scorecardresearch

महाठग

पिछले 15 वर्ष में, सुकेश चंद्रशेखर ने कथित तौर पर एक हजार लोगों से कम से कम 500 करोड़ रुपए की ठगी की है

सुकेश चंद्रशेखर, ठगविद्याधारी
सुकेश चंद्रशेखर, ठगविद्याधारी
अपडेटेड 3 जनवरी , 2023

अन्य सुर्खियों के सरताज

सुकेश चंद्रशेखर

ठगविद्याधारी

वह शायद स्वतंत्र भारत का सबसे कुख्यात ठग है. सुकेश चंद्रशेखर के बारे में माना जाता है कि उसने पिछले 15 वर्ष में लगभग एक हजार लोगों को बेवकूफ बनाकर कम से कम 500 करोड़ रुपए ठगे हैं. ऐसा आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली समेत छह राज्यों में दर्ज 30 से अधिक मामलों के आधार पर माना जा रहा है.

उसने सबसे बड़ा हाथ जून 2020 और मई 2021 के बीच मारा, जब दिल्ली की रोहिणी जेल के अंदर बैठकर, उसने जेल में बंद एक उद्योगपति की पत्नी से 200 करोड़ रुपए से अधिक ठग लिए. इसके लिए भी उसने वही पुराना आजमाया हुआ तरीका अपनाया- फोन पर खुद को किसी वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के रूप में पेश करना और किसी काम के बदले पैसे मांगना. इस मामले में उसने खुद को केंद्रीय कानून सचिव के रूप में पेश किया और महिला से वादा किया कि वह जेल में बंद उसके पति को जमानत दिलाएगा.  

मामले की जांच के दौरान पुलिस  को पता चला कि फिल्म अभिनेत्रियों को उपहार देना भी उसका एक जुनून है. प्रवर्तन निदेशालय की चार्जशीट के अनुसार, बेंगलुरु में जन्मे इस ठग ने फरवरी और अगस्त 2021 के बीच अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज और उनके परिवार के लिए उपहारों पर 7 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए. सुकेश का कहना है कि वह और जैकलीन एक दूसरे के प्यार में थे, लेकिन अभिनेत्री ने इस दावे का खंडन किया है.

उसी दौरान, उसने मोबाइल फोन के जरिए चार अन्य अभिनेत्रियों को लुभाने का असफल प्रयास किया. उसके मामलों की तहकीकात कर रहे पुलिस अधिकारियों की मानें, तो उसमें दो और ऐसे हुनर हैं जिनसे वह लोगों को आसानी से झांसे में ले लेता है: बोलचाल की शैली और अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, कन्नड़, तेलुगु और मलयालम सहित कई भाषाओं पर अधिकार.

बहका लेने के कौशल और धन बल की बदौलत वह रोहिणी जेल में एक राजा की तरह रहता था. उसे एक पूरा बैरक आवंटित किया गया था और कभी-कभार आने वाले उसके मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए बीएमडब्ल्यू की व्यवस्था थी. उसके पास स्मार्टफोन, टेलीविजन और एयर-कंडिशनर जैसी सुविधाएं थीं, उसके कपड़े और बर्तन अन्य कैदी धोते थे. दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में कहा गया है कि इन सुविधाओं के लिए हर पखवाड़े वह करीब 60-75 लाख रुपए खर्च कर दिया करता था. अगर सुकेश की मानें तो उसने सिर्फ  जेल अफसरों को ही रिश्वत नहीं दी. दिल्ली के उपराज्यपाल को लिखे पत्रों में इस ठग ने कहा है कि उसने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके कैबिनेट सहयोगी सत्येंद्र जैन को भी रिश्वत खिलाई है. हालांकि, दोनों ने इन आरोपों से इनकार किया है. 

सुकेश खुद को निर्दोष ठहराने के सारे पैंतरे अपना रहा है, लेकिन उसे अभी एक लंबी सुनवाई से गुजरना होगा. आश्चर्य नहीं कि आज तक उसे एक भी मामले में दोषी नहीं ठहराया गया है.

2022 में हुई जांच के दौरान देश के सबसे बदनाम ठग का नाम सामने आया.

Advertisement
Advertisement