scorecardresearch
डार्क मोड

हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में क्यों बन रहा भारत विरोधी माहौल?

16 दिसंबर को शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी से पहले बांग्लादेश में हिंसा तेज हो गई है. ढाका ने भारत पर लगाए आरोप, वहीं अवामी लीग के खिलाफ कार्रवाई से देश का सियासी संकट और गहरा गया है

शेख हसीना (फाइल फोटो)
अपडेटेड 27 नवंबर , 2026

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अगले महीने निर्वासन से स्वदेश लौटने का ऐलान किया है. उनके इस ऐलान के साथ ही देश में हिंसा की नई घटनाएं सामने आई हैं. उनकी प्रतिबंधित पार्टी की ओर से देशव्यापी बंद के आह्वान से तनाव भी बढ़ गया है. इससे भारत के पूर्वी पड़ोसी देश में राजनीतिक उथल-पुथल एक बार फिर चर्चा में है.

सुरक्षा एजेंसियों ने एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है. इसमें अगस्त 2024 में विद्रोह के बाद हसीना सरकार के गिरने से लेकर अब तक सैकड़ों हत्याओं, हिरासत में मौतों और गिरफ्तारियों का दावा किया गया है. रिपोर्ट में अवामी लीग के नेताओं और समर्थकों पर हुए हमलों का भी जिक्र है.

हिंसा की ताजा घटना हसीना के गृहनगर गोपालगंज में हुई. यहां विरोधी गुटों के बीच झड़प में कम से कम 30 लोग घायल हो गए. देसी बम फटे और दुकानों में तोड़फोड़ की गई. इन घटनाओं से पता चलता है कि सत्ता परिवर्तन के दो साल से ज्यादा समय बाद भी देश में गहरा राजनीतिक ध्रुवीकरण और अस्थिरता बनी हुई है. इसी सत्ता परिवर्तन के बाद हसीना को भारत में निर्वासित होकर आना पड़ा.

अवामी लीग ने 29-30 नवंबर को 48 घंटे के देशव्यापी बंद का आह्वान किया है. इससे और टकराव की आशंका बढ़ गई है. यह अशांति ऐसे समय में सामने आई है जब अवामी लीग नए सिरे से लामबंदी कर रही है और अधिकारी उसके खिलाफ कार्रवाई तेज कर रहे हैं.

विरोध प्रदर्शन करते अवामी लीग के कार्यकर्ता
विरोध प्रदर्शन करते अवामी लीग के कार्यकर्ता

अर्धसैनिक बल बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश ने गोपालगंज में 56 प्लाटून तैनात की हैं. यह सात जिलों में सुरक्षा के लिए तैनात की गई कुल 109 प्लाटून का हिस्सा है. यह तैनाती 16 दिसंबर को हसीना की प्रस्तावित वापसी से पहले की गई है. बांग्लादेश में 16 दिसंबर को विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है. इसी दिन 1971 में पाकिस्तान से देश की आजादी का जश्न मनाया जाता है.

ढाका का आरोप है कि हसीना और उनके समर्थक भारतीय जमीन से अशांति फैला रहे हैं. बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने सीधे नाम नहीं लिया लेकिन भारत पर आरोप लगाया है. उन्होंने भारत को हालिया राजनीतिक अशांति से जोड़ने की कोशिश की. 

19 नवंबर को लालमोनिरहाट में एक रैली को संबोधित करते हुए रहमान ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश छोड़कर भागे अवामी लीग के नेता सीमा पार अपने ‘आकाओं’ के समर्थन से देश के खिलाफ साजिश रच रहे हैं. इस टिप्पणी को व्यापक रूप से भारत की ओर इशारा माना गया. हसीना अगस्त 2024 से भारत में रह रही हैं.

भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने रहमान की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया. मंत्रालय ने कहा कि बांग्लादेश में हो रहे घटनाक्रम उस देश के ‘आंतरिक मामले’ हैं. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "मैं दोहराना चाहूंगा कि हमारी लगातार यही स्थिति रही है कि हम बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, दूरदर्शी और रचनात्मक संबंध बनाना चाहते हैं. ये संबंध हमारे साझा इतिहास, साझा बलिदानों और साझा सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित होने चाहिए."

ऊपर जिस सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट का जिक्र किया गया है, उसमें 19 नवंबर 2026 तक की घटनाओं का ब्योरा देने की कोशिश की गई है. रिपोर्ट में 5 अगस्त 2024 को सत्ता परिवर्तन के बाद से राजनीतिक उत्पीड़न, बदले की भावना से हत्याओं, हिरासत में मौतों, यातना और संपत्ति नष्ट किए जाने का सिलसिलेवार पैटर्न होने का दावा किया गया है.

