scorecardresearch
डार्क मोड

अन्य सुर्खियों के सरताजः दलित स्त्री, नाराज किसान

हाथरस का दिल दहला देने वाला बलात्कार का मामला साल का शायद सबसे काला धब्बा था जो इस बात का गवाह था कि देश में दलितों के खिलाफ किस तरह अत्याचार का सिलसिला अब भी जारी है

 न्याय की गुहार हाथरस में पीड़िता के गांव में उसके परिजन और अन्य
न्याय की गुहार हाथरस में पीड़िता के गांव में उसके परिजन और अन्य
अपडेटेड 30 जनवरी , 2021

उत्तर प्रदेश में हाथरस जिले के एक खेत में 14 सितंबर को 19 वर्ष की एक दलित लड़की के साथ कथित रूप से बलात्कार किया गया और उसे भारी यातना दी गई. दो हफ्ते के बाद दिल्ली के एक अस्पताल में उसने आखिरकार दम तोड़ दिया. उसकी हड्डियां जगह-जगह से टूटी थी, रीढ़ की हड्डी भी टूट गई थी और शरीर पर ढेरों घाव थे. उत्तर प्रदेश पुलिस ने उस लड़की का कथित रूप से उसके घर वालों की इच्छा के विरुद्ध उसी रात दाह संस्कार कर दिया जिस रात उसका शव उसके गांव लाया गया था.

देश में दलितों के खिलाफ यौन हिंसा की एक और मिसाल बनी इस घटना ने अपनी दरिंदगी के कारण न केवल देश को झकझोर दिया, बल्कि उसके बाद होने वाली प्रशासनिक लापरवाही और उदासीनता को भी उजागर किया. इस मामले पर परदा डालने के लिए जिस तरह इज्जत की खातिर हत्या और सवर्णों के खिलाफ षड्यंत्र जैसी तरह-तरह की कहानियां गढ़ी गईं, उससे एक बार फिर हमारे समाज की जातिगत विद्रूपताएं सामने आ गईं.

दलित महिलाओं के खिलाफ यौन अपराध—जिसमें दरिंदगी की हद तक हिंसा भी शामिल है—पूरे देश में बेरोकटोक जारी है. 2019 की राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट दिखाती है कि उस साल बलात्कार के 32,033 मामले दर्ज हुए जिसमें से 11 प्रतिशत अकेले दलितों के खिलाफ थे. दूसरे शब्दों में कहें तो 2019 में भारत में हर रोज 10 दलित महिलाओं के साथ बलात्कार किया गया. एनसीआरबी का डेटा दिखाता है कि 2009 से 2019 के बीच दर्ज हुए बलात्कार के मामलों में 5 प्रतिशत की कमी आई है. लेकिन दलित महिलाओं के साथ बलात्कार के मामलों में लगभग 160 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है जिनकी संख्या 1,346 से बढ़कर 3,486 हो गई.

समाजशास्त्रियों का मानना है कि दलितों के खिलाफ यौन अपराध के बर्बरतापूर्ण कृत्य दरअसल बदले का हथियार हैं क्योंकि दलितों की बढ़ती आर्थिक, राजनैतिकऔर शैक्षिक हैसियत बहुतों को बर्दाश्त नहीं हो पाती. बेंगलूरू के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ ऐंड न्यूरो साइंसेज (निमहांस) में क्लिनिकल साइकोलॉजी की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. वीणा ए. सत्यनारायण कहती हैं, ''बर्बरतापूर्ण अपराध के पीछे कई कारक काम करते हैं. पिछली दुश्मनी का बदला लेने के लिए बलात्कार को एक औजार के रूप में देखने पर दरिंदगी बढ़ जाती है.'' इस तरह की हिंसा पर लगाम के लिए दलितों को हर तरह की व्यवस्थागत सहायता उपलब्ध कराने की जरूरत है. साथ ही समाज को इस बात के लिए संवेदनशील बनाने की भी जरूरत है कि वह जातिगत और लैंगिक पूर्वग्रह से ऊपर उठ सके. वैसे यह सब कहना जितना आसान है अमल में लाना उतना ही कठिन है.

यह अजब विरोधाभास ही रहा कि जिन तीन नए केंद्रीय कृषि कानूनों को भारतीय कृषि का चेहरा बदलने के लिहाज से टर्निंग पॉइंट की तरह पेश किया जा रहा था, उन्हीं ने किसानों की त्योरियां चढ़ा दीं. पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करीब 40,000 किसानों ने नवंबर के अंत में राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच कर दिया और कई सरहदों पर यात्री और मालों की ढुलाई बंद कर दी.

चालीस किसान संगठनों के नेतृत्व वाला यह प्रदर्शन बीते कई दशकों में सबसे बड़ा आंदोलन है. इसकी मांग है कि 21 सितंबर को संसद में पारित इन कानूनों को वापस लिया जाए. पर केंद्र का कहना है कि इन कानूनों से कृषि उत्पादों के लिए एपीएमसी (एग्रीकल्चरल प्रोड्यूस मार्केटिंग कमिटीज) से परे भी बाजार तैयार होगा और निजी पूंजी आकर्षित होगी. उसके मुताबिक, इससे कृषि में नई क्रांति शुरू होगी, जिसमें अभी देश का आधा कार्यबल लगा है पर जो जीडीपी में महज 17 फीसद का योगदान करता है. अधिकारियों का तर्क है कि यह कानून प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी करने के वादे को पूरा करने की दिशा में अहम है. प्रदर्शनकारियों की निगाह में, ये कानून एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) पर पैदावार की तय खरीद को खत्म करने दिशा में पहले कदम हैं.

यह विरोध-प्रदर्शन 22 सितंबर को पंजाब में शुरू हुआ और शुरुआत में यह एमएसपी संबंधी मांग से जुड़ा था लेकिन इसका दायरा बढ़ता गया. दिल्ली में प्रदर्शन की चिंगारी अफवाहों के जरिए जोर पकड़ती गई, जिनमें दो कॉर्पोरेट दिग्गजों के खेती में अपना साम्राज्य फैलाने की कथित महत्वाकांक्षा से लेकर प्रदर्शनों के पीछे पाकिस्तानी/ खालिस्तानी/ माओवादी लोगों का हाथ होने तक की अफवाहें शामिल थीं.

लॉकडाउन के दौरान भी किसान खबरों में रहे थे. अप्रैल-मई में 29.2 करोड़ टन रबी फसलों की उपज अब तक की सबसे ज्यादा पैदावार रही, और यह लक्ष्य प्रवासी मजदूरों के पलायन के बावजूद हासिल किया गया. इसकी बदौलत कृषि क्षेत्र ने दो लगातार तिमाहियों में नकारात्मक वृद्धि के बावजूद 3.4 फीसद की वृद्धि दर्ज की. फलों, सब्जियों और दूसरे खराब हो जाने वाले उत्पादों की मांग लॉजिस्टिक संकट की वजह से कम रही, लेकिन एमएसपी की सुरक्षा पाए गेहूं और चावल, दालों, तिलहन और दूध ने बेहतर प्रदर्शन किया. इसने एमएसपी आधारित खरीद को और भी अधिक संवेदनशील मुद्दा बना दिया.

ADVERTISEMENT
Advertisement