अपने पूरे लाव-लश्कर के साथ सफाई करने के लिए जयपुर आ धमके वे. अपने काम से उन्होंने नगरपालिका को भी शर्मिंदा कर दिया. लेकिन बदले में उन्हें यातायात के नियम तोड़ने का दोषी बनना पड़ा.
सिरसा स्थित आध्यात्मिक संगठन डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह 2 नवंबर को अपने पूरे 26,000 भक्तों के साथ जयपुर आ पहुंचे. सितंबर में दिल्ली में शुरू किए गए अपने धरती सफाई अभियान के तहत वे यहां सफाई के लिए आए थे. शहर के सभी 77 वार्डों में उनकी टीमें फैल गईं. 32-सदस्यों की केंद्रीय समिति के समन्वय से हर वार्ड के लिए 7 सदस्यों की समिति बनाकर सिंह के भक्तों ने शहर की सफाई का काम पूरे जोर-शोर से शुरू कर दिया.
उन्होंने सड़कों, गलियों, नालों की जमकर सफाई की और कूड़ा-करकट इकट्ठा किया. अंत में उन्होंने सारा कचरा जयपुर नगरपालिका (जेएमसी) की ओर से मुहैया की की गई गाड़ियों में डाल दिया. मात्र 10 घंटों में सिंह के भक्तों ने वह काम कर दिखाया जो जयपुर नगर गिनम के करीब 7,000 कर्मचारी कभी नहीं कर पाए.
यहां बता दें कि सफाई के मामले में जयपुर शहर का रिकॉर्ड बहुत खराब रहा है. 2001 से 2007 के बीच यह देश के 10 सबसे साफ-सुथरे शहरों में शुमार होता रहा है लेकिन मई, 2011 में केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की रिपोर्ट में यह 423 शहरों में 229वें नंबर पर जा पहुंचा.
जयपुर की महापौर ज्योति खंडेलवाल, जिन्हें शहर के सांसद महेश जोशी का समर्थन हासिल है, के साथ नगर पार्षदों और निगम के अधिकारियों की लड़ाई ने नगर निगम के कामकाज को लगभग ठप कर दिया है. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दोनों का ही समर्थन करते हैं. स्थानीय मीडिया और जयपुर वासियों ने सिंह के इस काम को खूब सराहा. लेकिन प्रशासन चिढ़ गया और उसने सिंह की सिर्फ एक गलती पकड़कर उन्हें दबोच लिया.
उनकी गलती यह थी कि वे जिन छह बुलेटप्रूफ लेक्सस एसयूवी गाड़ियों के काफिले के साथ आए थे, उन सभी के नंबर एक थे. ट्रैफिक पुलिस ने उन पर 500 रु. का जुर्माना लगाया. ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी ने इंडिया टुडे को बताया, ''यह एक बुनियादी कानून का उल्लंघन था.'' डेरा प्रमुख ने अपनी इस गलती पर दुख जताया और बताया कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं थी.
डेरा प्रमुख के काफिले में छद्म वाहन चलते हैं. यह तरीका उन्होंने अपने ऊपर हुए कई हमलों के बाद सुरक्षा के लिए अपनाया है. मई, 2007 में जब गुरु गोविंद सिंह के वेश में उनकी तस्वीर छपी थी, उसके बाद से उन पर कई हमले हो चुके हैं. उन पर और उनके संगठन के खिलाफ हत्या के दो और बलात्कार के एक मामले में सीबीआइ जांच चल रही है.

