scorecardresearch

अरामको पर हमले से कच्चे तेल में उबाल, भारत पर कितना असर?

सऊदी अरब की तेल कंपनी अरामको की दो बड़ी रिफाइनरियों पर यमन के हूती विद्रोहियों ने ड्रोन से हमला कर दिया, जिसके बाद दोनों जगहों पर तेल उत्पादन ठप हो गया. इस खबर के बाद कच्चे तेल की आपूर्ति पर गहराते संकट का असर सोमवार के बाजार में दिखा. 

इंडिया टुडे/ रॉयटर्स
इंडिया टुडे/ रॉयटर्स
अपडेटेड 17 सितंबर , 2019

सऊदी अरब की तेल कंपनी अरामको की दो बड़ी रिफाइनरियों पर यमन के हूती विद्रोहियों ने ड्रोन से हमला कर दिया, जिसके बाद दोनों जगहों पर तेल उत्पादन ठप हो गया. अरामको दुनिया की सबसे बड़ी तेल कंपनी है. इन दोनों जगहों पर बंद हुआ उत्पादन अरामको के कुल उत्पादन का 50 फीसदी और वैश्विक उत्पादन का 5 फीसदी है. इस खबर के बाद कच्चे तेल की आपूर्ति पर गहराते संकट का असर सोमवार के बाजार में दिखा. 

कच्चे तेल में उबाल

ब्रेंट क्रूड की कीमत एक सेकेंड में 12 डॉलर प्रति बैरल तक उछल गई. दोपहर 12 बजे ब्रेंट 10 फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ क्रूड 66 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा था. वैश्विक बाजार की तेजी का असर भारतीय बाजार पर भी दिखा. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर कच्चा तेल 10 फीसदी उछलकर 4,300 रुपए प्रति बैरल के स्तर पर आ गया. यह फरवरी, 2016 के बाद अब तक की सबसे बड़ी एकदिनी तेजी है. 

तेजी जारी रहने की आशंका

केडिया कमोडिटी के प्रमुख अजय केडिया कहते हैं, ‘अरामको की रिफायनरी पर हमले से पहले भी कच्चे तेल में वापसी के संकेत दिखने लगे थे.’ अमेरिका और चीन के बीच छिड़े ट्रेड वॉर को दोनों  देश सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं. चीन की ओर से टैरिफ लगाने की तारीख को आगे बढ़ाना इसका सीधा संकेत है. ऐसा होने पर कच्चे तेल की मांग में तेजी का होना स्वाभाविक है. 

केडिया आगे कहते हैं, ''इसके अलावा भी बारिश के बाद देश में व्यवसायिक गतिविधियां में तेजी आने से पेट्रोल-डीजल की मांग में सुधार दिखने की उम्मीद है. अमेरिका में भी सर्दियां शुरू होने के बाद मांग को बल मिलेगा.’’ यानी अरामको पर इस हमले से पहले भी कई घरेलू और वैश्विक संकेत यह इशारा कर रहे थे कि कच्चे तेल की मांग में इजाफा तय है. अब अरामको पर हमले के बाद कच्चे तेल की आपूर्ति पर असर पड़ेगा, जिससे कीमतों में तेजी देखने को मिलेगी. 

केडिया मानते हैं, ''सितंबर के अंत तक कच्चा तेल 80 डॉलर प्रति बैरल तक के स्तर दिखा सकता है.’’ यह स्तर पिछले साल सितंबर में बना ऊपरी स्तर है. यानी पिछले साल सितंबर की कहानी एक बार भी कच्चे तेल की कीमतें दोहराती दिखेंगी. कच्चे तेल की कीमतों में यह तेजी भारत के लिए बुरी खबर हो सकती है, जो सरकार से सड़क पर चलने वाले आम आदमी तक के लिए परेशानी का सबब बन सकती है. हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से तेल की आपूर्ति प्रभावित न हो इसके लिए रणनीतिक रिजर्व से तेल सप्लाई की अनुमति दी गई है. 

चिंता की वजह

कच्चे तेल की कीमतों में 1 डॉलर प्रति बैरल का इजाफा सालाना आधार पर भारत के बिल को 10,000 करोड़ रु. तक बढ़ा देता है. 66 डॉलर तक कारोबार करने वाला कच्चा तेल अगर 80 डॉलर तक पहुंच गया तो इसका असर सरकार के आयात बिल और व्यापार घाटे दोनों पर दिखेगा. इसके अलावा पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने का असर महंगाई और सुस्ती की मार झेल रहे उद्योगों के मार्जिन पर भी पड़ेगी. 

***

Advertisement
Advertisement