
चमड़ी पर शुरू होने वाली मामूली सनसनाहट. यह खुजलाए बिना जाती ही नहीं. यही है खुजली, यह सांस लेने जितनी जानी-पहचानी और सबको महसूस होने वाली सहज इच्छा है. और लगता है कि लोग अब पहले से ज्यादा खुजला रहे हैं.
20 देशों के 50,552 लोगों पर हुए और ब्रिटिश जर्नल ऑफ डर्मेटोलॉजी में प्रकाशित 2024 के एक अध्ययन में 39.8 फीसद लोगों ने बताया कि उन्होंने पिछले सात दिनों में एक न एक बार खुजाया है. उसी अध्ययन में शामिल 3,000 भारतीयों में यह आंकड़ा 42.6 फीसद था.

हर किसी को कभी-न-कभी खुजली होती है. तो इसमें नया क्या है? नया यह कि खुजली अब केवल ऊपरी परेशानी नहीं, बल्कि भीतर छिपी बीमारी का लक्षण भी हो सकती है. घर में मेज की दराज या मोहल्ले में ही दवाई की दुकान से कोई पुरानी क्रीम उठाकर लगा लेना इससे छुटकारे के लिए काफी नहीं.
त्वचा इंसानी शरीर का सबसे बड़ा अंग है और खुजली उसका यह बताने का एक तरीका है कि कोई चीज उसे परेशान कर रही है. खास नसों के सिरे विभिन्न प्रकार की हरकतों पर प्रतिक्रिया करते हैं, हिस्टामिन नाम के रासायनिक संकेत छोड़कर उन्हें दिमाग तक भेजते हैं. इसके बाद दिमाग खुजलाने की इच्छा पैदा करता है.
सामान्य खुजली नुक्सानदेह नहीं होती, लेकिन छह हफ्ते से ज्यादा चलने वाली खुजली—जिसे चिकित्सा भाषा में क्रॉनिक प्रुराइटस कहते हैं—गहरी परेशानी का संकेत हो सकती है. लगातार बनी रहने वाली, बार-बार लौटने वाली या इलाज से ठीक न होने वाली खुजली की डॉक्टरी जांच जरूरी है. भारतीय त्वचा रोग संबंधी शोध अब संवेदनशील त्वचा, जिद्दी एक्जिमा और बार-बार होने वाले फंगल इन्फेक्शन पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं.
फ्रंटियर्स इन मेडिसिन में प्रकाशित भारतीय विशेषज्ञों के 2025 के एक बयान ने खुजली, लालिमा और रूखेपन वाली संवेदनशील त्वचा को देश में बड़ी त्वचा समस्या बताया. उसने जलवायु, प्रदूषण और रोजमर्रा की चीजों के संपर्क को अहम वजह माना. गुरुग्राम के आर्टेमिस अस्पताल में डर्मेटोलॉजी और कॉस्मेटोलॉजी की प्रमुख डॉ. मोनिका बांबरू कहती हैं,
“हमारे पास ऐसे मरीज बढ़ रहे हैं जिनकी खुजली एक बार की समस्या नहीं रही. वह बार-बार लौटती रहती है क्योंकि उसकी बुनियादी वजह खत्म नहीं हुई.” दवा-प्रतिरोधी फंगल इन्फेक्शन चिंता का सबब है, जिसमें फंगस इस तरह बदल जाता है कि आम ऐंटीफंगल दवाएं कम असरदार हो जाती हैं.
लगातार खुजली का असर रोजमर्रा की गतिविधियों, काम और निजी आराम तक को चपेट में ले सकता है. प्रुराइटस नींद खराब कर सकता है, ध्यान लगाना मुश्किल बना सकता है और लोगों को अपनी त्वचा को लेकर लगातार सचेत रखता है. अहमदाबाद की 24 वर्षीया ग्राफिक डिजाइनर आरोही देसाई के लिए इसका मतलब गर्म मौसम में भी पूरी बांह के कपड़े पहनना था.
