scorecardresearch

महाराष्ट्र : कौन बनेगा मुख्यमंत्री? फडणवीस का पलड़ा भारी लेकिन शिंदे अभी-भी सीन में हैं!

विधानसभा चुनाव से पहले एक समय महायुति की पार्टियां एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाने पर सहमत थीं लेकिन चुनाव की शुरुआत में ही यह एकराय बंट गई

एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस
एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस
अपडेटेड 25 नवंबर , 2024

राजनीति में पांच महीने का समय बहुत लंबा होता है और इस समय देवेंद्र फडणवीस से बेहतर यह आपको कोई नहीं बता सकता. महाराष्ट्र के इस बीजेपी नेता ने लोकसभा चुनाव में राज्य में अपनी पार्टी को मिली हार की जिम्मेदारी लेते हुए जून में इस्तीफा देने की पेशकश की थी. 

करीब पांच महीने बाद नवंबर में, वे विधानसभा चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाली महायुति की जीत के प्रमुख सूत्रधारों में से एक बन चुके हैं. दूसरे सूत्रधार हैं मुख्यमंत्री और शिवसेना के प्रमुख एकनाथ शिंदे. अब महायुति इनमें से किसे मुख्यमंत्री बनाएगी? ताजा चुनाव नतीजे इस सवाल को जन्म देते हैं.

बीजेपी के नेतृत्व वाली महायुति ने 288 सीटों में से 230 सीटों पर कब्जा कर भारी जीत दर्ज की है, जबकि महा विकास अघाड़ी (MVA) महज 50 सीटें ही जीत पाई. महाराष्ट्र में बहुमत का आंकड़ा 145 है. देवेंद्र फडणवीस नागपुर दक्षिण पश्चिम से, जबकि एकनाथ शिंदे कोपरी-पचपाखड़ी निर्वाचन क्षेत्र से जीते हैं. महाराष्ट्र में नतीजे सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक बड़े तबके ने बीजेपी की जीत का श्रेय फडणवीस को दिया है. इंडिया टुडे टीवी के कंसल्टिंग एडिटर राजदीप सरदेसाई कहते हैं, “इस स्थिति में यही कहा जा सकता है कि अब देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे हैं.”

महायुति खेमे में शिंदे के मुख्यमंत्री बनाने को लेकर शुरुआत में सहमति थी लेकिन बाद में यह एकराय खत्म हो गई. गृह मंत्री अमित शाह ने इस महीने की शुरुआत में कहा कि महाराष्ट्र चुनाव के बाद सहयोगी इस बात का फैसला करेंगे कि मुख्यमंत्री कौन होगा. शाह ने 10 नवंबर को कहा, "फिलहाल एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री हैं. चुनाव के बाद तीनों गठबंधन सहयोगी सीएम पद पर फैसला करेंगे." एकजुटता दिखाते हुए शिंदे की शिवसेना ने भी कहा कि बीजेपी से कोई मुख्यमंत्री बनता है तो उसे दिक्कत नहीं है. 23 नवंबर को देवेंद्र फडणवीस ने भी पत्रकारों से बात करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री पद पर कोई विवाद नहीं है और चुनाव पूरा हो जाने के बाद तीनों पार्टियां (बीजेपी, शिवसेना और एनसीपी) मिलकर मुख्यमंत्री तय करेंगी.

भाजपा महाराष्ट्र में 149 सीटों पर चुनाव लड़ रही थी, जिसमें से उसने 132 जीती हैं. यह 88 फीसद का जबर्दस्त स्ट्राइक रेट है और इसमें फडणवीस की अहम भूमिका दिखती है. उन्होंने हिंदू वोटों को एकजुट करने के लिए कई बार अपनी छवि से विपरीत आक्रामता दिखाई. धुले लोकसभा सीट में मालेगांव सेंट्रल मुस्लिम बहुल क्षेत्र है. यहां मुसलमानों ने आम चुनाव में कांग्रेस को भारी संख्या में वोट दिए थे जिससे बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा था. इसका हवाला देते हुए फडणवीस ने मतदाताओं को चेताया था, “बंटेंगे तो कटेंगे.” महाराष्ट्र चुनाव से ऐसा लगता भी है कि हिंदू वोट बड़े पैमाने पर एकजुट हुए.
 
इधर एकनाथ शिंदे खुद एक मजबूत मराठा नेता के रूप में उभरे हैं, और शिवसेना के शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने साबित कर दिया है कि वे बाल ठाकरे की विरासत के सच्चे उत्तराधिकारी हैं. शिंदे की सेना ने 81 सीटों पर चुनाव लड़ा और 57 जीती हैं, जो 70 फीसद का स्ट्राइक रेट है.

इस चुनाव में शिंदे की ‘लाडकी बहिन योजना’ को भी गेमचेंजर कहा जा रहा है जिसने महिला मतदाताओं को अपने पाले में लाने में मदद की. इस योजना को आगे बढ़ाने में शिंदे का असर इस मायने में खास हो जाता है कि महिलाओं को नकद पैसा देने का वादा कांग्रेस की अगुवाई वाले गठबंधन महा विकास अघाड़ी (MVA) ने भी किया था, लेकिन वह महिलाओं को भरोसा जीतने में उतना कामयाब नहीं हो पाया. जाहिर है कि ऐसे में मुख्यमंत्री पद के लिए शिंदे की दावेदारी अभी खत्म नहीं हुई है. 

Advertisement
Advertisement