उत्तर प्रदेश की राजनीति में संदेश का तरीका अक्सर उतना ही अहम होता है जितना संदेश खुद. ऐसे समय में जब 2027 का विधानसभा चुनाव दूर नहीं है और 2024 के लोकसभा नतीजों ने कई सवाल खड़े किए, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संवाद का एक अपेक्षाकृत पारंपरिक रास्ता चुना है और वह है खुला पत्र.
‘योगी की पाती’ नाम से लिखी जा रही इन चिट्ठियों ने पिछले चार महीनों में एक नियमित राजनीतिक दखल का रूप ले लिया है. हर हफ्ते जारी हो रही यह पाती केवल सरकारी उपलब्धियों का ब्योरा नहीं, बल्कि एक सुनियोजित राजनीतिक और वैचारिक संदेश भी है.
अक्टूबर 2025 में छठ के अवसर पर शुरू हुई इस श्रृंखला की पहली चिट्ठी में मुख्यमंत्री ने शुभकामनाओं के साथ ‘एक जिला, एक नदी’ अभियान का जिक्र किया. हर जिले में एक नदी को पुनर्जीवित करने की पहल को उन्होंने जनभागीदारी से जोड़ते हुए पेश किया. शुरुआत से ही यह स्पष्ट था कि पाती का स्वर सीधे संवाद का है. संबोधन में औपचारिकता है, लेकिन भाषा अपेक्षाकृत सरल और भावनात्मक अपील वाली है.
इसके बाद के पत्रों में विषयों का विस्तार हुआ. कानून-व्यवस्था, अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान, चीनी मांझे पर प्रतिबंध, बच्चों में मोबाइल फोन की लत, सड़क सुरक्षा, ठंड में बेघर लोगों की मदद, दीपावली का सांस्कृतिक महत्व, धार्मिक स्थलों का विकास, बजट और तकनीक- हर हफ्ते एक नया मुद्दा. यह अलग-अलग सामाजिक समूहों तक अलग-अलग संदेश पहुंचाने की रणनीति का हिस्सा प्रतीत होती है;
दिसंबर की एक चिट्ठी में जब अवैध प्रवासियों का मुद्दा उठा, तब पृष्ठभूमि में सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई और राज्य स्तर पर सत्यापन अभियान था. मुख्यमंत्री ने “सार्वजनिक संसाधनों पर गैर-कानूनी बोझ” हटाने की जरूरत पर जोर दिया और नागरिकों से घरेलू या व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वालों का सत्यापन करने की अपील की. यह संदेश स्पष्ट रूप से कानून-व्यवस्था और राष्ट्रवाद की उस राजनीति के अनुरूप था जिसने 2017 से उनकी सरकार की पहचान गढ़ी है.
दूसरी ओर, दीपावली के यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने सांस्कृतिक गौरव को रेखांकित किया. अयोध्या में दीपोत्सव, राम मंदिर निर्माण, काशी और मथुरा के विकास, संभल में कल्कि धाम और कुशीनगर के बौद्ध स्थल का जिक्र करते हुए उन्होंने धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक पुनरुत्थान को उपलब्धि के रूप में पेश किया. यह संदेश उस हिंदुत्ववादी आधार को संबोधित करता है जिसने BJP को लंबे समय तक मजबूती दी है.
एक और पत्र में ठंड के दौरान बेघर लोगों की मदद का आह्वान किया गया. यहां स्वर प्रशासनिक कम और मानवीय ज्यादा था. लोगों से अपील की गई कि वे जरूरतमंदों को शेल्टर होम तक पहुंचाएं. इसी तरह सड़क सुरक्षा माह के दौरान 23 एक्सीडेंट प्रोन जिलों में 3000 स्थानों को “जीरो डेथ जोन” में बदलने की योजना का उल्लेख विकास और संवेदनशील शासन की छवि गढ़ता है. बच्चों को संबोधित पत्र में चीनी मांझे के खतरे और मोबाइल फोन की लत का जिक्र था. दरअसल जब नेता सीधे बच्चों से संवाद करता है, तो वह घर-घर में चर्चा का विषय बनता है.