बांहों पर खुजली वाले चकत्तों से शुरू हुई समस्या जल्द खुरदरे, गहरे धब्बों में बदल गई. देसाई कहती हैं, “ऐसा लगता था जैसे त्वचा को खुरचकर उस पर दाग लगा दिया गया हो.” लोगों के बार-बार पूछने पर उन्होंने बेवजह ध्यान खींचने के बजाए बांहें ढकना बेहतर समझा.



क्यों होती है खुजली
अक्सर खुजली की वजह आसपास का वातावरण जितनी मामूली हो सकती है. कम नमी से त्वचा रूखी हो जाने पर खुजलाती है. गर्मी और उमस में ज्यादा पसीना आने से भी ऐसा होता है. खासकर त्वचा की सलवटों में नमी जमा होती है. तंग या हवा रोकने वाले कपड़े पसीने को ज्यादा देर त्वचा पर रोककर समस्या बढ़ाते हैं.
गाजियाबाद में इंदिरापुरम के यशोदा मेडिसिटी में डर्मेटोलॉजी और कॉस्मेटोलॉजी की प्रमुख डॉ. सरिता सानके कहती हैं, “पॉलिएस्टर जैसे कपड़े गर्मी और पसीना रोक सकते हैं, जबकि प्रदूषण पहले से संवेदनशील त्वचा को परेशान कर सकता है.”
हवा में मौजूद परागकण, धूल में पनपने वाले सूक्ष्म कीट और पालतू जानवरों की रूसी जैसे एलर्जेन भी खासकर संवेदनशील त्वचा वाले लोगों में सूजन पैदा कर सकते हैं. लगातार सूजन से एक्जिमा हो सकता है, जिसमें रूखे, लाल और बेहद खुजली वाले चकत्ते बनते हैं. मेवे, अंडे और शेलफिश जैसे खाद्य पदार्थ तथा कुछ दवाएं पित्ती पैदा कर सकती हैं. इसमें त्वचा पर उभरे और सूजे हुए चकत्तों में तेज खुजली होती है. त्वचा में घुसने वाले छोटे कीटों से होने वाले स्केबीज में अक्सर रात को बहुत तेज खारिश होती है.
खुजली के सबसे आम कारणों में फंगल इन्फेक्शन है. इंटरनेशनल जर्नल ऑफ रिसर्च इन डर्मेटोलॉजी में प्रकाशित 2026 के बहु-केंद्रीय अध्ययन में 373 त्वचा विशेषज्ञों में से 95 फीसद ने खुजली को फंगल इन्फेक्शन का प्रमुख लक्षण बताया. क्लिनिकल, कॉस्मेटिक ऐंड इन्वेस्टिगेशनल डर्मेटोलॉजी में प्रकाशित 2026 के एक अन्य भारतीय अध्ययन ने 6,169 मरीजों के रिकॉर्ड जांचे और फंगल इन्फेक्शन को सबसे ज्यादा पहचानी गई त्वचा बीमारी पाया.
डर्मेटोफाइट और यीस्ट जैसे फंगस त्वचा को प्रभावित करके खाज पैदा करते हैं. मसलन, एथलीट्स फुट में पैर की उंगलियों के बीच खारिश, दरारें और त्वचा छिल सकती है. जॉक इच जांघ और जननांग के आसपास होता है, जबकि कैंडिडायसिस बगल, स्तनों के नीचे और जांघों के जोड़ जैसी गर्म, नम सलवटों में लाल, खुजली और जलन वाला चकत्ता पैदा करता है.

आधुनिक जीवनशैली भी त्वचा को परेशान करने वाली नई चीजें बढ़ा रही है. स्किनकेयर और कॉस्मेटिक उत्पाद, बार-बार सफाई, खुशबू, बालों के उत्पाद और सक्रिय तत्व प्रतिक्रिया का खतरा बढ़ाते हैं, खासकर संवेदनशील त्वचा में. इंडियन जर्नल ऑफ डर्मेटोलॉजी, वेनेरियोलॉजी ऐंड लेप्रोलॉजी में प्रकाशित 2024 के भारतीय अध्ययन ने कॉस्मेटिक डर्मेटाइटिस के 80 मरीजों की जांच की. इनमें 57 के पैच या फोटोपैच टेस्ट पॉजिटिव मिले.
