
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में अप्रैल महीने के बाद से लखनऊ में विधान भवन के सामने मौजूद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ था. सन्नाटा तब टूटा जब पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष 31 मई की सुबह 10 बजे मुख्यालय पहुंचे. दिन भर पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद अगले दिन 1 जून को संतोष ने प्रदेश भाजपा कार्यालय के पहले तल पर मौजूद गेस्ट रूम संख्या एक में डेरा डाल दिया.
यहां उन्होंने एक-एक कर प्रदेश सरकार के मंत्रियों से बंद कमरे में मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संगठन व सरकार के कामकाज के बारे जानकारी ली. उन्होंने योगी आदित्यनाथ की सरकार में दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव मौर्य और दिनेश शर्मा के साथ कुल 14 मंत्रियों से बात कर सरकार की कार्यप्रणाली पर राय ली.
संतोष ने जिन मंत्रियों से अकेले में बातचीत की उनमें से ज्यादातर वे थे जिन्होंने पिछले चार वर्षों के दौरान समय-समय पर प्रदेश सरकार के कामकाज पर असंतोष जाहिर किया था. उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय के कामकाज के प्रति भाजपा के केंद्रीय पदाधिकारियों से नाराजगी जाहिर कर चुके हैं.
प्रदेश में पिछले कई वर्षों से मौर्य और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच अच्छे संबंध न होने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं. हालांकि मौर्य अटकलों को सिरे से खारिज कर कहते हैं, ‘‘अगले विधानसभा चुनाव में भी भाजपा एक बार फिर 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी.’’
2017 में प्रदेश भाजपा की सरकार बनने के बाद से योगी सरकार के कैबिनेट मंत्रियों सिद्धार्थनाथ सिंह और श्रीकांत शर्मा को प्रदेश सरकार का प्रवक्ता बनाया गया था. पिछले कई मौकों पर भ्रष्टाचार में लिप्त और सुस्त अधिकारियों के कामकाज पर श्रीकांत शर्मा की नाराजगी जाहिर होती रही है. यही वजह है कि श्रीकांत शर्मा ने प्रदेश सरकार के प्रवक्ता के रूप में काम करने से खुद को अलग कर रखा है.
2017 में गोरखपुर में एन्सेफ्लाइटिस की रोकथाम करने में स्वास्थ्य विभाग के तत्कालीन कैबिनेट मंत्री के रूप में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सिद्धार्थनाथ सिंह को अक्तूबर, 2019 में स्वास्थ्य विभाग से हटाकर अपेक्षाकृत महत्वहीन एमएसएमई (मध्यम, लघु एवं सूक्ष्म उद्योग) विभाग का कैबनेट मंत्री बनाया था. इस परिवर्तन से सिद्धार्थनाथ सिंह खुश नहीं थे. परिवहन मंत्री अशोक कटारिया भी महकमे में अफसरों की मनमर्जी और सरकार में सुनवाई नहीं होने की शिकायत प्रदेश भाजपा के नेताओं से करते रहे हैं.
श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य भी प्रदेश सरकार में मनमुताबिक विभाग न मिलने और अधिकारियों की ओर से कार्यकर्ताओं की समस्याओं को तवज्जो न देने के खिलाफ अपनी नाराजगी वरिष्ठ नेताओं से जाहिर कर चुके हैं. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह कहते हैं, ''मंत्रियों और नेताओं में कुछ मतभेद हो सकते हैं लेकिन विवाद जैसी स्थिति नहीं है. सभी मंत्री व नेता 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 2017 के चुनाव से भी बड़ी जीत दिलाने का संकल्प ले चुके हैं.’’ (देखें इंटरव्यू)
तीन दिन पार्टी पदाधिकारियों और सरकार के मंत्रियों से फीडबैक लेने के बाद संतोष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिले. मुख्यमंत्री से मिलने के बाद उन्होंने 1 जून की रात ट्वीट करके कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान योगी सरकार के कामकाज की प्रशंसा की. लखनऊ के तीन दिवसीय दौरे की समाप्ति पर 2 जून को संतोष ने दोबारा ट्वीट करके कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए योगी सरकार के टीकाकरण अभियान की सराहना की और बच्चों की बेहतर देखभाल होने की उम्मीद जताई.
इस तरह भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने संकेत दिया कि शीर्ष नेतृत्व का योगी आदित्यनाथ में विश्वास बरकरार है. संतोष ने भाजपा के प्रदेश नेताओं और प्रदेश के मंत्रियों के बीच नियमित समन्व्य बैठकें करने का निर्देश भी दिया है.