इन पत्रों को कुछ लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ से जोड़कर देखते हैं. प्रधानमंत्री मोदी का मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ लंबे समय से सीधे संवाद का माध्यम रहा है. हालांकि मुख्यमंत्री के करीबी बताते हैं कि वे पहले भी सांसद रहते हुए लेख और ब्लॉग लिखते रहे हैं. फर्क यह है कि अब यह संवाद नियमित और संस्थागत रूप ले चुका है.
राजनीतिक संदर्भ इस पूरी पहल को और महत्वपूर्ण बनाता है. 2024 के लोकसभा चुनाव में BJP को उत्तर प्रदेश की 80 में से 33 सीटें मिलीं, जो 2019 के मुकाबले काफी कम थीं. समाजवादी पार्टी ने 37 सीटें जीतीं और कांग्रेस को छह सीटें मिलीं. यह परिणाम BJP के लिए चेतावनी की तरह था. अंदरूनी स्तर पर ब्राह्मण राजनीति और नेतृत्व को लेकर खींचतान की चर्चाएं भी रहीं. ऐसे में ‘योगी की पाती’ को एक तरह से अपने समर्थन आधार को फिर से सक्रिय और एकजुट करने के प्रयास के रूप में देखा जा सकता है. लखनऊ के प्रतिष्ठित अवध कालेज की प्राचार्य बीना राय कहती हैं, “योगी की पाती राजनीतिक संवाद की एक सुनियोजित रणनीति है, जिसमें सांस्कृतिक प्रतीक, कानून-व्यवस्था, सामाजिक चेतावनी, विकास का वादा और भविष्य की अर्थव्यवस्था का खाका एक साथ बुना गया है. सवाल यह नहीं कि पत्र लिखे जा रहे हैं, बल्कि यह कि वे किसे संबोधित कर रहे हैं और किस संदेश के साथ.”
दिलचस्प यह भी है कि पत्रों के विषय केवल वैचारिक मुद्दों तक सीमित नहीं हैं. बजट 2026-27 के बाद जारी पाती में मुख्यमंत्री ने इसे “नवाचार का ऐतिहासिक बजट” बताया. 9.12 लाख करोड़ रुपए के बजट को उन्होंने युवा, महिला, अन्नदाता और गरीब की आकांक्षाओं से जोड़ा. राजनीतिक विश्लेषक और बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रोफेसर और राजनीतिक विश्लेषक सुशील पांडेय कहते हैं, “यहां रणनीति दो स्तरों पर काम करती दिखती है. पहला, वैचारिक और भावनात्मक मुद्दों के जरिए अपने कोर वोटर को मजबूत करना. दूसरा, विकास, रोजगार और तकनीक की बात कर युवाओं और मध्यम वर्ग को संबोधित करना. खुला पत्र इन दोनों को जोड़ने का माध्यम बनता है, क्योंकि इसमें सरकारी विज्ञापन जैसी औपचारिकता कम और व्यक्तिगत अपील ज्यादा होती है.”
एक और पहलू है नियंत्रण और स्वामित्व का. जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी खुद विषय चुनते हैं, ड्राफ्ट लिखते और संपादित करते हैं. नाम और प्रारूप भी उन्होंने तय किया. इससे संदेश पर उनका सीधा नियंत्रण बना रहता है. सोशल मीडिया और टीवी बहसों की भीड़ में यह एक ऐसा मंच है जहां एजेंडा वही तय करते हैं. राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में जहां राजनीतिक विमर्श अक्सर तीखा और ध्रुवीकृत रहता है, वहां साप्ताहिक पत्र एक स्थिर लय बनाते हैं. हर हफ्ते एक नया मुद्दा, एक नई अपील और एक नई उपलब्धि. यह निरंतरता 2027 की तैयारी का हिस्सा मानी जा सकती है. दस साल पूरे करने जा रहे मुख्यमंत्री के लिए यह चुनाव केवल सत्ता की लड़ाई नहीं, बल्कि नेतृत्व की परीक्षा भी होगा. जैसे-जैसे 2027 करीब आएगा, यह देखना दिलचस्प होगा कि इन चिट्ठियों का स्वर और विषय किस दिशा में जाते हैं.