ये जांच कॉस्मेटिक में मौजूद एलर्जी पैदा करने वाले खास पदार्थ पहचानती हैं. इनमें 50 प्रतिक्रियाएं कॉस्मेटिक इस्तेमाल से जुड़ी मिलीं. शोधकर्ताओं ने पहले अनजान रहे कई फोटोएलर्जेन भी पहचाने. फोटोएलर्जेन ऐसे तत्व होते हैं जो रोशनी के संपर्क में आकर प्रतिक्रिया कर सकते हैं.
सोशल मीडिया पर सौंदर्य संबंधी ट्रेंड समस्या की एक और परत हैं. किसी इन्फ्लुएंसर की स्किनकेयर दिनचर्या आंख मूंदकर अपनाना त्वचा को महंगा पड़ सकता है. दिल्ली के पूसा रोड स्थित बीएलके-मैक्स अस्पताल के सीनियर डर्मेटोलॉजी कंसल्टेंट डॉ. हेमंत शर्मा कहते हैं,
“हर व्यक्ति की त्वचा अलग होती है. इन्फ्लुएंसर के लिए शानदार नतीजे देने वाली दिनचर्या संवेदनशील त्वचा, एक्जिमा या एलर्जी वाले व्यक्ति को परेशान कर सकती है. बहुत ज्यादा एसिड, रेटिनॉइड, स्क्रब या सक्रिय तत्व त्वचा को नुक्सान पहुंचा सकते हैं.”
रोजमर्रा की आदतें भी त्वचा की सुरक्षा परत कमजोर कर सकती हैं. सानके के मुताबिक, बार-बार नहाना, तेज साबुन और लंबे समय तक सूखे, वातानुकूलित माहौल में रहने से त्वचा की नमी सूख जाती है.
कॉस्मेटिक, खुशबू और डिटर्जेंट के अलावा गहनों में निकेल तथा लैटेक्स से संपर्क की एलर्जी हो सकती है. इसलिए खुजली किसी एक एलर्जेन के बजाए पसीने, रगड़, प्रदूषण और उत्पादों के बार-बार इस्तेमाल के मिले-जुले असर से हो सकती है.
चेहरा, सिर की त्वचा और पलकें कॉस्मेटिक प्रतिक्रिया के प्रति खास तौर पर संवेदनशील हैं. क्यूरियस में प्रकाशित 2024 के भारतीय अध्ययन में कॉस्मेटिक डर्मेटाइटिस के 65 मरीज शामिल थे. इनमें 81.5 फीसद के चेहरे, 53.8 फीसद के सिर की त्वचा और 50.8 फीसद की पलकें प्रभावित थीं. मरीजों में हेयर डाइ का इस्तेमाल सबसे आम था, उसके बाद मॉइस्चराइजर, लोशन और क्रीम.
मुंबई के सर एच.एन. रिलायंस अस्पताल की डर्मेटोलॉजी कंसल्टेंट डॉ. तृप्ति अग्रवाल कहती हैं, “चलते-फिरते दी जाने वाली सलाह की अपनी सीमा होती है. त्वचा जब प्रतिक्रिया करने लगती है तो लोग उसमें एक और उत्पाद जोड़ देते हैं, जबकि सबसे पहले उन्हें इस्तेमाल किए जाने वाले उत्पाद कम करने और सही जांच कराने की जरूरत हो सकती है.”
वातावरण और कॉस्मेटिक्स के अलावा खुजली की वजह कभी-कभी त्वचा से परे हो सकती है. इनमें डायबिटीज, थायरॉइड, किडनी या लिवर की बीमारी और लिम्फ तंत्र का कैंसर शामिल हैं. ऑटोइम्यून बीमारियां भी कारण हैं. सोरायसिस में त्वचा के मोटे, पपड़ीदार हिस्सों में खुजली या जलन हो सकती है. उम्र और हॉर्मोन में बदलाव अपनी चुनौतियां लाते हैं.