बाग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अपने यहां उपद्रव के लिए भारत पर आरोप लगाया है (फाइल फोटो)
बाग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अपने यहां उपद्रव के लिए भारत पर आरोप लगाया है (फाइल फोटो)

इस रिपोर्ट में अवामी लीग के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ-साथ सुरक्षा बलों के जवानों और उनके परिवारों के खिलाफ कथित हिंसा का विस्तृत ब्योरा दिया गया है. इसमें अवामी लीग से जुड़े कारोबारों, आवासों और पार्टी कार्यालयों पर कथित हमलों का भी जिक्र है.

रिपोर्ट में अवामी लीग से जुड़े 370 लोगों की कथित हत्या और सामूहिक हिंसा की 23 घटनाओं का उल्लेख है. इसके अलावा 49 सुरक्षाकर्मियों की हत्या और सामूहिक हिंसा की चार घटनाओं का ब्योरा दिया गया है. रिपोर्ट में हिरासत में मौत के 62 मामले, हमले, यातना और धमकी के 68 उदाहरण और आगजनी, लूटपाट व संपत्ति नष्ट करने की 56 घटनाएं भी दर्ज हैं. आखिरी की दो श्रेणियों को देशभर में हुई बड़ी संख्या में घटनाओं के प्रतिनिधि उदाहरण बताया गया है.

इस रिपोर्ट में मीडिया रिपोर्टों, मानवाधिकार संगठनों के निगरानी रिकॉर्ड, कानूनी दस्तावेजों और सार्वजनिक रूप से उपलब्ध अन्य सामग्री को एक साथ रखा गया है. हालांकि इसमें दिए गए आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि किया जाना जरूरी है.

इस रिपोर्ट के सबसे चिंताजनक पहलुओं में से एक हसीना के सत्ता से हटने के दो साल बाद भी बदले की भावना से हिंसा जारी रहने का दावा है. दस्तावेज में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या, चुनिंदा लोगों को निशाना बनाकर हत्या और अवामी लीग नेताओं से जुड़े घरों व कारोबारों पर हमलों की कथित घटनाएं दर्ज हैं. इनमें से कई मामले 5 अगस्त 2024 की हिंसा से जुड़े हैं.

रिपोर्ट में जुलाई-अगस्त 2024 की राजनीतिक अशांति के दौरान पुलिसकर्मियों की मौतों पर भी ध्यान दिलाया गया है. इसमें 49 पुलिसकर्मियों की मौत और सामूहिक हिंसा की चार घटनाओं का जिक्र है. इससे पता चलता है कि सुरक्षा बलों को भी हिंसा का सामना करना पड़ा. रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस थानों और जवानों पर हमलों के बाद देश के कई हिस्सों में संस्थागत जवाबदेही की व्यवस्था चरमरा गई.

हिरासत में मौतें भी एक बड़ी चिंता हैं. रिपोर्ट में ऐसे 62 कथित मामले दर्ज किए गए हैं. इसमें निगरानी करने वाले संगठनों के हवाले से दोषी ठहराए गए कैदियों और विचाराधीन कैदियों, दोनों की मौतों का जिक्र है. 

रिपोर्ट में जेलों में स्वास्थ्य सेवाओं की खराब स्थिति, क्षमता से अधिक कैदियों और चिकित्सा सुविधाओं की कमी को भी रेखांकित किया गया है. इसमें दावा किया गया है कि अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के 50 से ज्यादा लोगों की हिरासत में मौत हुई. हालांकि इस आंकड़े की हर मामले के आधार पर पुष्टि जरूरी है.

बांग्लादेश के प्रमुख अखबार ‘द डेली स्टार’ की फरवरी 2026 की एक जांच में पाया गया था कि देश की 75 जेलों में से 73 में पूर्णकालिक या रात के समय डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे. वहीं 48 जेलों में एंबुलेंस की सुविधा नहीं थी.

रिपोर्ट में गिरफ्तारियों और आपराधिक मामलों का जो ब्योरा दिया गया है वह भी काफी अहम है. दस्तावेज में संकलित आंकड़ों के मुताबिक, 6 अगस्त से 25 सितंबर 2024 के बीच 1,474 आपराधिक मामले दर्ज किए गए. इनमें 92,000 से ज्यादा लोगों को आरोपी बनाया गया. इसके बाद भी गिरफ्तारी अभियान जारी रहे. इनमें फरवरी 2025 में अंतरिम सरकार की ओर से शुरू किया गया ऑपरेशन डेविल हंट और उसी साल अप्रैल-मई में बड़े पैमाने पर हुई गिरफ्तारियां शामिल हैं.

बड़ी संख्या में लोगों को मामलों में फंसाने, मनमाने ढंग से हिरासत में रखने, जमानत से इनकार करने और रिहाई के बाद दोबारा गिरफ्तार करने के आरोपों ने चिंता बढ़ाई है. सवाल उठ रहे हैं कि क्या आपराधिक मामलों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है.

