scorecardresearch
डार्क मोड

सुर्खियों के सरताजः कामयाबी की कमान

राजनीति में अपेक्षाकृत देर से कदम रखने वाली सीतारमण देश की पहली पूर्णकालिक महिला रक्षा मंत्री बनीं और चुनौतियों का बेहिचक सामना करते हुए आगे बढ़ रही हैं.

नारी शक्ति अक्तूबर में नई दिल्ली में एयर फोर्स कमांडर्स कॉन्फ्रेंस को संबोधित करतीं सीतारमण
नारी शक्ति अक्तूबर में नई दिल्ली में एयर फोर्स कमांडर्स कॉन्फ्रेंस को संबोधित करतीं सीतारमण

ऐसे कुछ ही नेता हैं जिन्होंने रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण जैसा जबरदस्त उत्थान देखा है. राजनीति में देर से कदम रखने वाली सीतारमण दशक भर पहले ही भाजपा में शामिल हुईं और 2010 में पार्टी की प्रवक्ता बन गईं, उसके बाद 2014 में नरेंद्र मोदी सरकार में जूनियर वित्त मंत्री बनीं और फिर 2016 में स्वतंत्र प्रभार के साथ वाणिज्य मंत्री का पद संभाला. 3 सितंबर को मंत्रिमंडल के फेरबदल में वे दशकों का राजनैतिक अनुभव रखने वालों को पीछे छोड़ते हुए देश की पहली महिला रक्षा मंत्री बन गईं—उनसे पहले यह पद अतिरिक्त प्रभार के तौर पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के पास था.

अंतरराष्ट्रीय नजरिये से भले उनकी नियुक्ति कोई अनोखी बात न लगे क्योंकि ऐसे 16 देश हैं जहां की रक्षा मंत्री महिलाएं हैं. लेकिन ये ज्यादातर यूरोप में हैं जहां देशों की सीमाओं को लेकर कोई विवाद नहीं है, झगड़े की मामूली संभावनाएं हैं और जिनके रक्षा बजट कम होते जा रहे हैं, जिससे उनके यहां सेना का औचित्य सिद्ध करने की जद्दोजहद चल रही है. लेकिन भारत में सशस्त्र बलों को 4,700 किमी की विवादित सीमाओं की रक्षा करनी होती है और जहां चार युद्ध लड़े जा चुके हैं.

सशस्त्र बलों को जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील राज्यों में भी आंतरिक सुरक्षा की समस्याओं से जूझना पड़ता है. इसके अलावा जहां प्राकृतिक आपदा से निबटने में सक्षम एक ही संगठित मशीनरी है. यहां कई और भी चुनौतियां हैं जैसे उपकरणों या हथियारों की कमी से जूझ रही सेना, हथियारों के लिए निराशाजनक रूप से आयात पर निर्भरता, कमजोर स्वदेशी हथियार उद्योग और अपारदर्शिता के लिए कुख्यात नौकरशाही. संक्षेप में कहें तो आराम से बैठने का समय नहीं है.

रक्षा मंत्री के तौर पर तीन महीने में निर्मला सीतारमण देश के दूरदराज के इलाकों का दौरा कर चुकी हैं. इतने कम समय में उनके कई काम उल्लेखनीय रहे हैं, जैसे विशाखापत्तनम में परमाणु पनडुब्बी लॉन्च करने से लेकर हिमालय में चीनी सैनिकों को नमस्ते बोलना सिखाना, केरल में ओखी चक्रवात में मारे गए मछुआरों के परिजनों को सांत्वना देना और साउथ ब्लॉक में सुस्त नौकरशाही को फटकार लगाना.

उनके सामने सबसे बड़ी राजनैतिक चुनौती है मेक इन इंडिया नीति के तहत रक्षा में स्वदेशीकरण करना, जो उनकी सरकार की प्रतिबद्धता रही है. उनके मंत्रालय पर सभी की नजर रहेगी, क्योंकि नरेंद्र मोदी सरकार अपने कार्यकाल के अंतिम वर्ष में कदम रखने जा रही है.

—संदीप उन्नीथन

ADVERTISEMENT
Advertisement