परंपरा की सतह के नीचे
भारतीय ज्ञान परंपरा की आलोचनात्मक समझ इस बात पर निर्भर करती है कि हम उसमें केवल सातत्य और संवर्धन की प्रक्रियाओं को देखते हैं या उसके भीतर सक्रिय सामाजिक अंतर्विरोधों, वर्चस्व और प्रतिरोध को भी पहचानते हैं

कुंवर प्रांजल सिंह
बलराम शुक्ल की किताब भारतीय ज्ञान परंपरा: सातत्य और संवर्धन परंपरा, भाषा और धर्म के बीच एक वैचारिक पुल का निर्माण करती है. भारतीय ज्ञान परंपरा की पड़ताल में वे ‘परंपरा’ का अर्थ स्पष्ट करते हुए बताते हैं कि भारत में परंपरा का कोई एक अर्थ निर्धारित करना उसके बहुआयामी स्वरूप और विविध प्रभावों की उपेक्षा करने जैसा होगा.
लेखक परंपरा की तुलना नदियों से करते हैं, जिनकी अनेक धाराएं मिलकर एक व्यापक प्रवाह का निर्माण करती हैं. ये धाराएं कभी एक-दूसरे के साथ प्रतिस्पर्धा करती हैं, कभी एक-दूसरे पर हावी होने का प्रयास करती हैं और कभी परस्पर आदान-प्रदान के माध्यम से स्वयं को विकसित करती हैं. इस तर्क को पुष्ट करने के लिए लेखक रामायण, महाभारत, वेदों और उन पर लिखी गई टीकाओं का सहारा लेते हैं.
विश्लेषण के आधार पर वे इस निष्कर्ष पर पहुंचते हैं कि भारतीय ज्ञान परंपरा मूलतः व्याख्याप्रधान परंपरा रही है. यहां ज्ञान किसी स्थिर और अपरिवर्तनीय सत्ता के रूप में नहीं, बल्कि व्याख्या, पुनर्व्याख्या और संवाद की सतत प्रक्रिया के रूप में विकसित होता है. दूसरी ओर, किताब भारतीय ज्ञान परंपरा का मूलाधार भारतीय भाषा-दर्शन को मानती है.
लेखक भाषा के दो रूपों की चर्चा करते हैं; पहला, मानसिक भाषा, जो व्यक्ति की अपनी समझ और आंतरिक बोध से विकसित होती है; और दूसरा, ध्वन्यात्मक भाषा, जो दूसरों के साथ संवाद और संप्रेषण की प्रक्रिया में आकार ग्रहण करती है.
संस्कृत भाषा और उसके दार्शनिक साहित्य का विस्तृत विश्लेषण भारतीय ज्ञान परंपरा के कुछ महत्त्वपूर्ण पक्षों को समझने में सहायक है लेकिन प्रश्न है कि क्या भारतीय ज्ञान परंपरा की व्यापकता को मुख्यतः संस्कृत के इर्द-गिर्द केंद्रित कर समझा जा सकता है? यदि ज्ञान परंपरा की व्याख्या में संस्कृत को ही केंद्रीय स्थान दिया जाता है तो इसके भीतर मौजूद अन्य भाषाओं, उनकी ज्ञान-परंपराओं और वैकल्पिक बौद्धिक धाराओं के लिए पर्याप्त जगह बनाने की चुनौती उत्पन्न होती है.
ऐसी स्थिति में भारतीय ज्ञान परंपरा की बहुलता को रेखांकित करने का प्रयास अनजाने में संस्कृत बनाम अन्य भारतीय भाषाओं के द्वंद्व में बदल सकता है. इसलिए आवश्यक है कि संस्कृत के महत्त्व को स्वीकार करते हुए भारतीय भाषाओं में विकसित ज्ञान, दर्शन और लोकबुद्धि की विविध परंपराओं को भी समान गंभीरता से देखा जाए. तीसरा महत्त्वपूर्ण पक्ष धर्म के साथ ज्ञान परंपरा के संबंध का है.
लेखक भारतीय ज्ञान परंपरा में धर्म के महत्त्व को सर्वोपरि स्थान देते हैं. इस दृष्टिकोण के अंतर्गत धर्म केवल आस्था या उपासना की पद्धति नहीं बल्कि ज्ञान के निर्माण, उसके संरक्षण और उसके संप्रेषण से जुड़ी एक व्यापक वैचारिक व्यवस्था के रूप में सामने आता है.
हालांकि, यहां यह प्रश्न भी विचारणीय है कि भारतीय ज्ञान परंपरा में धर्म की केंद्रीयता को स्वीकार करते हुए उन बौद्धिक धाराओं, दार्शनिक मतों और लोकपरंपराओं को किस प्रकार समझा जाए, जिन्होंने धार्मिक मान्यताओं से संवाद करते हुए कभी-कभी उनसे असहमति और प्रतिरोध के रास्ते भी विकसित किए.
भारतीय ज्ञान परंपरा की बहुलता को समझने के लिए यह देखना आवश्यक है कि धर्म, भाषा और व्याख्या के बीच संबंध हमेशा एकरूप नहीं रहे हैं बल्कि उनके भीतर सहमति, असहमति और परिवर्तन की अनेक संभावनाएं मौजूद रही हैं.
पुस्तक पढ़ते हुए पाठक कई बार संदर्भों की ओर लौटने के लिए प्रेरित होता है लेकिन समस्या यह है कि ये संदर्भ स्वयं संस्कृत में उद्धृत हैं. ऐसे में यदि पाठक को संस्कृत का पर्याप्त ज्ञान नहीं है तो वह लेखक के विश्लेषण को पूरी तरह समझने में कठिनाई महसूस करता है. परिणामस्वरूप, वह लेखक की व्याख्या से सहमत या असहमत होने की स्थिति तक पहुंचने के बजाय एक वैचारिक द्वंद्व में घिरा रह जाता है.
इस अर्थ में किताब की भाषा और संदर्भों की प्रस्तुति उसकी बौद्धिक गंभीरता को तो सामने लाती है लेकिन साथ ही पाठक के लिए कुछ ऐसी बाधाएँ भी उत्पन्न करती हैं जो उसके स्वतंत्र आलोचनात्मक मूल्यांकन की संभावनाओं को सीमित कर सकती हैं.
भारतीय ज्ञान परंपरा की आलोचनात्मक समझ इस बात पर निर्भर करती है कि हम उसमें केवल सातत्य और संवर्धन की प्रक्रियाओं को देखते हैं या उसके भीतर सक्रिय सामाजिक अंतर्विरोधों, वर्चस्व और प्रतिरोध को भी पहचानते हैं. यह किताब सामान्य पाठकों समेत भारतीय ज्ञान परंपरा के अनुशीलन में लगे लोगों के लिए समान रूप से उपयोगी है.
भारतीय ज्ञान परंपरा
बलराम शुक्ल
वाणी प्रकाशन
कीमतः 500 रुपए