शम्मी कपूर
(1930-2011)
आशा पारेख, अभिनेत्री
तुमसा नहीं देखा शम्मी कपूर से मेरी पहली मुलाकात दिल दे के देखो (1959) के बनने के दौरान हुई थी. उन्होंने कभी मुझे नई एक्ट्रेस की तरह महसूस नहीं होने दिया. उनके शरीर में ही संगीत और लय मौजूद थे. वे कभी डांस डायरेक्टर के आसरे नहीं रहे.
वे अपने डांस स्टेप खुद ही तय करते थे और इस तरह से डांस किया कि कोई कभी भी उनकी नकल नहीं कर सकता.
तुमसे अच्छा कौन है रानीखेत में दिल दे के देखो की शूटिंग के दौरान उन्होंने फूलों से लदा एक पेड़ देखा. उन्होंने सफेद फूलों से भरी एक डाली काटकर मेरे पीछे लगा दी जो कि एक दृश्य में बहुत गजब की लगती है.
यूं तो हमने लाख हसीं देखे हैं हम बहुत शरारती थे और उस भीड़ को देखा करते थे जो हमें शूटिंग करते हुए देखने आया करती थी. हम चुपचाप भीड़ में सुंदर लोगों को देखते और उनकी खूबसूरती के बारे में एक-दूसरे से बातें करते.
मंसूर अली खान पटौदी
(1941-2011)
बिशन सिंह बेदी, क्रिकेटर
सबसे पहले देश भारत को टेस्ट का दर्जा मिलने के बाद टाइगर पटौदी भारतीय क्रिकेट को मिलने वाला सबसे बड़ा वरदान थे.
वे नवाब थे, बेहद शरीफ इंसान और साथ ही वे ड्रेसिंग रूम में हिंदुस्तानियत का बीज बोने वाले पहले कप्तान थे. उनका नजरिया क्षेत्रीय कतई नहीं थाः ''हम बंबई, दिल्ली, मद्रास या मैसूर के लिए नहीं खेल रहे हैं... हम भारत के लिए खेल रहे हैं... बेहतरी की खातिर भारत के बारे में सोचो.''
ये शब्द आज भी मेरी स्मृति में एकदम ताजा हैं. मैंने खेलों की और किसी क्षेत्र की चर्चित हस्ती को घोषित रूप से ऐसा राष्ट्रवादी नहीं देखा. वे कभी इसका प्रदर्शन भी नहीं करते थे.
साहसी कप्तान इंग्लैंड में हुई एक कार दुर्घटना में उनकी दाहिनी आंख के स्थायी रूप से क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद हमें 100 प्रतिशत स्वस्थ टाइगर से वंचित होना पड़ा.
फिर भी वे मैदान में अत्यंत सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए इस भारी अक्षमता से उबर आए. खडकवासला स्थित नेशनल डिफेंस एकेडमी में एक शिविर के दौरान टाइगर ने 100 मीटर फर्राटा में 10.6 सेकंड का समय निकाला था.
कवर और मिड विकेट क्षेत्र में उनकी तेजी असाधारण थी. ड्रॉ के लिए खेलना उनकी मानसिक बनावट से मेल नहीं खाता था. शायद और बेहतर हरफनमौला फील्डर हुए होंगे मगर कवर में मुझे टाइगर को दे दीजिए, फिर तो कोई भी बल्लेबाज आ जाए सामने.
देव आनंद
(1923-2011)
शत्रुघ्न सिन्हा, अभिनेता
चिर युवा हालांकि वे देव पुकारे जाने पर ही जोर देते थे लेकिन युवा अभिनेता उन्हें इस नाम से संबोधित करने में हिचकिचाते थे.
और उन्हें 'देव अंकल' कहने की किसी की हिम्मत नहीं थी क्योंकि वे इससे आहत हो जाते थे.
विनम्र अभिनेता वे कभी युवा अभिनेताओं पर हावी होने की कोशिश नहीं करते थे.
शरीफ बदमाश (1973) फिल्म में देव साहब के साथ मेरा एक फाइट का दृश्य था जिसमें मुझे उनकी गर्दन पर चाकू रखना था. उन दिनों बड़े सितारे अपने ऐसे दृश्यों को संशोधित करवा दिया करते थे जिनमें उन्हें ऐसे रोल में दिखाया जाना हो. मगर उन्होंने ऐसा नहीं किया; वे एक स्वाभाविक दृश्य दिखाने के कायल थे. उन्हें किसी से खतरा नहीं महसूस होता था.
