क्लीनेस्ट स्कूल डिस्ट्रिक्टः स्वच्छ विद्यालय से स्वच्छ भारत

एक जागरूकता अभियान ने छात्रों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए बुनियादी आदतों को सिखाने में मदद की

मंदार देवधर
मंदार देवधर

विजेताः पालघर, महाराष्ट्र

जीत की वजहः एक जागरुक अभियान ने छात्रों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए बुनियादी आदतों को सिखाने में मदद की

महाराष्ट्र के पालघर जिले के वाडा तालुका के करंजपाड़ा में एक छोटे से प्राथमिक विद्यालय में दीपक शानवारे ने अपने छात्रों को स्वरचित गीत की मदद से हाथ धोना सिखाया है. पालघर के 2,812 सरकारी स्कूलों में, छात्रों को स्वच्छता की पांच आदतें सिखाई गई हैं—रोज स्नान करना, दिन में दो बार दांतों को ब्रश करना, खाने से पहले हाथ धोना, शौचालयों का उपयोग करना और नाखूनों को नियमित रूप से काटना.

जिला प्रशासन ने 2015 तक प्रत्येक गांव में शौचालयों का निर्माण पूरा कर लिया था, लेकिन यह पता चलने के बाद कि उन शौचालयों का उपयोग नहीं किया जा रहा है, उन्होंने जागरूकता अभियान और स्वच्छता अभियान शुरू किया.

पालघर जिला परिषद के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी (जल और स्वच्छता) तुषार माली कहते हैं, ''हम लगभग 99 फीसदी स्कूलों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में सफल रहे हैं. हर स्कूल में हाथ धोने की सुविधा और हर 40 छात्रों के लिए स्वच्छ पेयजल की एक इकाई लगाई गई है.''

हमरापुर के सरपंच संदीप गोवारी का कहना है कि स्वच्छता अभियान ने उनकी आदतों को भी बदल दिया है. वे बताते हैं, ''मेरे आठ वर्षीय बेटे ने मुझे प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग करना बंद कराया.'' एक स्वच्छ विद्यालय से एक स्वच्छ भारत की नींव रखी जा रही है.

***

Read more!