scorecardresearch
डार्क मोड

दिग्गज और उभरते हुए

रैंकिंग में शीर्ष पर अब भी दिग्गजों का कब्जा. लेकिन युवा खिलाड़ियों ने भी तेजी से अपनी जगह बनाई. भविष्य वैभव सूर्यवंशी और दिव्या देशमुख जैसे सितारों का

रैंकिंग में शीर्ष पर अब भी दिग्गजों का कब्जा
अपडेटेड 8 सितंबर , 2026

सबसे लोकप्रिय खेल क्रिकेट की दुनिया में एक नया सितारा उभर आया है जो विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों को सिर्फ इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) में ही नहीं, इंडिया टुडे के देश का मिज़ाज सर्वे में भी टक्कर दे रहा है.

पंद्रह साल के वैभव सूर्यवंशी ने इस आइपीएल में तूफानी बैटिंग से सबका ध्यान खींचा. उन्होंने इमर्जिंग प्लेयर और मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर, दोनों पुरस्कार अपने नाम किए. उनका शानदार प्रदर्शन लोगों के जेहन में ताजा था और उन्होंने पहली बार इस सर्वेक्षण में जगह बना ली.

नतीजे बताते हैं कि कई साल में पहली बार एक और दिग्गज एम.एस. धोनी खिसककर चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं. हार्दिक पंड्या शीर्ष पांच से बाहर हो गए जबकि टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल ने उनकी जगह ले ली.

महिला क्रिकेटरों की लिस्ट में कोई बड़ा चौंकाने वाला नाम नहीं है. साल 2025 का वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम की सभी प्रमुख खिलाड़ी इसमें शामिल हैं. इनमें उप-कप्तान स्मृति मांधना, कप्तान हरमनप्रीत कौर, ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा, सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और बल्लेबाज तथा शानदार फील्डर जेमिमा रोड्रिग्स शामिल हैं.

ये पांचों खिलाड़ी हाल ही लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की ऐतिहासिक टेस्ट जीत का भी हिस्सा थीं. दूसरे खेलों में भाला फेंकने वाले एथलीट नीरज चोपड़ा का दबदबा कायम है. उनका सीजन भले ही औसत रहा हो लेकिन वे पुरुष खिलाड़ियों की लिस्ट में नंबर वन पर हैं. फुटबॉल से संन्यास ले चुके सुनील छेत्री दूसरे और हॉकी टीम कप्तान हरमनप्रीत सिंह तीसरे स्थान पर रहे.

शतरंज के विश्व चैंपियन डी. गुकेश हाल के दिनों में खराब प्रदर्शन के कारण एक पायदान खिसककर चौथे नंबर पर पहुंच गए. सर्वेक्षण में महिला खिलाड़ियों की रैंकिंग में सबसे चौंकाने वाला नाम बीस साल की ग्रैंडमास्टर दिव्या देशमुख का है.

पिछले साल वर्ल्ड कप जीतने वाली दिव्या इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली महिला शतरंज खिलाड़ी भी हैं. वे तीसरे स्थान पर हैं. पहले और दूसरे पायदान पर लंबे समय से काबिज ओलंपिक पदक विजेता पी.वी. सिंधु और मीराबाई चानू हैं.

जाहिर है, भारतीय खेलों की दुनिया सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं. निशानेबाज ईशा सिंह और कंपाउंड तीरंदाज ज्योति सुरेखा ने भी इस लिस्ट में जगह बनाई है.

ADVERTISEMENT
Advertisement