scorecardresearch

यूपी में हर स्टूडेंट होगा ट्रैक! APAAR+ मिशन से शिक्षा में क्रांति आएगी या बढ़ेंगी चुनौतियां?

डिजिटल आईडी से हर छात्र की निगरानी, ड्रॉपआउट पर लगाम का दावा; लेकिन कमजोर इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सुरक्षा और शिक्षकों पर बढ़ता बोझ APAAR+ की बड़ी चुनौतियां बने हुए हैं

उत्तर प्रदेश में 6 लाख 2 हजार छात्र स्कूलों में नामांकित है. (फोटो-ITG)
सरकारी स्कूलों में APAAR+ का 82 प्रतिशत से ज्यादा कवरेज हो चुका है
अपडेटेड 24 अप्रैल , 2026

उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी और ट्रैक करने योग्य बनाने के लिए योगी सरकार ने ‘अपार प्लस (APAAR+) मिशन’ शुरू किया है. सरकार का दावा है कि अब कोई भी बच्चा पढ़ाई के सिस्टम से बाहर नहीं रहेगा और हर छात्र की शैक्षणिक यात्रा एक यूनिक डिजिटल आईडी के जरिए रिकॉर्ड और मॉनिटर की जा सकेगी. 

उत्तर प्रदेश सरकार ने करीब 4.24 करोड़ छात्रों को इस प्लेटफॉर्म से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें अब तक 2.68 करोड़ से अधिक बच्चों को शामिल कर 63 प्रतिशत से ज्यादा लक्ष्य हासिल किया जा चुका है. सरकारी स्कूलों में 82 प्रतिशत से अधिक कवरेज इस बात का संकेत देता है कि सिस्टम जमीनी स्तर तक तेजी से पहुंच रहा है. 

लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या यह डिजिटल ढांचा वास्तव में शिक्षा का स्तर सुधार पाएगा या फिर यह एक और डेटा-आधारित प्रशासनिक प्रयोग बनकर रह जाएगा.

डिजिटल पहचान से शिक्षा पर ‘रियल-टाइम’ नजर

APAAR+  का सबसे बड़ा वादा है- हर छात्र की पूरी शैक्षणिक प्रोफाइल का डिजिटलीकरण. नामांकन से लेकर उपस्थिति, परीक्षा परिणाम और एक्स्ट्रा करीकुलर एक्टिविटी तक हर जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर दर्ज होगी. आधार से लिंक यह यूनिक आईडी छात्र की पहचान को स्थाई बनाती है, जिससे स्कूल बदलने पर भी रिकॉर्ड अपने आप ट्रांसफर हो जाएगा. बेसिक शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी बताते हैं, “पहले बच्चों के रिकॉर्ड बिखरे हुए होते थे. एक स्कूल से दूसरे स्कूल जाने पर पूरा डेटा फिर से बनाना पड़ता था. अब एक क्लिक में छात्र की पूरी शैक्षणिक यात्रा सामने होगी. इससे न सिर्फ समय बचेगा, बल्कि पारदर्शिता भी बढ़ेगी.” 

इस तरह की व्यवस्था का सीधा असर यह हो सकता है कि सरकार के पास पहली बार इतने बड़े स्तर पर रियल-टाइम डेटा उपलब्ध होगा, जिसके आधार पर नीतियां ज्यादा सटीक और लक्षित बन सकती हैं.
अगर इसे शिक्षा सुधार के नजरिए से देखें तो यह पहल कई स्तरों पर असर डाल सकती है. पहला, जवाबदेही बढ़ेगी. जब हर छात्र की उपस्थिति और प्रगति ऑनलाइन दर्ज होगी तो स्कूलों और शिक्षकों की जिम्मेदारी भी तय होगी. लंबे समय से यह शिकायत रही है कि कई स्कूलों में नामांकन तो दिखाया जाता है, लेकिन वास्तविक उपस्थिति काफी कम होती है. APAAR+ इस अंतर को उजागर कर सकता है. 

