scorecardresearch
डार्क मोड

जूनियर पार्टनर से गठजोड़ के फार्मूले के साथ मोदी मैजिक से मुकाबले को तैयार कांग्रेस

दक्षिण भारत के क्षेत्रीय दलों को आखिर ऐसी कौन-सी चिंता या जरूरत है कि राष्ट्रीय और स्थानीय स्तर पर मोदी विरोध के नाम पर अपने राज्य के बाकी दलों से निपटने की जगह उन्हें साथ लेकर चलने की बात होने लगी है.

साथ-साथ? मोदी के खिलाफ मोर्चेबंदी की चर्चा के बाद चंद्रशेखर राव और ममता बनर्जी
साथ-साथ? मोदी के खिलाफ मोर्चेबंदी की चर्चा के बाद चंद्रशेखर राव और ममता बनर्जी

कर्नाटक में वोटों की गिनती के रुझान से जब यह स्पष्ट होने लगा कि कांग्रेस और जनता दल (सेकुलर) के संयुक्त वोट शेयर भाजपा से कहीं अधिक हैं तो शायद सबसे पहले तृणमूल कांग्रेस की नेता, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, ''कांग्रेस और जद (एस) चुनावपूर्व गठबंधन कर लेते तो नतीजा दूसरा होता.''

शाम होते-होते तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के नेता, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव और तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के नेता, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने जद (एस) के मुख्या, पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी.देवेगौड़ा और कांग्रेस नेता, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को फोन कर बधाई दी कि दोनों ने मिल कर सरकार बनाने का दावा पेश किया है (हलांकि उनकी सरकार नहीं बन सकी).

बाद में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी ने भी बात की. ट्वीट, फोन कॉल और बातचीत का कुल निचोड़ यही है कि 2019 में मोदी के विजय रथ को रोकना है तो दक्षिणी राज्यों में भी भाजपा विरोधी सभी दलों को चुनावपूर्व गठजोड़ करना होगा.

पूर्वी भारत के एक हिस्से (पश्चिम बंगाल) में सत्ता पर काबिज ममता बनर्जी और दक्षिण भारत के दो पड़ोसी राज्यों तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री अगर कर्नाटक चुनाव नतीजों (जहां उनका कुछ लेनादेना नहीं है) को लेकर कांग्रेस और जद (एस) से संपर्क साध रहे हैं तो यह अनायास नहीं है.

इन दलों को अंदेशा 'मोदी मैजिक' को लेकर है. यह स्थिति तब है जबकि 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद जिन 21 राज्यों में विधानसभा के चुनाव हुए हैं, उनमें से 15 में भाजपा का वोट शेयर घटा है. सिर्फ पूर्वात्तर के कुछ राज्यों में ही भाजपा का वोट शेयर बढ़ा है.

तेदेपा के एक नेता कहते हैं, ''यह सच है कि मोदी का जादू ज्यादातर राज्यों में घटा है लेकिन सचाई यह भी है कि बावजूद इसके भाजपा एक के बाद एक राज्यों में सरकार बनाने में सफल रही, अकेले दम पर या सहयोगियों के साथ.''

तो, क्या कद्दावर क्षत्रपों या मुख्यमंत्रियों को लगने लगा है कि 2019 में 'मोदी मैजिक' उनके राज्य में भी जादू दिखा सकता है? दक्षिण भारतीय राजनीति के टिप्पणीकार एन. अशोकन कहते हैं, ''कर्नाटक चुनाव के बाद चंद्रबाबू नायडू, चंद्रशेखर राव या तमिलनाडु में करुणानिधि, सभी सोच रहे हैं कि भाजपा को कैसे रोका जाए तो इसका साफ मतलब है कि उन्हें अंदेशा है कि भाजपा उन राज्यों में भी बेहतर कर सकती है जहां उसकी नाममात्र की उपस्थिति है.''

चिंता की वजह

दक्षिण भारत के क्षेत्रीय दलों को आखिर ऐसी कौन-सी चिंता या जरूरत है कि राष्ट्रीय और स्थानीय स्तर पर मोदी विरोध के नाम पर अपने राज्य के बाकी दलों से निपटने की जगह उन्हें साथ लेकर चलने की बात होने लगी है.