बुजुर्गों में शिंगल्स का खतरा ज्यादा होता है, जिसमें तेज दर्द के साथ खुजली हो सकती है. सीबम और त्वचा के लिपिड घटने तथा सुरक्षा परत कमजोर होने से उनमें असामान्य रूखापन यानी जेरोसिस भी बढ़ता है. रजोनिवृत्ति के दौरान महिलाएं अक्सर त्वचा पर या उसके नीचे चींटियां रेंगने जैसी अनुभूति बताती हैं, जो तंत्रिकाओं की बदली संवेदना से पैदा होती है.

खुजली हराम कर सकती है आपकी जिंदगी
भले खुजली आपको त्वचा की मामूली परेशानी लगती हो लेकिन कुछ लोगों के आत्मविश्वास पर इसका गहरा असर पड़ता है. पुणे की 27 वर्षीया गृहिणी स्वाति सेठी को शादी से कुछ महीने पहले गर्दन और कॉलरबोन के आसपास खुजली होने लगी. उन्होंने गहनों और गर्मी को इसकी वजह माना, लेकिन खुजली बार-बार लौटती रही और त्वचा धीरे-धीरे रूखी, लाल और गहरी हो गई.
उन्होंने इसे डॉक्टर को दिखाया. आखिरकार डर्मेटोलॉजिस्ट ने इसे एक्जिमा बताया. सेठी कहती हैं, “मैं इसी चिंता में डूबी रहती थी कि तस्वीरों में मेरी गर्दन कैसी दिखेगी. कपड़ों की फिटिंग और समारोहों का आनंद लेना बंद कर दिया था क्योंकि मैं लगातार देखती रहती थी कि चकत्ता दिखाई तो नहीं दे रहा.”
ऐसी हालत में व्यक्ति का आत्मविश्वास गिर सकता है. दिल्ली की मनोवैज्ञानिक उपासना चड्ढा कहती हैं, “मुंहासे भी आत्मसम्मान पर चोट कर सकते हैं, लेकिन फंगल इन्फेक्शन, स्केबीज या एक्जिमा जैसी समस्याओं का सामाजिक असर ज्यादा गंभीर हो सकता है क्योंकि लोग इन्हें समझ नहीं पाते. पीड़ित व्यक्ति त्वचा के रंग-रूप और दूसरों की सोच को लेकर चिंतित रहने लगता है. वह शर्मिंदगी महसूस कर सकता है, तस्वीरें खिंचवाने से बच सकता है, कुछ कपड़े पहनना छोड़ सकता है या सामाजिक मेलजोल और अंतरंग संबंधों से दूर हो सकता है. समय के साथ इसका आत्मसम्मान पर गहरा असर पड़ सकता है.” जिन लोगों की बीमारी शरीर के बड़े हिस्से में फैली थी या चेहरे पर चकत्ते थे, उन पर सबसे ज्यादा असर पड़ा.

भारत के 325 त्वचा रोग केंद्रों में 2,776 वयस्कों पर हुए 2026 के एक अध्ययन के मुताबिक, फंगल बीमारी की औसत अवधि एक साल तक हो सकती है और इसका रोजमर्रा की जिंदगी पर गंभीर असर पड़ता है. इंडियन जर्नल ऑफ डर्मेटोलॉजी, वेनेरियोलॉजी ऐंड लेप्रोलॉजी में प्रकाशित 2023 के एक अध्ययन ने 1990 से 2017 तक के ग्लोबल बर्डन ऑफ डिजीज के आंकड़ों का विश्लेषण किया.
इसमें त्वचा और त्वचा के नीचे के ऊतकों की बीमारियों के कारण अक्षमता के साथ बिताए वर्षों में 53.7 फीसद की बढ़ोतरी दर्ज हुई. 2017 तक भारत में अक्षमता के साथ बिताए कुल वर्षों में इन बीमारियों की हिस्सेदारी 4.02 फीसद थी.