इससे ड्रॉपआउट की समस्या पर भी नियंत्रण संभव है. उत्तर प्रदेश में खासकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों में यह एक बड़ी दिक्कत रही है. APAAR+ के जरिए सरकार पहली बार इतने बड़े पैमाने पर यह ट्रैक कर पाएगी कि कौन बच्चा सिस्टम से बाहर हो रहा है. शिक्षा विभाग के एक जिला स्तर के अधिकारी कहते हैं, “अगर कोई बच्चा लगातार अनुपस्थित रहता है या स्कूल छोड़ देता है, तो सिस्टम तुरंत अलर्ट देगा. इससे हम समय रहते दखल कर सकेंगे.”

शिक्षा विशेषज्ञों का भी मानना है कि यह कदम सही दिशा में है. लखनऊ विश्वविद्यालय के एक शिक्षा विश्लेषक के मुताबिक, “डेटा आधारित ट्रैकिंग से ड्रॉपआउट को कम करने में मदद मिल सकती है, लेकिन इसके लिए सिर्फ डेटा नहीं, बल्कि फील्ड स्तर पर सक्रिय कार्रवाई भी जरूरी होगी.”

योजनाओं में पारदर्शिता और कई चुनौतियां 

APAAR+ का एक बड़ा असर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी पड़ सकता है. छात्रवृत्ति, यूनिफॉर्म, किताबें और मिड-डे मील जैसी योजनाओं में अक्सर फर्जी लाभार्थियों या डुप्लीकेट नामांकन की शिकायतें आती रही हैं. एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, “जब हर छात्र की यूनिक आईडी होगी, तो डुप्लीकेट एंट्री खत्म हो जाएगी. इससे सरकारी योजनाओं का लाभ सही बच्चों तक पहुंचेगा और लीकेज रुकेगा. यह पूरी पहल National Education Policy 2020 के उस विजन के अनुरूप है, जिसमें शिक्षा को डेटा-आधारित और लचीला बनाने पर जोर दिया गया है. यानी सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि छात्र की पूरी सीखने की प्रक्रिया को ट्रैक करना और उसी के आधार पर निर्णय लेना.

सरकार APAAR+ को मिशन मोड में चला रही है. डेटा शुद्धिकरण, आधार सीडिंग, बायोमेट्रिक अपडेट और अभिभावक सहमति जैसी प्रक्रियाओं को एकीकृत किया गया है. हर शनिवार टारगेटेड सेचुरेशन कैंप लगाए जा रहे हैं और जिला व ब्लॉक स्तर पर लगातार समीक्षा हो रही है. लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और सवाल भी खड़े करती है. प्रदेश के कई ग्रामीण इलाकों में अभी भी इंटरनेट कनेक्टिविटी कमजोर है. कई स्कूलों में कंप्यूटर और तकनीकी संसाधनों की कमी है. सबसे पहली चुनौती डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की है. 

उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में आज भी इंटरनेट कनेक्टिविटी और तकनीकी संसाधनों की कमी एक बड़ी समस्या है. एक प्रधानाध्यापक बताते हैं, “हमारे स्कूल में इंटरनेट अक्सर नहीं चलता. ऐसे में डेटा अपलोड करना मुश्किल हो जाता है. कई बार हमें अपने मोबाइल डेटा से काम करना पड़ता है.” कई स्कूलों में कंप्यूटर, बिजली और प्रशिक्षित स्टाफ की उपलब्धता सीमित है. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या सभी स्कूल इस डिजिटल सिस्टम को समान रूप से लागू कर पाएंगे? अगर नहीं, तो यह असमानता को और बढ़ा सकता है.

डेटा की गुणवत्ता और विश्वसनीयता का सवाल

दूसरी बड़ी चुनौती डेटा की गुणवत्ता और शुद्धता की है. सरकार ने डेटा शुद्धिकरण, आधार सीडिंग और बायोमेट्रिक अपडेट जैसी प्रक्रियाओं को लागू किया है, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में छात्रों का डेटा एकत्र करना और उसे लगातार अपडेट रखना आसान नहीं है. एक शिक्षा नीति विशेषज्ञ कहते हैं, “डेटा की गुणवत्ता इस पूरी पहल की रीढ़ है. अगर आधार लिंकिंग या एंट्री में गलती हुई, तो आगे चलकर कई प्रशासनिक समस्याएं खड़ी हो सकती हैं.” अगर डेटा में त्रुटियां रह जाती हैं, तो पूरी प्रणाली की विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है. उदाहरण के लिए, गलत आधार लिंकिंग या डुप्लीकेट रिकॉर्ड जैसी समस्याएं भविष्य में बड़े प्रशासनिक संकट पैदा कर सकती हैं. 