आखिर तमिलनाडु, केरल और पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा चुनाव होने हैं और तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ होंगे.

एन.अशोकन कहते हैं, ''आंध्र प्रदेश में वाइएस कांग्रेस के जगनमोहन रेड्डी, तमिलनाडु में रजनीकांत, केरल में भारत धर्म जन सेना (बीडीजेएस) जैसे राजनैतिक दलों, संगठनों और प्रमुख हस्तियों के जरिए भाजपा घुसपैठ कर चुकी है.''

इसी तरह पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भाजपा धीरे-धीरे प्रमुख विरोधी दल की भूमिका में खुद को स्थापित करने लगी है. ऐसे में आशंका है कि कोई साधारण-सी चिंगारी या मुद्दा भी सत्ताधारी दलों का खेल बिगाड़ सकता है.

इस साल मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होने हैं. इन राज्यों में भाजपा का मुकाबला सीधे कांग्रेस से है और पंजाब को अपवाद मान लें तो यह बात साफ हो जाती है कि सीधे मुकाबले में भाजपा, कांग्रेस पर भारी है. कर्नाटक चुनाव में बाद राहुल गांधी अपनी छवि ऐसी नहीं बना पाए, जो मोदी के मुकाबले खड़े हो सकें.

फिर क्या है उपाय

तो, क्या मोदी को 2019 में रोकना नामुमकिन न सही, मुश्किल जरूर है? तेदेपा सांसद वाइएस चौधरी कहते हैं कि ऐसा नहीं है, कम से कम आंध्र प्रदेश में तो मोदी का जादू नहीं चल पाएगा. वे बिहार का उदाहरण देकर कहते हैं, ''बिहार में 2015 में चुनाव हुए थे. उस वक्त मोदी की प्रचंड लहर थी.

फिर भी जद (यू) और राजद ने चुनावपूर्व गठबंधन कर लिया तो वहां भाजपा को भारी हार का सामना करना पड़ा.'' वह बताते हैं कि कर्नाटक चुनाव नतीजों से भी जाहिर है कि वहां चुनावपूर्व गठबंधन से भाजपा को रोका जा सकता था.

मतलब मोदी से मुकाबला करने के लिए सभी राज्यों में भाजपा विरोधी दलों को चुनाव से पहले एक मंच पर आने की जरूरत है. सिर्फ यह मान लेने से काम नहीं चलेगा कि 2019 में दक्षिण भारत सहित कई अन्य राज्यों में मोदी की लहर सिर्फ इसलिए नहीं चलेगी क्योंकि वहां कद्दावर मुख्यमंत्री या क्षत्रप मजबूती से डटे हैं और भाजपा का कोई खास आधार नहीं है.

त्रिपुरा में कमोवेश यही तो हुआ. यहां भाजपा 2014 के लोकसभा चुनाव में सिर्फ 5.77 फीसदी वोट हासिल कर पाई थी. 2018 के विधानसभा चुनाव में सभी यही मानकर चल रहे थे कि वाममोर्चे के माणिक सरकार से भाजपा मुकाबला नहीं कर सकेगी.

लेकिन वामपंथी दलों से सिर्फ 1.67 ज्यादा वोट लेकर भाजपा ने वहां अपनी सरकार बना ली. मोदी विरोधी दल पहले यह कोशिश कर वामपंथी, कांग्रेस और आइपीएफटी के बीच चुनावपूर्व गठबंधन करवाने में सफल होते तो उस गठबंधन को भाजपा के 43.59 फीसदी वोटों के मुकाबले 8.05 फीसदी अधिक वोट मिलते और त्रिपुरा भाजपा के खाते में नहीं जाता.

पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में लोकसभा की कुल 212 सीट है. इनमें  2014 में भाजपा सिर्फ 30 सीट ही जीत सकी थी. वह भी तब जब उसने महाराष्ट्र में शिवसेना और आंध्र प्रदेश में तेदेपा और तमिलनाडु में आधा दर्जन छोटे-छोटे दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था.