दवाओं का गलत इस्तेमाल
बहरहाल, खुजाने जितनी तुरंत राहत शायद ही किसी चीज से मिलती हो, लेकिन यह राहत उतनी ही जल्दी खत्म भी हो जाती है. इंडियन एसोसिएशन ऑफ डर्मेटोलॉजिस्ट्स, वेनेरियोलॉजिस्ट्स ऐंड लेप्रोलॉजिस्ट्स के उपाध्यक्ष डॉ. रजत खंडारी कहते हैं, “बार-बार खुजाने से त्वचा की सुरक्षा परत को नुक्सान पहुंच सकता है, सूजन बढ़ सकती है और फिर ज्यादा खुजली शुरू हो सकती है. इससे खुजली और खुजाने का दुष्चक्र बन जाता है.”
खुजली इतनी आम है कि राहत पाने के लिए बहुत-से लोग हफ्तों तक घरेलू नुस्खे, पुराने पर्चे या बिना डॉक्टरी सलाह मिलने वाली दवाएं आजमाते रहते हैं. स्टेरॉइड वाली क्रीम लंबे समय से लोकप्रिय हैं क्योंकि वे लालिमा, सूजन और खुजली को तेजी से दबाती हैं. मगर यह राहत गुमराह करने वाली हो सकती है.
नोएडा के कैलाश अस्पताल में सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. डी.के. शर्मा कहते हैं, “स्टेरॉइड से मरीज को राहत महसूस हो सकती है, लेकिन वह फंगस को नहीं मारता. गलत इस्तेमाल से यह त्वचा की स्थानीय रोग प्रतिरोधक क्षमता दबा सकता है, इन्फेक्शन को बने रहने देता है और उसका रूप बदल देता है. चकत्ता कुछ समय के लिए ठीक लग सकता है, लेकिन क्रीम बंद करते ही लौट आता है. कभी-कभी इससे बाद में सही पहचान करना भी मुश्किल हो जाता है.”
मेडिकल जर्नल माइकोसेस में 2022 में छपे एक अध्ययन में भारत के 13 त्वचा रोग केंद्रों पर 41,421 मरीजों की जांच की गई. इसमें पाया गया कि 17.31 फीसद मरीजों को फंगल इन्फेक्शन था और उनमें से 50.9 फीसद ने त्वचा पर लगाई जाने वाली कॉर्टिकोस्टेरॉइड क्रीम का गलत इस्तेमाल किया था.

इन क्रीमों का लंबे समय तक या गलत तरीके से इस्तेमाल त्वचा को ही नुक्सान पहुंचा सकता है. इंडियन जर्नल ऑफ फार्माकोलॉजी में प्रकाशित 2021 के एक भारतीय फार्माकोविजिलेंस अध्ययन ने स्टेरॉइड वाली क्रीम से जुड़े दुष्प्रभावों की 485 रिपोर्टों की जांच की. इसमें पाया गया कि करीब 88 फीसद क्रीम बिना डॉक्टर के पर्चे के खरीदी गई थीं और उनका सबसे ज्यादा इस्तेमाल फंगल इन्फेक्शन के लिए हुआ था.
दुष्प्रभाव वाले 50.1 फीसद मामलों में त्वचा पतली होने, 25.54 फीसद में स्ट्रेच मार्क और 19.79 फीसद में त्वचा का रंग उड़ने की शिकायत मिली. डॉ. शर्मा कहते हैं, “किसी चकत्ते में खुजली होने भर से स्टेरॉइड वाली कॉम्बिनेशन क्रीम नहीं लगानी चाहिए. सही इलाज इस बात पर निर्भर करता है कि वजह फंगस, एलर्जी, सूजन या कुछ और है. ऐंटीफंगल इलाज जरूरी हो तो खुजली थमते ही उसे बंद करने के बजाए डॉक्टर के बताए समय तक जारी रखना चाहिए.”

डर्मेटोलॉजिस्ट ऐसे फंगल इन्फेक्शनों को लेकर भी चिंतित हैं जिन पर दवा उम्मीद के मुताबिक असर नहीं करती या जो इलाज के बाद बार-बार शिकायत लेकर लौट आते हैं. माइकोसेस में 2020 में प्रकाशित आठ स्थानों के 402 मरीजों पर हुए भारतीय अध्ययन में जांचे गए डर्मेटोफाइट नमूनों में से 71 फीसद टर्बिनाफाइन के प्रति प्रतिरोधी मिले.