अवामी लीग को राजनीतिक प्रक्रिया से बाहर किए जाने ने स्थिति को और जटिल बना दिया है. हसीना की पार्टी के छात्र संगठन बांग्लादेश छात्र लीग पर अक्टूबर 2024 में प्रतिबंध लगा दिया गया था. इसके बाद मई 2025 में अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों और पार्टी के रजिस्ट्रेशन को निलंबित कर दिया गया.

भू-राजनीतिक मामलों के जानकारों का कहना है कि इन प्रतिबंधों से बांग्लादेश के राजनीतिक प्रतिष्ठान के एक बड़े हिस्से को हाशिये पर धकेल दिया गया है. मानवाधिकार संगठनों ने भी उचित कानूनी प्रक्रिया और व्यापक राजनीतिक बहिष्कार के नतीजों को लेकर चिंता जताई है.

हिंसा का ताजा दौर बताता है कि टकराव अभी खत्म नहीं हुआ है. पिछले महीने एक विशेष न्यायाधिकरण ने 2024 के विद्रोह से जुड़े मामले में अवामी लीग के संयुक्त महासचिव महबूबुल आलम हनीफ को उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई. 

17 नवंबर को ढाका दक्षिण नगर निगम के पूर्व मेयर सईद खोकोन को गिरफ्तार किया गया और सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. वहीं रंगामाटी में अवामी लीग से जुड़े संगठनों के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया. रजिस्टर में नेतृकोना और पिरोजपुर में अवामी लीग के पूर्व नेताओं के घरों पर हमलों का भी जिक्र है.

हालांकि बांग्लादेश सरकार का कहना है कि हिंसा की ताजा घटनाएं देश को अस्थिर करने की अवामी लीग के कार्यकर्ताओं की कोशिशों का हिस्सा हैं. 24 नवंबर को राजनयिकों को दी गई जानकारी में विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने आरोप लगाया कि अवामी लीग के कार्यकर्ता देसी बम हमलों, आगजनी, तोड़फोड़ और सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर हमलों के पीछे हैं. उन्होंने 1 से 21 नवंबर के बीच 41 प्रशासनिक क्षेत्रों में हुई 158 घटनाओं का हवाला दिया.

इन आरोपों की भी स्वतंत्र जांच जरूरी है. हालांकि सरकार ने कहा है कि कानून लागू करने वाली एजेंसियों को इन घटनाओं की जांच करने और आनुपातिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.

जानकार अक्टूबर 2025 में अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) को भेजे गए अनुच्छेद 15 के एक आवेदन का भी जिक्र करते हैं. इसमें आरोप लगाया गया है कि हत्याओं, कैद, यातना और राजनीतिक उत्पीड़न का सिलसिलेवार पैटर्न मानवता के खिलाफ अपराध की श्रेणी में आ सकता है. 

हालांकि ऐसा आवेदन ICC की जांच या न्यायिक फैसले के समान नहीं होता. लेकिन यह संकेत देता है कि इन आरोपों को बांग्लादेश के घरेलू राजनीतिक और कानूनी दायरे से बाहर ले जाने की कोशिश की जा रही है.

रणनीतिक मामलों के जानकारों ने इस बड़े सवाल की ओर इशारा किया है कि क्या हसीना के बाद बांग्लादेश एक समावेशी लोकतांत्रिक व्यवस्था की ओर बढ़ रहा है या बदले की राजनीति के चक्र में फंसता जा रहा है. 

जानकारों का मानना है कि हसीना के कार्यकाल में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई हिंसा और उनके प्रशासन पर लगे दुर्व्यवहार के आरोपों की जांच होनी चाहिए. साथ ही, राजनीतिक विरोधियों पर हमले, हिरासत में मौतें, मनमानी गिरफ्तारियां और परिवारों व संपत्तियों को निशाना बनाए जाने को अतीत के अन्याय का बदला बताकर सही नहीं ठहराया जा सकता.

16 दिसंबर को हसीना की घोषित वापसी का दिन नजदीक आ रहा है. वहीं, बांग्लादेश में रुक-रुककर हिंसा जारी है. ऐसे में देश को विश्वसनीय जांच, राजनीतिक संबद्धता से परे दोषियों की जवाबदेही, राजनीतिक असहमति की सुरक्षा और स्वतंत्र न्यायिक प्रक्रिया की जरूरत है. इन व्यवस्थाओं के बिना 2024 का सत्ता परिवर्तन लोकतांत्रिक जवाबदेही की दिशा में वास्तविक बदलाव के बजाय सत्ता के लाभार्थियों को बदलने तक सीमित रह सकता है.

ADVERTISEMENT
Advertisement