स्टाइल की समझ देव साहब से मेरा परिचय 1960 के दशक में हुआ. वे मेरे सिगरेट पकड़ने के तरीके और मेरी आवाज से प्रभावित हुए. उन्होंने कहा, ''इस लड़के में बहुत आत्मविश्वास है.'' जिस सुपरस्टार की मैं पूजा किया करता था उसके मुंह से ऐसी बात सुनना मेरे कॅरिअर की शुरुआत में एक निर्णायक क्षण था.
मक़बूल .फिदा 'सैन
(1915-2011)
कृष्ण खन्ना, कलाकार
मक़बूलियत का फ़न उनका तसव्वुर उमड़ कर बहता रहा और उनकी पेंटिंग्स बड़ी होती चली गईं. उनकी कुदरती कशिश और गैर-मामूली प्रतिभा ने समाज के हर तबके तक उनकी पहुंच आसान बना दी. वे अपनी कला की मांग और अपने सार्वजनिक व्यक्तित्व के बीच कोई विरोधाभास नहीं देखते थे.
एक बार की बात है आखिरी बार जब वे मुझसे मिलने आए तो उन्होंने अपनी तीन पेंटिंग्स अगल-बगल लगी देखीं. वे शायद अपनी जिंदगी के 1951 से 1961 के विभिन्न दौर को देखकर खामोश हो गए.
आखिरकार उन्होंने 1956 की एक पेंटिंग पर टिप्पणी की, ''अगर मैं उस दिशा में बढ़ा होता तो इंट्रोवर्ट शख्स हो गया होता.'' उन्होंने मुझसे अपने यहां आने को कहा ''इससे पहले कि मेरा चलने का व.क्त आ जाए.'' और ऐसा ही हुआ.
सिर पर हाथ रखने वाले यह हुसैन ही थे जिन्होंने मुझे प्रोग्रेसिव आर्टिस्ट्स ग्रुप में शामिल किया. मेरे काम को टाटा इंस्टीटयूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च के संज्ञान में लाने के लिए भी वे ही जिम्मेदार थे जो कि कला का एक महत्वपूर्ण संग्रह तैयार कर रहा था.
उन्होंने डॉ. होमी भाभा को मेरी पहली पेंटिंग बेची.
भीमसेन जोशी
(1922-2011)
अमजद अली खान, संगीतकार
जज्बे को सलाम वे मेरे वालिद उस्ताद हाफिज अली खान को जानते थे. मैं उनकी बातचीत में शिरकत करता था.
मैं हमेशा उनकी इस बात की कद्र करता था कि उन्होंने 11 साल की उम्र में ही अपने शिक्षाविद् पिता से अलग राह बनाने का फैसला कर लिया. वे घर के सामने से गुजर रहे भजन गायकों की टोली में शामिल हो जाते.
उनकी जिंदगी में अहम मोड़ उस वक्त आया जब उन्होंने उस्ताद अब्दुल करीम खान की ठुमरी पिया बिन नहीं आवत चैन सुनी. वे गुरु की तलाश में घर से निकल गए.
वे बिना टिकट ट्रेन से सफर करते और मुसाफिरों तथा टिकट चेक करने वाले स्टाफ के सामने गाना गाते. आखिरकार, वे ग्वालियर पहुंचे और पंडित कृष्णराव शंकर पंडित के शिष्य बन गए.
उनके सम्मान में जब हमने उन्हें उस्ताद हाफिज अली खान अवॉर्ड दिया तो यह बहुत बड़ा मौका था. सादगी और विनम्रता की प्रतिमूर्ति पं. जोशी ने अपनी शैली बना ली थी पर अक्सर कहते थे कि वे अब्दुल करीम खान और सवाई गंधर्व से प्रेरणा लेते रहते हैं.
सांप्रदायिकता के खिलाफ बाबरी मस्जिद गिराए जाने से साल भर पहले पंडित भीमसेन जोशी, उस्ताद अमीनुद्दीन डागर और मैंने अयोध्या में परफॉर्म किया था. हमने ऐतिहासिक स्थल को न गिराने की अपील की थी.