डर्मेटोफाइट वे फंगस हैं जो दाद, एथलीट फुट और जॉक इच जैसे आम त्वचा इन्फेक्शन पैदा करते हैं. टर्बिनाफाइन आम तौर पर इस्तेमाल होने वाली ऐंटीफंगल दवा है. डॉ. बांबरू कहती हैं, “बार-बार खुद दवा लेना, इलाज अधूरा छोड़ना और स्टेरॉइड-ऐंटीफंगल कॉम्बिनेशन का अंधाधुंध इस्तेमाल बीमारी संभालने को ज्यादा मुश्किल बना देता है. फंगल चकत्ता बार-बार लौट रहा हो तो केवल क्रीम की एक और ट्यूब नहीं, बल्कि सही जांच की जरूरत है.”
नए इलाज
मर्ज की पहचान और इलाज अब ज्यादा सटीक होते जा रहे हैं. केवल लक्षण दबाने के बजाए समस्या की असली वजह पर ध्यान दिया जा रहा है. दिल्ली के अपोलो अस्पताल में डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. डी.एम. महाजन कहते हैं, “त्वचा एक अंग है, यह केवल सुंदरता के लिए देखभाल की चीज नहीं. खुजली की कोई एक दवा नहीं हो सकती, क्योंकि इसकी कोई एक वजह नहीं होती.”
इसलिए रूखी या एक्जिमा वाली त्वचा की सुरक्षा परत सुधारने के लिए मॉइस्चराइजर की जरूरत पड़ सकती है. एलर्जी में उसकी खास वजह पहचानकर उससे बचना जरूरी हो सकता है. फंगल इन्फेक्शन के लिए सही ऐंटीफंगल इलाज चाहिए और बिना स्पष्ट वजह के लगातार खुजली हो तो त्वचा से आगे जाकर जांच की जरूरत पड़ सकती है.
बीमारी की पहचान त्वचा की जांच से शुरू होती है. डॉक्टर पूछते हैं कि खुजली कब और कहां शुरू हुई, किन चीजों से घटती या बढ़ती है, मरीज कौन-से उत्पाद या दवाएं इस्तेमाल करता है और कोई चकत्ता या दूसरा लक्षण दिखाई देता है या नहीं. वजह साफ न हो तो खान-पान, परागकण, धूल या पालतू जानवरों की रूसी से होने वाली एलर्जी जानने के लिए खून की जांच कराई जा सकती है.
डॉ. डैंग्स पैथ लैब्स के डॉ. अर्जुन डैंग कहते हैं, “अब जांच में किसी चकत्ते को केवल ‘एलर्जी’ कह देने के बजाए उसकी सटीक वजह पहचानने पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है.” पैच टेस्ट से सौंदर्य प्रसाधनों, परफ्यूम, हेयर डाइ, निकेल या प्रिजर्वेटिव में मौजूद प्रतिक्रिया पैदा करने वाले तत्व का पता लगाया जा सकता है. खास फोटोपैच टेस्ट बताते हैं कि प्रतिक्रिया केवल धूप में जाने के बाद होती है या नहीं. मल्टीडाइमेंशनल इच स्केल खुजली की गंभीरता, अवधि, बढ़त, अक्षमता और फैलाव को मापते हैं.
इससे लिवर, किडनी और त्वचा रोगों से जुड़ी पुरानी खुजली पर नजर रखने में मदद मिलती है. मुश्किल फंगल इन्फेक्शनों में लैब टेस्ट बता सकते हैं कि फंगस किसी खास ऐंटीफंगल दवा के प्रति प्रतिरोधी है या नहीं. कुछ केंद्र ऐंटीफंगल प्रतिरोध से जुड़े जीन बदलावों की जांच भी करते हैं, जिससे यह समझने में मदद मिलती है कि आम इलाज नाकाम क्यों हुआ.