तीसरा मुद्दा प्राइवेसी और डेटा सुरक्षा का है. जब करोड़ों छात्रों की व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर संग्रहीत होगी, तो उसके सुरक्षित रहने की जिम्मेदारी भी उतनी ही बड़ी होगी. भारत में डेटा प्रोटेक्शन को लेकर अभी भी मजबूत ढांचा विकसित हो रहा है, ऐसे में इस तरह की पहल में सुरक्षा मानकों का कड़ा पालन जरूरी है. आइटी क्षेत्र के विशेषज्ञ सतनाम अरोड़ा के अनुसार, “डेटा सुरक्षा के लिए मजबूत एन्क्रिप्शन और एक्सेस कंट्रोल जरूरी है. अगर यह डेटा लीक होता है, तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं.” किसी भी तरह की डेटा लीकेज या दुरुपयोग न सिर्फ छात्रों की निजता के लिए खतरा होगा, बल्कि सरकार की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े करेगा.

शिक्षकों पर बढ़ता प्रशासनिक बोझ

एक और महत्वपूर्ण पहलू है- शिक्षकों पर बढ़ता प्रशासनिक बोझ. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लगातार डेटा अपडेट करना, उपस्थिति दर्ज करना और अन्य जानकारियां भरना शिक्षकों के लिए अतिरिक्त काम बन सकता है. अगर इसके लिए पर्याप्त प्रशिक्षण और संसाधन नहीं दिए गए, तो यह उनके मूल काम-पढ़ाने-पर असर डाल सकता है. कई राज्यों में पहले भी देखा गया है कि टेक्नोलॉजी आधारित योजनाएं जमीन पर इसलिए कमजोर पड़ जाती हैं क्योंकि उन्हें लागू करने वाले लोगों को पर्याप्त तैयारी और सपोर्ट नहीं मिलता. इसके अलावा, निजी और सहायता प्राप्त स्कूलों में अपेक्षाकृत कम प्रगति भी एक संकेत है. सरकारी स्कूलों में जहां 82 प्रतिशत से अधिक कवरेज है, वहीं निजी स्कूलों में यह आंकड़ा करीब 50 प्रतिशत है. इसका मतलब है कि इस मिशन की सफलता के लिए सभी प्रकार के स्कूलों को समान रूप से शामिल करना जरूरी होगा. अगर निजी स्कूल पूरी तरह से इस सिस्टम में नहीं जुड़ते, तो डेटा अधूरा रहेगा और नीति निर्माण भी प्रभावित होगा.

क्या सिर्फ डेटा से सुधरेगा शिक्षा स्तर?

फिर एक बड़ा सवाल यह भी है कि क्या सिर्फ डेटा से शिक्षा का स्तर सुधर सकता है? APAAR+ छात्रों को ट्रैक जरूर करेगा, लेकिन शिक्षा की गुणवत्ता कई अन्य कारकों पर निर्भर करती है, जैसे शिक्षक की गुणवत्ता, पाठ्यक्रम, बुनियादी सुविधाएं और सीखने का माहौल. अगर इन पहलुओं में सुधार नहीं होता, तो डिजिटल ट्रैकिंग सिर्फ समस्याओं को उजागर करेगी, उनका समाधान नहीं. लखनऊ के एक शिक्षा विशेषज्ञ विनय कुमार का कहना है, “यह सिस्टम समस्याओं को पहचानने में मदद करेगा, लेकिन समाधान के लिए सरकार को जमीनी स्तर पर निवेश बढ़ाना होगा.” विशेषज्ञ मानते हैं कि अगर सरकार डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ-साथ स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं, शिक्षक प्रशिक्षण और सीखने के परिणामों पर भी समान ध्यान देती है, तो यह पहल शिक्षा के स्तर में वास्तविक सुधार ला सकती है. अगर नहीं तो फिर यह सिर्फ एक और महत्वाकांक्षी योजना बनकर रह जाएगी, जिसके आंकड़े तो प्रभावशाली होंगे, लेकिन असर सीमित.

Advertisement
Advertisement