घर में कलह

भतीजे अजित पवार के इस्तीफे से शरद पवार की राकांपा और अपने परिवार को एकजुट रखने की कोशिश को झटका

गेट्टी इमेजेज
गेट्टी इमेजेज

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार 28 सितंबर को अपने मुंबई स्थित घर पर करीब डेढ़ घंटे तक चली 'पारिवारिक मुलाकात' के बाद 'बागी' भतीजे अजित को बाहर तक छोडऩे आए और ऐसा शायद ही पहले कभी हुआ हो. अजित ने एक दिन पहले बारामती से पार्टी विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था. बताया जाता है कि उन्होंने यह निर्णय पार्टी में बिना किसी से राय-मशविरे के लिया था. कई लोगों का मानना है कि अजित का मकसद महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक में फंड की हेराफेरी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा शरद पवार के खिलाफ जांच का आदेश दिए जाने के बाद मिली सहानुभूति को पलीता लगाना था.

अजित का ताजा कदम पवार के लिए बड़ा झटका है जो पहले से ही बड़े पैमाने पर नेताओं के राकांपा छोड़कर भाजपा और शिवसेना में जाने से परेशान हैं. चिंता इसलिए है क्योंकि यह सब तब हो रहा है जब राज्य में विधानसभा चुनावों की तारीख तक घोषित हो चुकी है. शरद पवार ने अनिच्छा से ही सही, अजित के बड़े बेटे पार्थ के लिए मई के लोकसभा चुनावों में अपनी सीट छोडऩे तक का प्रस्ताव दिया था और पार्थ को मावल सीट ने चुनाव न लडऩे की सलाह दी थी जो उनके पिता अजित ने अपने बेटे के लिए चुनी थी. बड़े पवार का तर्क था कि यह सीट पिछले 50 वर्ष से भाजपा और शिवसेना के पास है इसलिए पार्थ को वहां से नहीं लडऩा चाहिए लेकिन किसी ने उनकी न सुनी. पार्थ को शिवसेना के श्रीरंग बारने ने 2,16,000 मतों से हरा दिया.

राकांपा के एक सूत्र ने दावा किया कि पार्थ के हारने के बाद शरद पवार ने अजित की उपेक्षा शुरू कर दी. उन्होंने दो ओबीसी नेताओं विधान परिषद में विपक्ष के नेता धनंजय मुंडे और शिरूर से लोकसभा सदस्य डॉ. अमोल कोल्हे को बढ़ावा देना शुरू किया. भाजपा-शिवसेना सरकार के कथित कुशासन के खिलाफ राकांपा की शिव सुराज यात्रा का नेतृत्व उन दोनों ने ही किया. पवार ने कथित तौर पर अजित को यात्रा की योजना से अलग रखा. पवार के भाई अप्पासाहेब के पोते रोहित के आगे आने से भी अजित पवार खेमे को बहुत नाखुश बताया जा रहा है. रोहित को इस बार कर्जत-जामखेड़ विधानसभा क्षेत्र से टिकट मिलने की संभावना है.

अजित के इस्तीफे ने अब पवार को भी हिला दिया है. राकांपा सुप्रीमो ने 27 सितंबर को पुणे में प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वीकार किया कि अजित ने उन्हें अपने फैसले के बारे में न तो पहले से बताया था और न ही उनसे सलाह ली थी. पवार ने अजित के इस्तीफे पर कहा कि उनका बैंक घोटाले से कोई मतलब नहीं है फिर भी ईडी ने उनके (पवार) खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई. अजित इसी बात से नाराज थे और अपना विरोध दर्ज कराने के लिए उन्होंने इस्तीफा दिया है.

पवार ने कहा ''अजित का मानना है कि मुझे सिर्फ इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि मैं उनका चाचा हूं. इससे वह बेचैन हो गए.'' पवार से मिलने के बाद अजित ने वही दोहराया. उन्होंने कहा, ''इसे बहुत बढ़ा-चढ़ाकर 25,000 करोड़ रुपए बताया जा रहा है. यह मेरी छवि खराब करने की कोशिश है.''

राजनैतिक विश्लेषक हेमंत देसाई कहते हैं कि फिलहाल, चाचा और भतीजे दोनों ने एक-एक कदम पीछे ले लिया है. इसमें कोई शक नहीं कि अजित का इस्तीफा, पवार के लिए एक झटका है, भले ही वे इसे जाहिर नहीं होने देना चाहते.

***

Read more!