scorecardresearch

महाराष्ट्र:सभी दलों के साथ मिलकर कोरोना का नाश करेंगे उद्धव ठाकरे

कोरोना के खिलाफ जंग की तैयारी के लिए हुई ऑनलाइन बैठक में उपमुख्यमंत्री अजित पवार, विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस, विधान परिषद में विपक्ष के नेता प्रवीण दरेकर, राज्य के मंत्री बालासाहब थोरात, अशोक चव्हाण, एकनाथ शिंदे, जयंत पाटिल, मनसे प्रमुख राज ठाकरे के साथ अन्य पार्टियों के नेता हुए शामिल.

कोरोना संकट से निपटने की राणनीती
कोरोना संकट से निपटने की राणनीती
अपडेटेड 7 मई , 2020

मुंबई सहित महाराष्ट्र में कोरोना का प्रकोप मई महीने में जिस तरह से विकराल रूप ले रहा है उससे राज्य के मुखिया उद्धव ठाकरे की चिंता बढ़ गई है. उन्हें यह डर सता रहा है कि उनकी सारी मेहनत पर कहीं पानी न फिर जाए. अब वो महसूस कर रहे हैं कि राजनीतिक रूप से एकजुट होकर महाराष्ट्र को कोरोना संकट से बाहर निकाला जा सकता है. इसीलिए उन्होंने गुरूवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए विपक्ष के नेता और अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ न सिर्फ इस मुद्दे पर बातचीत की बल्कि उनके सुझावों को भी गंभीरता से लिया. इन नेताओं ने मुख्यमंत्री को विश्वास दिलाया है कि कोरोना युद्ध में वे उनके साथ हैं.

कोरोना के खिलाफ इस बैठक में उपमुख्यमंत्री अजित पवार, विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस, विधान परिषद में विपक्ष के नेता प्रवीण दरेकर, राज्य के मंत्री बालासाहब थोरात, अशोक चव्हाण, एकनाथ शिंदे, जयंत पाटिल, मनसे प्रमुख राज ठाकरे के साथ अन्य पार्टियों के नेता उपस्थित थे.

मुख्यमंत्री ठाकरे ने विपक्ष और अन्य नेताओं को जानकारी देते हुए कहा कि दो महीने से ज्यादा समय से कोरोना के खिलाफ जंग जारी है. इसमें केंद्र के सहयोग के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन भी मिल रहा है. लॉकडाउन में सख्ती बरतने के कारण अप्रैल महीने में अच्छा परिणाम मिला. लेकिन मई के अंत तक ज्यादा सतर्क रहने और मेहनत करने की जरूरत है. मालेगांव और औरंगाबाद के कंटेंटमेंट जोन में जनप्रतिनिधियों से सहयोग करने का आग्रह किया गया है. हमें वेंटिलेटर की अपेक्षा ऑक्सीजन की ज्यादा जरूरत है. मुंबई के प्रवासी मजदूरों के लिए ट्रेन शुरू करने की अनुमति मिली है.

मुख्यमंत्री ने अजित पवार के साथ अन्य नेताओं के सुझाव सुने. पवार ने किसानों की कर्जमाफी के साथ कृषि संबंधी अन्य मुद्दों को उठाया. वहीं विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में स्वास्थ्य की स्थिति पर ध्यान देने के साथ राज्य और अस्पताल प्रबंधन को सुधारने का सुझाव दिया. पुलिस का मनोबल बढ़ाने के साथ प्रवासी मजदूरों के लिए अधिक ट्रेनों की मांग करने पर जोर दिया.

प्रवीण दरेकर ने इलाज के अभाव में मरीजों की मौत का मुद्दा उठाया. मनसे नेता राज ठाकरे ने कंटेंटमेंट जोन में एसआरपी बलों को तैनात करने के साथ बंद छोटे क्लिनिक को चालू कराने का सुझाव दिया. पीडब्ल्यूडी विधायक जयंत पाटिल, बहुजन विकास आघाडी के विधायक हितेंद्र ठाकुर, वंचित बहुजन आघाड़ी के अध्यक्ष प्रकाश अंबेडकर, एमआईएम सांसद इम्तियाज जलील, माकपा के अशोक ढवले, एसपी के अबू आजमी, भाकपा के प्रकाश रेड्डी, माकपा के मिलिंद रानडे, पीपल्स रिपब्लिकन पार्टी के अध्यक्ष प्रो. जोगेंद्र कवाडे सहित अन्य नेताओं ने भी सुझाव दिए.

***

Advertisement
Advertisement