मिसाल के तौर पर, अमेरिका में स्थित हॉर्वर्ड मेडिकल स्कूल के वैज्ञानिकों ने दिखाया है कि त्वचा पर मिलने वाला आम बैक्टीरिया स्टैफिलोकोकस ऑरियस तंत्रिका कोशिकाओं पर सीधे असर डालकर खुजली पैदा कर सकता है.








इलाज भी पारंपरिक ऐंटीहिस्टामिन से आगे बढ़कर बायोलॉजिक दवाओं, जेनस काइनेज यानी जेएके इनहिबिटर और तंत्रिका मार्ग रोकने वाली दवाओं तक पहुंच गया है. मसलन, एक्जिमा के इलाज में डुपिलुमैब और लेब्रिकिजुमैब जैसे ‘इंटरल्यूकिन (आइएल) एंटैगोनिस्ट’ इस्तेमाल होते हैं.
ये सूजन पैदा करने और संवेदनशील नसों को खुजली के प्रति अतिसंवेदनशील बनाने वाले खास इम्यून संकेतों को रोकते हैं. दूसरी ओर, नेमोलिजुमैब एक मोनोक्लोनल ऐंटीबॉडी है, जो खुजली के एहसास से करीबी तौर पर जुड़े रासायनिक संदेशवाहक आइएल-31 को निशाना बनाती है. एक और तरीका कोशिकाओं के भीतर सूजन और खुजली बनाए रखने वाले संकेतों को रोकता है.
एक्जिमा जैसी बीमारी में इनमें से कुछ संदेश जरूरत से ज्यादा सक्रिय हो जाते हैं, जिससे त्वचा लाल, सूजी और खुजलीदार हो जाती है. जेएके एंजाइम इन संदेशों को कोशिकाओं के भीतर आगे पहुंचाते हैं. यह इस प्रक्रिया को रोककर सूजन और खुजली शांत करते हैं.
कुछ दवाएं उन संकेतों को रोककर खुजली घटाती हैं जिन्हें दिमाग खुजली के रूप में समझता है. त्वचा में जलन या सूजन होने पर शरीर ‘सब्सटांस पी’ नाम का रासायनिक संदेशवाहक छोड़ता है. यह तंत्रिका तंत्र के जरिए संकेत पहुंचाता है और खुजली तथा सूजन बढ़ा सकता है. सेरलोपिटेंट और ट्रेडिपिटेंट जैसे न्यूरोकाइनिन-1 यानी एनके-1 इनहिबिटर उन रिसेप्टरों को रोकते हैं जिनसे सब्सटेंस पी जुड़ता है. इससे खुजली के संकेत बीच में ही रुक जाते हैं.
त्वचा पर लगाई जाने वाली क्रीम भी अब खुजली से राहत के लिए केवल स्टेरॉइड पर निर्भर नहीं. मसलन, रोफ्लुमिलास्ट और टैपिनारोफ त्वचा की सूजन घटाते हैं. रोफ्लुमिलास्ट सूजन बढ़ाने वाले पीडीई-4 एंजाइम को रोकता है, जबकि टैपिनारोफ त्वचा की कोशिकाओं में एक रिसेप्टर सक्रिय करता है, जो सूजन काबू करने और त्वचा की प्राकृतिक सुरक्षा परत मजबूत करने में मदद करता है.
डॉ. महाजन कहते हैं, “रोमांचक बात यह है कि अब हम हर गंभीर खुजली का इलाज एक ही तरह से नहीं कर रहे. नई दवाएं एक्जिमा जैसी बीमारियों को बढ़ाने वाली खास सूजन या इम्यून संकेतों को निशाना बना सकती हैं. कुछ नई बिना स्टेरॉइड वाली क्रीम कॉर्टिकोस्टेरॉइड के बिना त्वचा शांत कर सकती हैं. मगर ये इलाज तभी काम करते हैं जब बीमारी की पहचान सही हो. ये ऐसी क्रीम नहीं हैं जिन्हें किसी भी चकत्ते पर आजमाया जाए.”
सबक क्या है? पहले अपनी खुजली को अच्छी तरह से पहचानें. फिर उसे खुजाएं या सही दवा से शांत करें.