भूपेन हजारिका
(1926-2011)
सई परांजपे, फिल्मकार
पूर्णतावादी काम करते समय बारीकियों पर भूपेन दा की नजर प्रेरित करने वाली होती थी. वे हमेशा स्क्रिप्ट पढ़ते, फिल्म को समझते, गाने की सिचुएशन को समझते और फिर सही धुन बनाने के लिए काम शुरू करते.
वे उन लोगों में से थे जिन्हें बड़ी आसानी से सही मायनों में पूर्णतावादी व्यक्ति कहा जा सकता है. मुझे उनके सुखद लोक और कबाइली संगीत से प्रेम था जो उनकी विशिष्ट पहचान मानी जाती थी.
बेशकीमती कलाकार उनसे मेरी पहली मुलाकात 1990 के दशक के शुरू में हुई थी. वे बगैर किसी हिचकिचाहट के मेरी फिल्म पपीहा (1993) के लिए मेरे साथ नाममात्र के पारिश्रमिक पर काम करने के लिए तैयार हो गए.
निकटता पपीहा के कामयाब होने के बाद 1996 में मैंने साज के लिए उनसे संपर्क किया. फिल्म की विषय वस्तु के लिहाज से गाने को उन पर फिल्माया भी जाना था. उन्हें कैमरे में कैद करना दिलचस्प अनुभव रहा.
जगजीत सिंह
(1941-2011)
तलत अज़ीज़, गायक
सिंग इज किंग जगजीत सिंह से मैं पहली बार 1975 में हैदराबाद के रवींद्र भारती में मिला. जगजीत साहब बड़े मजे से मेरे बगल में बैठ गए और बोले, ''फिक्र मत करो! तुम गाओ और मैं माइक पकड़े रंगा.''
मैं गाता रहा और भूल ही गया कि उन्हें दोपहर के भोजन के लिए आमंत्रित किया गया था. उन्होंने इसे हंसी में उड़ा दिया और मेरे जुनून की तारीफ़ की.
उनके सम्मान में 1979 में जब मैं अपना पहला एल्बम निकालने की तैयारी कर रहा था तो मैंने जगजीत साब को फोन करके पूछा कि क्या वे मेरे एल्बम के लिए संगीत तैयार कर सकते हैं? उन्होंने हां कहने में देर न लगाई. एल्बम 8 फरवरी, 1980 को जारी किया गया, जो कि उनका जन्मदिन भी था.
आखिरी जश्न इस साल अपने 70वें जन्मदिन पर वे जश्न के मूड में थे. मंच पर जब मैं न्नगज़ल गा रहा था तब उन्होंने माइक ले लिया और एक शास्त्रीय बंदिश गाई.
फिर उन्होंने कुणाल गांजावाला, रूप कुमार और ललित पंडित से हमारा साथ देने के लिए कहा और जल्द ही महफिल एक मजेदार शाम में तब्दील हो गई. ललित मुन्नी बदनाम हुई पर साथ देने लगे तो जगजीत साहब थिरकने लगे.
हम नहीं जानते थे कि यह हमारी दुनिया से उनकी विदाई थी.
सत्य साईं बाबा
(1926-2011)
शिव कुमार शर्मा, संगीतकार
पुजारी नहीं, भगवान सत्य साईं बाबा के साथ मेरा 35 साल पुराना संबंध है.
शुरू में मुझे उन पर संदेह था लेकिन उनसे मिलने के बाद मुझे महसूस हुआ कि प्यार में कोई शर्त नहीं होती. वे राजा और रंक में कोई भेद नहीं करते थे. मैंने उनके लिए कई बार संतूर की प्रस्तुतियां दीं और उनकी सब जगह मौजूद होने की शक्ति को महसूस किया.
दरअसल, उन्होंने मुझे एक अंगूठी दी थी, जिसे मैं हमेशा पहने रहता हूं. मैं उनकी तस्वीर के साथ अपने मन की बात को साझा करता था. जब भी मैं उनसे मिलता तो वे हर बार मुझे बताते थे कि मैं क्या कर रहा हूं. वे पुजारी नहीं, भगवान के अवतार थे.
