शादी में हाई हील्स और हैवी लहंगा पहनना पड़ सकता है सेहत पर भारी!

शादी के सीजन में हैवी आउटफिट्स और हाई हील्स पहनने के साथ घंटों खड़े रहना सेहत पर पड़ सकता है भारी. इसका खतरा उन लोगों में ज्यादा है, जिन्हें पहले से स्पाइन या जोड़ों से जुड़ी समस्याएं हैं

लंबे वक्त तक हाई हील्स पहनने के कई खतरे हैं

23 साल की नैना खुराना दिल्ली में सेल्स इंटर्न हैं. किसी शादी में तैयार होने का मतलब उनके लिए हैवी एंब्रायडरी वाला लहंगा और हाई हील्स पहनने में घंटों बिताना था. शाम खत्म होते-होते उनके फीट (पैरों) और लोअर बैक (कमर के निचले हिस्से) में दर्द होने लगता था. यह तकलीफ अगले दिन सुबह भी बनी रहती थी. इस तरह शादी का जश्न उनके लिए दर्द भरा अनुभव बन जाता था.

शादी का सीजन शुरू हो चुका है और इसके साथ ही भारी-भरकम लहंगे, हैवी एंब्रायडरी वाली साड़ियां, स्टेटमेंट ज्वैलरी और ऊंची हील एक बार फिर लोगों की वॉर्डरोब का हिस्सा बन रही हैं. लेकिन इन कपड़ों को लंबे समय तक पहनने से शरीर पर बुरा असर पड़ सकता है. इससे शरीर के पॉश्चर और रीढ़ की हड्डी के सही अलाइनमेंट से लेकर पैरों की सेहत तक प्रभावित हो सकती है.

डॉक्टरों का कहना है कि हैवी कपड़े, अनकंफर्टेबल फुटवियर और लंबे समय तक खड़े रहने से मांसपेशियों में थकान, पीठ दर्द और यहां तक कि चोट लग सकती है. इसका खतरा खासकर उन लोगों में ज्यादा होता है, जिन्हें पहले से रीढ़ की हड्डी या जोड़ों से जुड़ी समस्याएं हैं.

मुंबई के सैफी हॉस्पिटल के कंसल्टेंट स्पाइन सर्जन डॉ. अमित शर्मा कहते हैं, "जब आप हील पहनते हैं, तो आपके शरीर का वजन आगे की ओर शिफ्ट हो जाता है. संतुलन बनाए रखने के लिए आपका शरीर अपने आप पेल्विस (कूल्हे की हड्डियों) और लोअर बैक (कमर के निचले हिस्से) की पोजिशन में बदलाव करता है. इससे पीठ की मांसपेशियों पर दबाव पड़ता है और दर्द या परेशानी हो सकती है. खासकर तब, जब आप लंबे समय तक ऊंची हील पहनते हैं."

हील जितनी ऊंची होती है, इसका असर उतना ही ज्यादा होता है. डॉ. अमित बताते हैं, "आपको काफ मसल टाइटनेस (पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव), फीट पेन (पैरों में दर्द) और बैकऐक (पीठ दर्द) भी हो सकता है."

यह परेशानी सिर्फ स्टिलेटो पहनने वाली महिलाओं तक ही सीमित नहीं है. शादी में शामिल होने वाले पुरुषों को भी टाइट फॉर्मल फुटवियर पहनने और घंटों खड़े रहने या चलने के बाद दर्द हो सकता है. गांधीनगर के स्टर्लिंग हॉस्पिटल के ऑर्थोपेडिक्स, जॉइंट रिप्लेसमेंट और कॉम्प्लेक्स ट्रॉमा सर्जरी विभाग के डायरेक्टर डॉ. निशित सांघवी कहते हैं, "पुरुषों के लिए टाइट इटैलियन पॉइंटेड-टो लोफर्स, पॉइंटेड ऑक्सफोर्ड और एंकल बूट्स विद नैरो टो बॉक्स (आगे से संकरे एंकल बूट्स) पैर की उंगलियों को दबा सकते हैं. इन्हें कुछ घंटों तक पहनने के बाद दर्द और परेशानी हो सकती है."

पुरुषों के लिए शादी के दौरान पहने जाने वाली ड्रेस दिक्कतें पैदा कर सकती हैं (सांकेतिक तस्वीर)

वे कहते हैं, "महिलाओं के लिए स्टिलेटो, पॉइंटेड-टो बैलेरिना और आगे से संकरी ऊंची हील भी टो पेन (पैर की उंगलियों में दर्द), फीट स्ट्रेन (पैरों पर दबाव) और सामान्य परेशानी की वजह बन सकती हैं."

डॉ. सांघवी का कहना है कि तीन इंच से ज्यादा ऊंची हील, खासकर स्टिलेटो पहनने से एंकल (टखना) मुड़ने का खतरा बढ़ जाता है. अनइवन सरफेस (असमान जमीन), रफ टेरेन (ऊबड़-खाबड़ रास्ते) या मोटे कारपेट पर चलते समय यह खतरा और बढ़ सकता है.

