किताब से कैमरे की आंख तक

यह किताब 2024 में आई साहित्य, कला और सिनेमा: अंतर्संबंधों की पड़ताल  की व्यावहारिक कड़ी है. वहां रूपांतरण के सिद्धांत थे, यहां सत्रह फिल्मों की कसौटी है.

जवरीमल्ल पारख की किताब 'परदे पर साहित्य'

हर पाठक अपने भीतर एक सिनेमाघर लेकर चलता है. देवदास पढ़ते हुए वह देवदास का चेहरा गढ़ लेता है, पारो की आंखें और चंद्रमुखी की उदासी तय कर लेता है और गलियां-महल सब अपने मन के कैमरे से खींच लेता है.

फिर एक दिन वही कथा परदे पर आती है और किसी को सहगल में देवदास सच्चा लगता है, किसी को दिलीप कुमार में अक्स दिखता है और कोई भंसाली के भव्य सेट में खुद को अजनबी-सा पाता है. जवरीमल्ल पारख की किताब परदे पर साहित्य इसी टकराहट की पड़ताल है, जहां लिखी हुई कहानी पाठक के मन से निकल कैमरे की आंख तक पहुंचती है और रास्ते में कुछ पाती है, कुछ खो देती है.

सिनेमा हमेशा से इस सफर का मुसाफिर रहा है. भारत की पहली कथा-फिल्म राजा हरिश्चन्द्र  पौराणिक कथा पर बनी थी और आरंभिक फिल्मकारों ने जल्द समझ लिया था कि शब्दों की असंभव दिखती उड़ान परदे पर भी यथार्थ बनकर उतर सकती है.

यह किताब 2024 में आई साहित्य, कला और सिनेमा: अंतर्संबंधों की पड़ताल  की व्यावहारिक कड़ी है. वहां रूपांतरण के सिद्धांत थे, यहां सत्रह फिल्मों की कसौटी है. ये सत्रह फिल्में सोलह रचनाओं पर टिकी हैं. देवदास अकेली कृति है जिस पर दो दौर की फिल्मों का विवेचन है. तीन फिल्में बांग्ला की हैं, एक कन्नड़ की और तेरह हिंदी की. रचनाओं में ग्यारह उपन्यास, चार कहानियां और शूद्रक का एक संस्कृत नाटक है.

पारख की बुनियादी स्थापना है कि रूपांतरण का मतलब शब्दों के चित्र को परदे पर टांग देना नहीं बल्कि श्रव्य और पाठ्य को दृश्य में बदलना है. कृति के रूपांतरण की कोई एक प्रविधि नहीं होती और न ही हर रूपांतरण सफल हो सकता है.

मन की उमड़-घुमड़ को शब्द देना आसान है लेकिन फिल्मकार को वही अंतर्द्वंद्व कैमरे, ध्वनि, संगीत और अभिनय से रचना पड़ता है. इसलिए लेखक बार-बार याद दिलाते हैं कि कसौटी यह नहीं कि बदलाव क्या हुआ है, कसौटी यह है कि बदलाव मूल कृति की संवेदना और लेखकीय दृष्टि को बचाता है या खो देता है.

जैसे पारख भूमिका में बताते हैं कि प्रेमचंद के गोदान पर बनी फिल्म में मेहता-मालती और मातादीन-सिलिया के प्रसंग लगभग गायब हो जाते हैं और पारख को लगता है कि इससे उपन्यास की प्रगतिशील सामाजिक दृष्टि फीकी पड़ती है.

शतरंज के खिलाड़ी में सत्यजित राय ने कहानी में वाजिद अली शाह और अंग्रेजों का प्रसंग जोड़कर उसे राजनीतिक विस्तार दिया और ढाई घंटे से ज्यादा लंबी फिल्म बनाई, जबकि सद्गति  केवल बावन मिनट में सिमट गई. तीसरी कसम में कहानी का केंद्र हीरामन था पर फिल्म में हीराबाई का पक्ष भी उतना ही उभरता है और ठाकुर विक्रम सिंह जैसा नया पात्र जुड़ता है.

सबसे दिलचस्प प्रसंग देवदास का है. 1928 में उस पर मूक फिल्म बनी, फिर 1935 में बांग्ला और 1936 में हिंदी में पी.सी. बरुआ की फिल्में आईं. 1955 में बिमल रॉय के बाद नई सदी में संजय लीला भंसाली ने देवदास और पारो की पृष्ठभूमि बदल दी. उपन्यास की जाति-आधारित दीवार बिना कहे हटा दी गई. पारख के अनुसार इसी के साथ उपन्यासकार की दृष्टि भी चली गई.

सत्रह अध्यायों के कुछ शीर्षकों में फिल्मी गीतों की पंक्तियां बिंधी हैं, जैसे साहब, बीबी और गुलाम के लिए मेरे सपने अधूरे हुए नहीं पूरे, उत्सव के लिए मन क्यों बहका रे बहका आधी रात को, जूनून के लिए घिर आई कारी घटा मतवारी.

इससे पता चलता है कि लेखक साहित्य, सिनेमा और संगीत पर बारीक नजर और कान रखते हैं. आनंदमठ, घरे बाइरे, चारुलता और संस्कार समेत सभी अध्याय सिनेमा की समझ को साहित्य के इतिहास से जोड़ने-समझने वाले हैं.

कमी बस इतनी है कि सैद्धांतिक चर्चा कहीं-कहीं दोहराव का आभास देती है, अकादमिकनुमा हो जाती है. बावजूद इसके यह किताब फिल्म देखने की नई आंख और साहित्य दोबारा पलटने का ठोस बहाना तो देती ही है.

परदे पर साहित्य
जवरीमल्ल पारख
राजकमल पेपरबैक्स
कीमतः 499 रुपए

Read more!