गरीब नवाज सामाजिक कल्याण को उन्होंने खूब बढ़ावा दिया. वे हमेशा दूसरे लोगों का जीवन स्तर सुधारने के बारे में सोचा करते थे, खासकर दलितों की जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने कई काम किए. उनके ट्रस्ट के प्रोजेक्ट इसके सबूत हैं.
वे दाता थे. उनकी शिक्षाएं मूल्य आधारित थीं, जिनमें किसी भी धर्म के प्रति कोई पूर्वाग्रह नहीं था.
बड़े दिल वाले एक बार उनसे मिलकर मैंने उन्हें एक ब्लैंक चेक दिया और कहा कि आप जितनी रकम चाहें उसमें भर लें.
उन्होंने कहा, ''तुम्हारा संगीत ही विश्व सेवा है.'' इसके बाद तो मेरे मुंह से कोई शब्द ही निकल सका.
महेंद्र सिंह टिकैत
(1935-2011)
सुरेंद्र सिंघल
किसानों के हितैषी उनके विरोधी भी किसानों के हित में किसी भी हद तक जाने की उनकी अदा पर फिदा रहते थे. वे एक बार धरने पर बैठ जाते तो समस्या का समाधान कराकर ही उठते थे.
उनको हराना मुश्किल था क्योंकि उन्हें जो सही लगता, वही कहते थे.
माटी पुत्र मोटे खद्दर का कुर्ता, सादी धोती, और सिर पर टोपी पहनने वाले टिकैत सारी व्यस्तताओं के बावजूद परिवार की देखभाल और खेतीबाड़ी का काम खुद करते थे. टिकैत ही थे जिन्होंने अपने पास सांसदों और विधायकों की फौज न होने पर भी कई बार केंद्र और राज्य सरकारों को किसानों की मांग के आगे झुकने के लिए मजबूर कर दिया.
उन्होंने जन आंदोलनों, धरना-प्रदर्शनों और दृढ़ इच्छाशक्ति की बदौलत अपनी पहचान बनाई. कभी कोई सियासी दल उनका इस्तेमाल नहीं कर पाया.
कमजोर पहलू पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के बाद किसान राजनीति में चमके टिकैत पर देश का ध्यान गया. उन्हीं की वजह से अजित सिंह और मुलायम सिंह यादव किसानों की राजनीति में चौधरी चरण सिंह का स्थान नहीं ले पाए. लेकिन टिकैत का कमजोर पहलू यह रहा कि उन्होंने देश में किसान नेतृत्व पैदा ही नहीं होने दिया, जो उनकी विरासत संभाल सके.
श्रीलाल शुक्ल
(1925-2011)
सुशील सिद्धार्थ
शिवपालगंज का ग्लोबल कथाकार लखनऊ के अतरौली में 31 दिसंबर, 1925 को जन्मे श्रीलाल शुक्ल ने 1947 में स्नातक डिग्री हासिल करने के बाद 1949 में राज्य सिविल सेवा की नौकरी शुरू की और 1983 में भारतीय प्रशासनिक सेवा से निवृत्त हुए.
उनका विधिवत लेखन 1954 से शुरू हुआ और हिंदी गद्य का एक गौरवशाली अध्याय आकार लेने लगा. दस उपन्यास, चार कहानी संग्रह, नौ व्यंग्य संग्रह, एक आलोचना, दो विनिबंध में समाया है श्रीलाल शुक्ल का वाग्वैभव.
मील का पत्थर राग दरबारी के बाद हिंदी साहित्य को दो भागों में बांटकर देखा जा सकता हैः राग दरबारी पूर्व हिंदी गद्य और उत्तर राग दरबारी हिंदी गद्य. कई हिंदी गद्य रचनाओं में श्रीलाल शुक्ल की छाप साफ देखी जा सकती है.
जीवंत-जागरूक अनुशासन, जिंदादिली और सदाशयता के मूर्तरूप श्रीलाल शुक्ल 'लद्धड़ और ललाम गद्य' से नफरत करते थे. वे उन चंद रचानकारों में से थे जिन्होंने हिंदी की ताकत का एहसास विश्वस्तर पर कराया.
अर्जुन सिंह
(1930-2011)
अशोक वाजपेयी, कवि
सुसंस्कृत व्यक्ति अर्जुन सिंह एक असाधारण राजनीतिक थे. वे किताबें पढ़ते थे और उनका मानना था कि किसी लोकतांत्रिक राज्य के पोषण और विकास में संस्कृति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और इसलिए इसके प्रति भी कुछ जिम्मेदारी बनती है.
