आज से करीब 1 साल पहले जब अमेज़न ने ईको नाम का स्पीकर लॉन्च किया, तब वो शायद लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा था लेकिन लोगों को ये उम्मीद जरूर थी की अगर इसमें कुछ सुधार किए गए तो ये एक बेहतरीन गैजेट बन के उभर सकता है.
इस कमी को पूरा किया है अमेजन ने एक नया गैजेट लॉन्च करके जो है अमेज़न ईको डॉट. गूगल होम मिनी से सीधे मुकाबले के बाद भी ईको डॉट इस समय बाजार का सबसे ज्यादा बिकने वाला स्पीकर बना हुआ है.
कैसे करता है ये काम
इको डॉट केवल उन लोगों के लिए बना है जिनके पास एक अच्छा इंटरनेट कनेक्शन है. ये खासकर उन लोगों के लिए है जिन्हें ज्यादा मेहनत से परहेज है क्यूंकि इसमें आपको गानें सुनने के लिए केवल इतना बोलना है ''अलेक्सा प्ले म्यूसिक'' और गाना खुद शुरू हो जाएगा.
छोटा पर दमदार
अगर डिजाइन की बात की जाए तो इसको 10 में 10 अंक दिए जा सकते हैं. इसका छोटा और कॉम्पैक्ट डिजाइन इसे बहुत ही सुंदर बनाता है. इसे आप घर या ऑफिस कहीं भी रख सकते हैं. अगर देखा जाए तो ईको स्पीकर ना तो इतना बड़ा है ना भारी पर इको डॉट के सामने वो भी बड़ा लगने लगता है.
ईको डॉट भले ही बाकी स्पीकर्स के मुकाबले काफी छोटा है पर इसमें हर वो खासियत है जो आपको एक अच्छे स्पीकर में चाहिए होती है.
अगर आप चाहें तो इसे फोन या फिर एक बड़े स्पीकर से भी कनेक्ट कर सकते हैं. फीचर्स के मामले में भी ये मार्केट के बाकी स्पीकरों से आगे है. कॉलिंग करने के लिए आपको बस जुबानी आदेश देना है और कॉल खुदबखुद लग जाएगी. इसके लिए आपको अलेक्सा ऐप में जाकर अपना फोन नंबर और कॉन्टैक्ट्स लिंक करने होंगे.
मैसेज करने के लिए भी आपको मैसेज लिखने की जरूरत नहीं है. केवल बोलिए और बाकी का काम अलेक्सा कर देगी.
देखा जाए तो ये बाजार के बाकी स्पीकर्स के मुकाबले क्वालिटी, उपयोगिता में बेहतर होने के साथ ही सस्ता भी है. पर इन खासियतों के साथ कुछ खामियां भी हैं. जिन्हें इग्नोर नहीं किया जा सकता.
बिना पॉवर कनेक्शन इसे चलाया नहीं जा सकता है यानी इसे रिचार्ज नहीं किया जा सकता है. हल्के और छोटे आकार का होने के बाद भी सफर करने वाले उपभोक्ता अमेज़न इको डॉट का लुत्फ नहीं उठा सकते हैं. लेकिन फिर भी घर में या आफिस में इसका मजा तो लिया ही जा सकता है.
शोभित शर्मा इंडिया टुडे मीडिया इंस्टीट्यूट के छात्र हैं और इंडिया टुडे में प्रशिक्षु हैं
***