डॉ. सांघवी के मुताबिक, हैवी वेडिंग क्लोदिंग (शादी के भारी कपड़े) भी एक और चुनौती पेश करती है. हैवी एंब्रायडरी वाले लहंगे, साड़ियां और गाउन के साथ ज्वैलरी का कुल वजन 5-10 किलो तक हो सकता है. घंटों तक इतना वजन उठाने से लोगों के खड़े होने और चलने का तरीका बदल सकता है. खासकर तब जब वे पहले से ही ऊंची हील पहनकर संतुलन बनाने की कोशिश कर रहे हों.

डॉ. शर्मा कहते हैं, "जब कोई आउटफिट खास तौर पर भारी होता है तो इससे शोल्डर्स (कंधों), नेक (गर्दन) और लोअर बैक (कमर के निचले हिस्से) पर दबाव पड़ सकता है. आउटफिट का वजन संभालने के लिए आप अनजाने में अपने खड़े होने या चलने के तरीके में भी बदलाव कर सकते हैं. घंटों तक ऐसा रहने से मसल फटीग (मांसपेशियों में थकान) और परेशानी हो सकती है."

हालांकि, सिर्फ कपड़ों का वजन ही रीढ़ की हड्डी से जुड़ी समस्याओं की वजह नहीं बनता. पॉश्चर भी उतनी ही अहम भूमिका निभाता है. खासकर उन लोगों के लिए जिन्हें पहले से बैक पेन या नेक पेन (गर्दन में दर्द) की परेशानी है. डॉ. सांघवी कहते हैं, "सिर्फ कपड़ों का वजन हमेशा बैक (पीठ) से जुड़ी समस्याओं की वजह नहीं बनता. पॉश्चर बहुत मायने रखता है. ट्रेडिशनल आउटफिट्स (पारंपरिक कपड़े) पहनकर झुककर बैठने या आगे की ओर झुकने से बैक (पीठ) पर दबाव बढ़ सकता है. इससे पहले से मौजूद बैक पेन (पीठ दर्द) की परेशानी और बढ़ सकती है." उनका सुझाव है कि पीठ और गर्दन पर दबाव कम करने के लिए शरीर को सीधा रखें, चिन (ठुड्डी) ऊपर रखें और शोल्डर्स (कंधों) को ढीला छोड़ें.

एक और ऐसी परेशानी, जिस पर आमतौर पर कम ध्यान दिया जाता है, वह है शादी के कपड़ों के नीचे टाइट शेपवियर और बॉडी कॉर्सेट पहनना. ये कपड़े पेट को दबा सकते हैं, जिससे भरपेट खाना खाने के बाद परेशानी हो सकती है.

डॉ. सांघवी कहते हैं, "कई लोग शरीर को एक खास शेप देने के लिए इन्हें पहनते हैं. ये कपड़े पेट को दबा सकते हैं. इस दबाव से एसिड रिफ्लक्स की परेशानी बढ़ सकती है और पाचन से जुड़ी परेशानी हो सकती है. खासकर खाना खाने के बाद." वे कहते हैं कि खाना खाने के बाद कपड़ों को थोड़ा ढीला करने से पेट पर दबाव कम करने में मदद मिल सकती है.

डॉक्टरों का कहना है कि कभी-कभार किसी शादी में तैयार होने से स्पाइन (रीढ़ की हड्डी) को लंबे समय तक नुकसान पहुंचने की आशंका नहीं होती. असली चिंता लंबे समय तक हैवी आउटफिट्स और हील पहनने, गलत पॉस्चर और पहले से मौजूद मस्कुलोस्केलेटल प्रॉब्लम्स (मांसपेशियों और हड्डियों से जुड़ी समस्याओं) को लेकर है.

डॉ. शर्मा कहते हैं, "कभी-कभार हील या हैवी आउटफिट्स (भारी कपड़े) पहनने का मतलब यह नहीं है कि आपकी स्पाइन (रीढ़ की हड्डी) को नुकसान पहुंचने वाला है. आमतौर पर परेशानी लंबे समय तक इन्हें पहनने, गलत पॉस्चर और पहले से मौजूद बैक या नेक की समस्याओं के कारण होती है. जिन लोगों को पहले से दर्द या स्पाइन से जुड़ी कोई दूसरी समस्या है, उनकी तकलीफ बढ़ सकती है."

ब्रॉडर बेस (चौड़े आधार) वाली हील चुनने, अलग-अलग कार्यक्रमों के बीच अनकंफर्टेबल फुटवियर की जगह आरामदायक जूते पहनने और हैवी आउटफिट्स के साथ हैवी हैंडबैग न रखने से शरीर पर पड़ने वाला दबाव कम हो सकता है.

डॉ. शर्मा कहते हैं, "अपनी स्पाइन का ख्याल रखने के लिए आपको फैशन छोड़ने की जरूरत नहीं है. बस इस बात का ध्यान रखें कि आप अपने शरीर पर कितना अतिरिक्त वजन डाल रहे हैं." वे कहते हैं, "शादी का आनंद लेना जरूरी है. लेकिन आप नहीं चाहेंगे कि इसके बाद के कुछ दिन बैक पेन या नेक पेन से उबरने में बीतें."

Read more!