scorecardresearch

लॉकडाउन डायरीः जिंदगी के नए फलसफे गढ़ता वक्त

लॉकडाउन की फिल्म अपने मध्यांतर पर भी न पहुंची थी कि हथेली की जीवन रेखा अचानक धूमिल लगने लगी. कारण? सारे के सारे बड़े ही जेनुइन और ख़ौफ़नाक! लंदन से दस दिन पहले लौटे पति, गले में दर्द भरी ख़राश, कपाल तक आ जाने वाला बुख़ार भी. ख़ुद की विलपावर इतनी पिलपिली दिखी कि शेम शेम के नारे खुद लगाने का मन हुआ.

लॉकडाउन और महिलाएं
लॉकडाउन और महिलाएं
अपडेटेड 14 अप्रैल , 2020

लॉकडाउन डायरी/रचना यदुवंशी

आज लॉकडाउन के बीस दिन पूरे हुए और आगे तक बढ़ाए जाने की घोषणा हुई तो मनःस्थिति पहले की लॉकडाउन की घोषणा से भिन्न है. पहले लगा था कि कैसे कर पायेंगे? बाजार की, बाहर की इतनी ज़्यादा आदत थी कि यह गुरूर भरा वाक्य जब तब उछाल दिया जाता था कि "भई हम घर घुस्सू तो हैं नहीं, दो से तीन दिन की ऑफिस की छुट्टी हो जाए तो मन बावरा हो लेता है." कभी कभार तो अपनी नॉन वर्किंग फ्रेन्ड्स को ताना मारने की नीयत से भी हमसे यह पाप किया.

पर वो कह गए हैं न कि सब दिन न रहत एक समाना. लॉकडाउन में मेरा ओपन अप परतों में हुआ. सभी आउट हाउस डोमेस्टिक हेल्प ने लॉकडाउन का बड़ी दरियादिली से पालन किया और मुझे छोड़ दिया रसोई, लॉन्ड्री, हाउस कीपिंग की घनघोर सुरंग में जिसके मुहाने पे फिलवक्त कोई रौशनी न थी.

यहां मुझे मानव मन के मनोविज्ञान का बड़ा रोचक सिरा मिला कि औरत अगर कामकाजी हो तो उसका अहं भी पुरुषों से मैच करने लगता है. ख़ुद को इस मोर्चे पर भी साबित करने की होड़ में ओवरटाइम भी हुआ और काफ़ मसल्स में दर्द भी, लेकिन एक सूत्र हाथ लग गया कि जिन कामों पर हम हज़ारों की पगार दूसरों पर लुटाते आ रहे थे, वो सब हम ज़्यादा सही और सुघड़ता से कर सकते हैं.

लॉकडाउन की फिल्म अपने मध्यांतर पर भी न पहुंची थी कि हथेली की जीवन रेखा अचानक धूमिल लगने लगी. कारण? सारे के सारे बड़े ही जेनुइन और ख़ौफ़नाक! लंदन से दस दिन पहले लौटे पति, गले में दर्द भरी ख़राश, कपाल तक आ जाने वाला बुख़ार भी. ख़ुद की विलपावर इतनी पिलपिली दिखी कि शेम शेम के नारे खुद लगाने का मन हुआ.

हर साल मार्च की सीजनल सिकनेस इस बार प्राण हरने वाली अंतिम बेला सी लगी. हैल्दी और 'नो सिम्टम' वाले पति तो रात में पैरासिटामोल की गोली देकर आदर्श पति का गेस्ट एपीयरेंस वाला रोल निभा मस्त खर्राटे लेते और मैं पूरी तीन निद्रारहित रातों में डबडबाईं आँखों से प्रियजनो को निहारती, अपने गहनों, साड़ियों को सौतन के तन पर सजा इमेजिन करती और हॉस्पिटल में अपनी कोरोना लैस बॉडी डोनेशन की अंतिम इच्छा को ख़ारिज होते हुये हैल्युसिनेट करती.

तीन दिन की शारीरिक से ज़्यादा मानसिक बीमारी से व्यवहारिक काउंसलिंग कर परिवार ने बाहर निकाला तो चौथे दिन की सुबह मेरे ख़ुद के गार्डन में मेरा पुनर्जन्म हुआ.

मैंने कठफोड़वा और गौरैया की बातें सुनीं, गुड़हल के फूल को टाइम लैप्स में खिलता देखा, सड़क का शोर बगिया के भौंरे की गुंजन से होता हुआ ह्रदय के स्पंदन में समाता हुआ महसूस किया. दूसरा बड़ा जीवन का खुलासा हुआ कि चुप होने में और मौन होने में काँच और हीरे सा फ़र्क़ है.

बीस दिन की इस फ़ोर्स्ड आध्यात्मिक यात्रा में बहुत कुछ वो समझ में आया जो अब तक सिर्फ़ पढ़ा था, गुना नहीं! समझ में आया कि जीवन उतना कॉपलिकेटिड है नहीं जितना हमने खुद बनाया है.

समझ में आया कि सोशल डिस्टेंसिंग का मतलब परिवार से जुड़ना और वहाट्स एप के शैलो ग्रुप्स से बाहर निकलना है. समझ में आया कि क्वारंटीन का मतलब अंदर रहना नहीं औक़ात में रहना है. बहुत कुछ और समझना बाक़ी है इसलिये लॉकडाउन एक्सटेंशन की तारीख़ों में मुझे जीवन के नये फ़लसफ़ों की वर्कशॉप नज़र आ रही है.

रचना यदुवंशी उत्तर प्रदेश के परिवहन विभाग में ए. आर.टी.ओ. हैं. साहित्यिक अभिरुचियों के चलते लेखन से विशेष प्रेम है. नोएडा से यह लॉकडाउन डायरी लिखी है.यहां व्यक्त विचार उनके अपने हैं, और इसमें इंडिया टुडे की सहमति आवश्यक नहीं है .

***

Advertisement
Advertisement