scorecardresearch

जाएं तो कहां जाएं?

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने जमा पर ब्याज दरें घटा दी हैं. इसके बाद सभी सावधि जमा यानी एफडी पर मिलने वाले ब्याज में कमी आएगी. इसका असर पांच वर्ष के लिए की गई उन एफडी पर भी पड़ेगा जो कर बचाने के उद्देश्य से की जाती है.

फोटो सौजन्यः इंडिया टुडे
फोटो सौजन्यः इंडिया टुडे
अपडेटेड 12 सितंबर , 2019

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने जमा पर ब्याज दरें घटा दी हैं. इसके बाद सभी सावधि जमा यानी एफडी पर मिलने वाले ब्याज में कमी आएगी. इसका असर पांच वर्ष के लिए की गई उन एफडी पर भी पड़ेगा जो कर बचाने के उद्देश्य से की जाती हैं. शेयर बाजार टूट रहा है, जिसके कारण म्युचुअल फंड के रिटर्न भी आकर्षित करते नहीं दिख रहे. प्रॉपर्टी मार्केट का हाल बेहाल है इसलिए निवेश के लिए विकल्प और सीमित हो जाते हैं. 

ऐसे में एक छोटे निवेशक के सामने सवाल यह है कि अच्छे रिटर्न के लिए आखिर जाएं तो कहां जाएं? क्योंकि आइएलऐंडएफ और दीवान हाउसिंग के घटनाक्रम के बाद तो यह भी नहीं कह सकते कि डेट में लगा पैसा सुरक्षित है. कुल जमा बात यह है कि जहां जोखिम नहीं वहां रिटर्न सीमित और जहां रिटर्न अच्छे की उम्मीद बनती है वहां जोखिम बड़े हैं. 

निवेश के लिए रणनीति बनाने से पहले कितनी अवधि के लिए निवेश किया जा रहा है, इसका ध्यान रखना बेहद जरूरी है. ऐसा इसलिए क्योंकि कम समय में जो पैसा आपको वापस चाहिए अगर वह आप शेयर बाजार में निवेश कर देंगे तो हो सकता है मौजूदा बाजार की हलचल में आपकी पूंजी का बड़ा हिस्सा स्वाहा हो जाए. ऐसे में अगर आपको कम समय के लिए निवेश करना है तो अच्छी कंपनी या बैंक के डेट फंड आपके लिए बेहतर ऑप्शन हो सकते हैं. 

किसी फंड में निवेश करने से पहले उसे मिली रेटिंग्स को देख लें. उच्च रेटिंग वाले बॉण्ड में जोखिम कम होने के कारण रिटर्न भले कम हो लेकिन आपकी पूंजी सुरक्षित रहेगी. 

इसी तरह अगर आप मध्यम अवधि के लिए निवेश का मन बना रहे हैं तो डाकघर की बचत योजनाएं, किसान विकास पत्र, इंडेक्स फंड आपके लिए अच्छे ऑप्शन हो सकते हैं. पोर्टफोलियो का डाइवर्सिफाइड होना जरूरी है. लंबी अवधि के लिए अभी शेयर बाजार बेहतर विकल्प है. लेकिन निवेश सीधे न करके म्युचुअल फंड के रास्ते होना चाहिए. पीपीएफ, सुकन्या समृद्धि योजनाएं और म्युचुअल फंड के बीच अच्छा तालमेल बनाकर निवेश की रणनीति बनानी चाहिए. किसी एक निवेश विकल्प पर पूरी तरह निर्भरता सही नहीं. इसके अलावा इंश्योरेंस, लक्ष्य के हिसाब से नियमित निवेश जैसे मुद्दों पर वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.

(शुभम शंखधर इंडिया टुडे के एसोसिएट एडिटर हैं)

***

Advertisement
Advertisement