राजनीति के खतरे वे समतावादी, बहुलतावादी और दृष्टिसंपन्न व्यक्ति थे मगर उनके कई राजनैतिक कदमों ने इस छवि को धुंधला, या यहां तक कि एकदम नष्ट ही कर दिया.
अधिकार को अहमियत उन्होंने इंदिरा गांधी को लिखा था, ''संस्कृति को विचारधारा या राजनैतिक विश्वास के मुकाबले ज्यादा तरजीह दी जानी चाहिए.''
इंदिरा गांधी ने उन्हें कुछ कांग्रेसियों की शिकायत भेजी थी कि उनकी सरकार कांग्रेस प्रमुख (इंदिरा) की आलोचना वाली किताबें खरीद रही है.
बालेश्वर यादव
(1915-2011)
कुमार हर्ष
आशु कवि-लोक गायक मऊ जिले के चचाईपार गांव में जन्मे बालेश्वर यादव का बचपन और किशोरावस्था बिरहा गायकों की प्रस्तुतियां सुनने और गुनगुनाने में बीती. वे तुरत-फुरत ऐसी तुकबंदी कर लेते जिसे ज्यादातर लोग सराहते थे, लेकिन उन्होंने गायकी नहीं छोड़ी.
खारिज कर दिए गए थे अमिताभ बच्चन की तरह आकाशवाणी ने उनकी भी आवाज को खारिज कर दिया था. लेकिन नेताओं ने उनकी खूबी पहचानी और वे लखनऊ पहुंच गए. इसके बाद एचएमवी ने 1979 में उनके दो रिकॉर्ड निकाले और फिर उन्होंने मुड़कर नहीं देखा.
सम्मान भोजपुरी गायकों को शोहरत और पैसा दिलाने वाले बालेश्वर को कई पुरस्कारों के अलावा 'यश भारती' से सम्मानित किया गया. रई-रई-रई रे को सिग्नेचर ट्यून बनाने वाले बालेश्वर अपने साथ भोजपुरी को भी सम्मान दिला गए.
स्टीव जॉब्स
(1955-2011)
डिजाइन गुरु और हमेशा प्रतियोगिता से एक कदम आगे रहने वाले एप्पल इनकॉ. के सह-संस्थापक स्टीव जॉब्स ने हमारी कल्पना शक्ति को चुनौती देने वाले उत्पाद प्रस्तुत कर तकनीक के प्रति हमारे नजरिए में क्रांतिकारी बदलाव ला दिया.
चाहे सर्वव्यापी वह मैकबुक रही हो, आइपैड या आइफोन, ये सभी पूर्णता के प्रति भारी जुनून, सपने और वास्तविकता को मिलाने और फिर नया उत्पाद तैयार करने के साहस से प्रेरित थे.
दुनिया को बेहतर और खुशहाल बनाने के लिए उनमें गजब का जज्बा था. वे आखिर तक अपने इस सपने को वास्तविकता में तब्दील करने में लगे रहे.
हरगोविंद खुराना
(1922-2011)
उनका जीवन एक प्रेरक जीवन था. वे इस वक्त के पाकिस्तान में एक पटवारी के परिवार में पैदा हुए थे. 1943 में लाहौर स्थित पंजाब युनिवर्सिटी से स्नातक की डिग्री लेने और यूरोप-अमेरिका के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों में अध्ययन/अध्यापन के लिए जाने से पहले उन्होंने घर पर पिता से ही शिक्षा पाई थी.
1960 के दशक में खुराना और उनकी टीम ने डीएनए और आरएनए सीरीज के ज्ञात क्रम को सूचीबद्ध किया. इन प्रयासों का नतीजा रहा 1968 का शरीरक्रिया विज्ञान का नोबेल पुरस्कार. 1966 में ही अमेरिका की नागरिकता हासिल कर चुके खुराना को नेशनल मेडल ऑफ साइंस समेत कई तरह के पुरस्कारों से नवाजा गया.
उन्होंने अपने पेशे के आखिरी 40 साल मैसाच्युसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में गुजारे. वे जीवित किंवदंती बन गए.

