिर से लौटें. भरद्वाज का सारा भव्य इंतजाम अगली सुबह अंतर्धान हो जाता है और दोनों सैनिकों को मन मारकर बाकियों के साथ चित्रकूट की ओर कूच करना पड़ता है. इस रुपहली रामायण की तकनीकी भव्यता भी दुनिया भर में दर्शकों को पर्दे तक खींचकर ला रही है. उसके ‘मायावी’ विस्तार के अंतिम छोर पर क्या है! अभी देखना बाकी है.

ADVERTISEMENT
Advertisement