scorecardresearch
डार्क मोड

सुर्खियों के सरताजः सही मंच और मौके पर एक स्त्री

उनकी परवरिश, सांस्कृतिक पृष्ठभूमि और शिक्षा, इन सबने मिलकर उन्हें एक के बाद एक बेड़ियां तोडऩे और उपलब्धियां अपने नाम करने में सक्षम बनाया

शक्ति का स्वर कमला हैरिस नवंबर में डेलावेयर के विल्मिंगटन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संवोधित करते हुए
शक्ति का स्वर कमला हैरिस नवंबर में डेलावेयर के विल्मिंगटन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संवोधित करते हुए
अपडेटेड 30 जनवरी , 2021

रोशनी मजूमदार

कमला हैरिस की सियासी यात्रा महान अमेरिकी सपने के समान है—जहां कोई भी शिखर पर पहुंच सकता है. कैलिफोर्निया के ऑकलैंड में 1964 में जन्मीं और एक भारतीय मां तथा जमैका मूल के पिता की संतान हैरिस की परवरिश सियासी रूप से सक्रिय परिवार में हुई. उन्होंने वाशिंगटन डीसी में ऐतिहासिक रूप से अश्वेत कॉलेज के रूप में चर्चित होवर्ड यूनिवर्सिटी में राजनीति विज्ञान और अर्थशास्त्र का अध्ययन किया, 1989 में हेस्टिंग्स कॉलेज से कानून की डिग्री प्राप्त की और 1990 में बार पास किया.

उन्होंने अल्मेडा काउंटी अभियोजक के कार्यालय में सहायक डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी के रूप में काम शुरू किया. 2004-11 तक वे सैन फ्रांसिस्को की डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी रहीं. उसके बाद, उन्होंने बतौर पेशेवर मील के कई पत्थर गाड़े: 2011-17 तक वे कैलिफोर्निया का अटॉर्नी जनरल रहीं और इस पद पर पहुंचने वाली राज्य की पहली महिला और देश की पहली दक्षिण एशियाई अटॉर्नी जनरल बनीं. 2016 में वे अमेरिकी सेनेट के लिए चुनी जाने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी बनीं.

अभी सर्वश्रेष्ठ आना बाकी था. 7 नवंबर को, वे अमेरिका की पहली महिला उप-राष्ट्रपति चुनी गईं और वे इस पद पर पहुंचने वाली पहली अश्वेत महिला भी हैं. अपने धन्यवाद भाषण में उन्होंने अपनी दिवंगत मां श्यामला गोपालन हैरिस को याद किया, जो मात्र 19 वर्ष की उम्र में अमेरिका आ गई थीं और नागरिक अधिकारों के आंदोलन के दौरान उनकी मुलाकात अपने भावी पति से हुई थी.

अपने पारिवारिक इतिहास की वजह से हैरिस को न्यायिक प्रणाली की कमियों के बारे में गहरी जानकारी थी. उन्होंने भाषण में कहा है कि वे एक अभियोजक के रूप में अपना करियर इसलिए बनाना चाहती थीं क्योंकि वे व्यवस्था में बदलाव की शुरुआत भीतर से शुरू करना चाहती थीं. हैरिस ने भारतीयों और विशेष रूप से दक्षिण भारतीयों को तब बहुत उल्लसित और मंत्रमुग्ध कर दिया जब उन्होंने अपने परिवार के बारे में बात करते हुए 'चिटिस' (चाची के लिए तमिल शब्द) शब्द का इस्तेमाल किया था.

हैरिस की छवि अपराध पर सख्त और न्याय प्रणाली में बदलाव लाने को समर्पित प्रशासक की रही है; वैसे कई मौकों पर यथास्थिति के पक्ष में रहने के लिए उनकी आलोचना भी हुई है.

ADVERTISEMENT
Advertisement