एस. जयशंकर
विदेश मंत्री
क्योंकि पूर्व विदेश सचिव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेश नीति के अपने विजन को अमली जामा पहनाने के लिए खुद चुना
क्योंकि तीसरी पीढ़ी के अफसरशाह से सियासी लीडर बने और भारत के सबसे अव्वल रणनीतिक विश्लेषक के. सुब्रह्मण्यम के बेटे अपने पिता के व्यावहारिक राजनीति के विजन को जमीन पर उतार रहे हैं
क्योंकि वाशिंगटन और बीजिंग दोनों में भारत के पूर्व राजदूत होने के नाते उन्हें अब भी भारत की विदेश नीति को दो सबसे अहम चुनौतियों के बीच से निकालने के लिए सर्वाधिक काबिल शख्स के तौर पर देखा जाता है
काम के परे: विदेश मंत्री स्वस्थ रहने के लिए 40 साल से अधिक अरसे से स्क्वैश खेल रहे हैं. बहुत पढ़ाकू हैं, मंदारिन बोलते हैं और जापानी कला के प्रशंसक हैं
निर्मला सीतारमण
61 वर्ष वित्त मंत्री
खजाने की मलिका
क्योंकि निराशाजनक अर्थव्यवस्था, बढ़ती महामारी और सरहद पर तनाव के बीच देश को आर्थिक संकट से उबारने का सबसे चुनौती भरा काम उन्हीं के पास है. तीखी आलोचनाओं की जद में होने के बावजूद उन्हें प्रधानमंत्री का विश्वास लगातार हासिल है
क्योंकि प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के विजन को जमीन पर उतारने की बेहद अहम भूमिका वे निभा रही हैं और वैश्विक निवेशकों को चीन से हटाकर भारत की तरफ रिझाने और स्थानीय कारोबारों को फलने-फूलने में मदद करने के दो, कभी-कभी एक दूसरे से टकरान वाले, लक्ष्यों को हासिल करने के लिए नीतियां और बुनियादी ढांचा मुहैया कर रही हैं
क्योंकि जब विपक्ष का खासकर संसद में मुकाबला करने की बात आती है, वे सरकार की सबसे जोरदार आवाजों में से एक बनकर उभरी हैं. वे वित्तीय व्यवहारवाद से समझौता नहीं करतीं और जनदबाव के आगे झुकने से इनकार करती हैं,.
जैसा कि लॉकडाउन के बाद एमएसएमई और प्रवासियों के लिए राहत पैकेज में देखा गया—सरकार ने एमएसएमई के श्रमिकों को तनख्वाह देने की मांग मानने से इनकार कर दिया. वह 20 लाख करोड़ रुपए का पैकेज लेकर आई
पकाने का शौक: सुकून के लिए सीतारमण अपने परिवार के लिए खाना बनाना पसंद करती हैं. उन्हें दक्षिण भारतीय शाकाहारी भोजन पसंद है
योगी आदित्यनाथ
48 वर्ष मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश
सख्त योगी
क्योंकि विपक्षी दलों और सिविल सोसाइटी के निशाने पर होने के बावजूद उन्होंने अपराधियों से निबटने के लिए पुलिस को खुला हाथ देने से लेकर उद्योगों के अनुकूल श्रम कानून लागू करने तक राजकाज का अपना विजन जमीन पर उतारा है
क्योंकि औद्योगिक संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआइआइटी) की राज्य व्यवसाय सुधार कार्य योजना (बीआरएपी) की रैंकिंग में उत्तर प्रदेश 10 पायदान ऊपर चढ़कर नंबर दो पर आ गया है
क्योंकि वे देश में भाजपा के हिंदुत्व का चेहरा बनकर उभरे हैं जिन्हें अक्सर दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार के लिए बुलाया जाता है
क्योंकि उन्होंने भ्रष्टाचार बर्दाश्त न कर सकने वाले के रूप में छवि बनाई है. मार्च 2017 से 800 से ज्यादा भ्रष्ट अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की गई; 200 से ज्यादा बर्खास्त कर दिए गए
उतने डिजिटल नहीं: मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते, काम के लिए अब आइपैड का इस्तेमाल करने लगे हैं.