कानपुर में क्राइस्ट चर्च कॉलेज में राजनीतिशास्त्र विभाग के प्रोफेसर और भाजपा की राजनीति पर करीबी से नजर रखने वाले आशुतोष सिन्हा बताते हैं, ‘‘कोरोना की दूसरी लहर के दौरान प्रदेश में कई चुनौतियां एक साथ भाजपा के सामने आ गई हैं. पंचायत चुनाव में अनुकूल नतीजे नहीं आने के बाद गांव कोरोना संक्रमण से भी पीड़ित हुए.
प्रदेश में कोरोना से हुए नुक्सान के 'डैमेज कंट्रोलÓ की चुनौती ने भाजपा को प्रदेश में संगठन या सरकार में कोई बड़ा परिवर्तन करने से रोक दिया है. प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव की घोषणा होने में सात महीने का समय रह गया है. ऐसे में भाजपा के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती प्रदेश संगठन की कमियां दूर कर कार्यकर्ताओं को एकजुट करना है.’’
संतोष ने 5 जून को अपनी रिपेार्ट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा को सौंप दी. पता चला है कि संतोष प्रदेश की जातियों खासकर ओबीसी, दलित और ब्राह्मïण में पकड़ मजबूत करने के लिए संपर्क कार्यक्रम शुरू करने, पार्टी में रिक्त पड़े पदों को भरने, कार्यकताओं और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय करने, 15 जुलाई से पहले होने वाले जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव को बेहद मजबूती के साथ लड़ने जैसे सुझावों से जुड़ी रिपोर्ट नड्डा को सौंपी है.

वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में 39 प्रतिशत से अधिक वोट पाकर 312 सीटें जीतने वाली भाजपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस प्रदर्शन को 2022 के विधानसभा चुनाव में दोहराने की है. अगले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा प्रदेश के 75 जिलों होने वाले जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव के जरिए शक्ति दिखाने की तैयारी में है. यह चुनाव 15 जुलाई से पहले प्रस्तावित हैं.
नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य अपने जिले के जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव करेंगे. चुनाव से पहले पार्टी में मतभेद और गुटबाजी से बचने के लिए भाजपा अपने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों का नाम आपसी सहमति से तय करेगी. प्रदेश भाजपा के पंचायत चुनाव प्रभारी विजय बहादुर पाठक बताते हैं, ‘‘हर जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष के दो से तीन संभावित दावेदारों का एक पैनल तैयार होगा. दावेदारों के पास उपलब्ध सदस्यों के समर्थन का आकलन करने के बाद ही जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उम्मीदवार का नाम फाइनल किया जाएगा.’’
जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव में भाजपा पिछड़ी जाति को तवज्जो देगी. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह जिलों का दौरा कर जिला पंचायत अध्यक्ष के जिताऊ उम्मीदवार खोज रहे हैं. 6 जून को बरेली में प्रदेश अध्यक्ष ने पिछड़ी जाति के कई संभावित उम्मीदवारों के बारे में स्थानीय सांसद और केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार से फीडबैक लिया.
प्रदेश भाजपा में अनुषांगिक संगठनों का नए सिरे से गठन न होने से भी कार्यकर्ताओं में असंतोष है. प्रदेश भाजपा संगठन में पिछड़ा मोर्चा, अनुसूचित जाति-जनजाति मोर्चा, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा समेत कुल सात मोर्चा हैं. सभी मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति के साथ जिला पर भी कार्यसमिति है. इसके अलावा भाजपा के 45 प्रकोष्ठ हैं जिनमें प्रदेश और जिला स्तर पर समन्वयक की तैनाती होती है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने 22 अगस्त, 2020 को नई प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा की थी. पिछले नौ महीने से मोर्चा और प्रकोष्ठ का गठन लंबित है. इससे प्रदेश भाजपा नेताओं में आपसी तालमेल की कमी का संकेत मिलता है. मोर्चा और प्रकोष्ठ के गठन में देरी का मुद्दा बी. एल. संतोष की बैठक में भी उठा था.
प्रदेश अल्संख्यक आयोग, अनुसूचित जाति आयोग और अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष का पद लंबे समय से खाली है. कई निगमों और बोर्डों में भी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का पद खाली हैं. इससे कार्यकर्ताओं में दुविधा है. राष्ट्रीय संगठन महामंत्री से हरी झंडी मिलने के बाद भाजपा संगठन सभी राजनीतिक नियुक्तियां जून के अंत तक पूरा करने में जुट गया है. फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा दौरा कर चुनावी तैयारियों का बिगुल बजाएंगे. ठ्ठ