इसी आंकड़े के बूते भाजपा विरोधी दल अभी तक यह मानकर चल रहे थे कि 2019 में मोदी की राह मुश्किल है.

लेकिन कर्नाटक चुनाव के बाद भाजपा और खासकर मोदी विरोधी दल इस बात को लेकर आश्वस्त नहीं हैं कि इन राज्यों में भाजपा अपना प्रदर्शन सुधार नहीं सकती है. भाजपा अध्यक्ष अमित शाह तो लगातार यह दावा कर रहे हैं कि 2019 में वह तटीय राज्यों और कोरोमंडल (ओडिशा-आंध्र के कुछ इलाकों) में अच्छी सफलता हासिल करेंगे और उनका टारगेट है 2019 में भाजपा का वोट शेयर 50 फीसदी तक ले जाना है. शायद इसके मद्देनजर कर्नाटक चुनाव नतीजों के बाद विरोधी दलों को चुनावपूर्व गठबंधन के लिए सोचने पर मजबूर कर दिया है.

उत्तर प्रदेश में 2014 के लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस और बसपा अलग-अलग लड़ी और भाजपा ने 71 सीटें अपने दम पर जीत ली. इससे सबक लेते हुए 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और सपा साथ मिल कर लड़ी लेकिन बसपा दूर रही.

नतीजा यह कि लोकसभा चुनाव 2014 के मुकाबले 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के वोट शेयर में 2.96 फीसदी की कमी के बावजूद पार्टी ने 312 सीटें जीत ली. विधानसभा चुनाव से पहले अगर सपा-बसपा और कांग्रेस गठबंधन या तालमेल हो जाता तो साझा वोट 50.3 फीसदी होता, जो भाजपा से 10.63 फीसदी अधिक है.

क्या है सियासी खाका

मोदी के खिलाफ एकजुट विपक्ष की पहल करने वाले तेलंगाना के मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव और आंध्र प्रदेश के चंद्रबाबू नायडु जो खाका बना रहे हैं, उसमें कांग्रेस को अधिकतर राज्यों में जूनियर पार्टी की भूमिका में रखने की बात है.

फॉर्मूला यह है कि तमिलनाडु, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वोत्तर के राज्यों में स्थानीय दल मुख्य भूमिका में और कांग्रेस जूनियर पार्टनर के तौर पर रहे, जहां लोकसभा की 298 सीटें हैं.

लेकिन सवाल है कि कांग्रेस इस फॉर्मूले को क्यों स्वीकार करेगी? तेदेपा नेता वाइएस चौधरी कहते हैं, ''मोदी से मुकाबला करने के लिए यह एकमात्र विकल्प है. यह ऐसा फॉर्मूला है जिसमें नेता पर कोई विवाद नहीं है.

जिस राज्य में जो बड़ा नेता है, वहां वही नेता मोदी के मुकाबले एकजुट विपक्ष का प्रतिनिधि होगा.'' मसलन, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी, उत्तर प्रदेश में मायावती और अखिलेश, ओडिशा में नवीन पटनायक, तमिलनाडु में करुनानिधि वगैरह.

तो, क्या यह पहल तीसरा मोर्चा बनाने की है? टीआरएस के एक सांसद कहते हैं, ''यह पहल गैर-भाजपा गठबंधन की है, जिसमें कांग्रेस शामिल है. इतना जरूर है कि जिन राज्यों में कांग्रेस का सीधा मुकाबला किसी क्षेत्रीय दल से है, वहां उसे चुनाव लडऩे की छूट होगी.

लेकिन ऐसा बहुत कम राज्यों में है. कांग्रेस को ज्यादातर राज्यों में क्षेत्रीय दलों से समझौता करने में कोई खास दिक्कत नहीं होगी.'' पर सवाल और विरोधाभास कई हैं. अब देखना है, यह फॉर्मूला कितना सिरे चढ़ पाता है.

***

ADVERTISEMENT
Advertisement