उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुद्दे अक्सर बड़े होते हैं- कानून-व्यवस्था, विकास, रोजगार या जातीय समीकरण. लेकिन फतेहपुर के एक छोटे से चौराहे पर बनी चाय की दुकान ने जिस तरह पूरे प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है, वह दिखाता है कि चुनाव के नजदीक आते ही यहां प्रतीक और घटनाएं कितनी तेजी से राजनीतिक विमर्श का केंद्र बन जाती हैं.
अल्लीपुर बहेरा की एक साधारण चाय दुकान से शुरू हुआ विवाद अब लखनऊ के राजनीतिक गलियारों तक पहुंच चुका है और इसमें सत्ता, विपक्ष, प्रशासन और स्थानीय समीकरण सब उलझ गए हैं. मामले की शुरुआत 20 फरवरी को हुई, जब समाजवादी पार्टी (सपा) के अखिलेश यादव का काफिला खागा तहसील क्षेत्र से गुजर रहा था.
रास्ते में अल्लीपुर चौकी चौराहे पर स्थित शेषमणि यादव की चाय दुकान पर उनका काफिला रुका. यहां उन्होंने कुल्हड़ में चाय पी और दुकानदार के बेटे आर्यन यादव की तारीफ भी की. यह एक सामान्य राजनीतिक पड़ाव जैसा लग सकता था, लेकिन यही घटना आगे चलकर विवाद की जड़ बन गई.
आर्यन यादव पहले से ही सोशल मीडिया पर सक्रिय थे और कॉमेडी ब्लॉग बनाते थे. जब उन्होंने अखिलेश यादव को चाय पिलाने की तस्वीरें और वीडियो साझा किए, तो वे स्थानीय स्तर पर चर्चा में आ गए. उनकी दुकान पर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी, रील बनाने वालों का आना-जाना बढ़ गया और एक तरह से वह चाय दुकान अचानक “लोकल हॉट स्पॉट” बन गई.
विवाद का कारण बना अखिलेश को चाय पिलाना
लेकिन इस बढ़ती पहचान के साथ ही समस्याओं का सिलसिला शुरू होने का आरोप भी सामने आया. दुकानदार परिवार का आरोप है कि अखिलेश यादव को चाय पिलाने के बाद से उन्हें लगातार परेशान किया जाने लगा. 15 अप्रैल को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम दुकान पर पहुंची और चाय पत्ती का नमूना लिया. अधिकारियों का कहना है कि उन्हें शिकायत मिली थी और मिलावट की आशंका के चलते सैंपलिंग की गई.
लेकिन दुकानदार का आरोप है कि यह कार्रवाई असामान्य थी, क्योंकि जिले में पहली बार किसी चाय दुकान से इस तरह का सैंपल लिया गया. यहीं से विवाद ने राजनीतिक रंग लेना शुरू किया. दुकानदार ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने एल्युमिनियम के बर्तनों में चाय बनाने को लेकर उन्हें धमकाया और दुकान सील करने की बात कही. दूसरी तरफ खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया और कहा कि प्रक्रिया के तहत ही जांच की गई.
घटना यहीं तक सीमित रहती तो शायद यह एक प्रशासनिक विवाद बनकर रह जाती. लेकिन 17 अप्रैल को दुकानदार और उसके परिवार के साथ कथित मारपीट और लूटपाट की घटना ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया. पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई, यहां तक कि गोली मारने या वाहन से कुचलने जैसी बातें कही गईं. इस घटना के बाद परिवार ने अपनी दुकान बंद कर दी और दहशत में घर से भी बाहर निकलना कम कर दिया.
चाय दुकानदार के समर्थन में सपा
इस पूरे घटनाक्रम ने विपक्ष को सरकार पर हमला करने का मौका दे दिया. अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मामले को उठाया और BJP सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश के चाय विक्रेता अब “पीडीए टी” शुरू करेंगे.
सपा पिछले तीन वर्षों से मुख्य रूप से पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक पर केंद्रित पीडीए रणनीति को आगे बढ़ा रही है. अखिलेश ने इसे सिर्फ एक दुकानदार का मामला नहीं बल्कि उन सभी युवाओं पर दबाव बताया जो छोटे कारोबार के जरिए आत्मनिर्भर बनने की कोशिश कर रहे हैं. अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को प्रतीकात्मक रूप से भी पेश किया. उन्होंने सोशल मीडिया पर दो नामी कंपनियों के प्रेशर कुकर की तस्वीर साझा कर टिप्पणी की. अखिलेश ने लिखा कि एक गरीब चाय वाले को एल्युमिनियम के बर्तन के इस्तेमाल पर प्रताड़ित किया जा रहा है तो क्या बड़े ब्रांड के बर्तन बेचने या इस्तेमाल करने वालों पर भी कार्रवाई होगी.
उन्होंने तंज करते हुए यह भी कहा कि यह भी देख लिया जाए कि घरों में खिचड़ी किस बर्तन में बनती है कहीं वह भी एल्युमिनियम का तो नहीं या फिर उसे सोने में बदल दिया गया है. यह बयान सीधे तौर पर सरकार की नीतियों और प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े करता है.
BJP के पूर्व मंत्री पर आरोप
मामले को और राजनीतिक धार तब मिली जब पीड़ित परिवार को 19 अप्रैल को लखनऊ बुलाया गया और सपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कराई गई. यहां आर्यन यादव और उनके पिता को पीतल के बर्तन और थर्मस उपहार में दिए गए. यह कदम केवल सहानुभूति जताने तक सीमित नहीं था, बल्कि एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश भी था- छोटे व्यापारियों और युवाओं के मुद्दे को सपा अपने एजेंडे में शामिल कर रही है.
इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि चाय दुकान के परिवार पर हमले के पीछे कोई धुन्नी सिंह (फतेहपुर में हुसैनगंज विधानसभा के पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह) हैं. उन्होंने कहा कि यह इलाका गंगा किनारे का है. यहां जहां कछुआ तस्करी, शराब और अवैध मौरंग खनन जैसी गतिविधियां होती हैं.
अखिलेश ने यह बात उस समय कही जब आर्यन धुन्नी सिंह का नाम नहीं ले पा रहा था. लेकिन राजनीति में हर आरोप का जवाब भी आता है. कुछ समय बाद फतेहपुर में अपने आवास पर पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह ने अखिलेश यादव के आरोपों का कड़ा विरोध किया. पूर्व राज्यमंत्री ने कहा कि सपा शासनकाल में मौरंग माफिया गायत्री प्रसाद जैसे लोग थे. ऐसे में उनके खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं. उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव उनके खिलाफ कछुआ, शराब तस्करी या मौरंग माफिया होने का एक भी सबूत दे दें तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे. साथ ही उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह में आरोपों के समर्थन में प्रमाण नहीं दिए गए तो वह मानहानि का दावा करेंगे.
पिछड़ी जातियों को एकजुट करने की रणनीति
स्थानीय स्तर पर भी इस मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं. कुछ लोगों का मानना है कि आर्यन यादव अनजाने में किसी बड़ी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा बन गए हैं. वहीं कुछ इसे प्रशासनिक कार्रवाई का सामान्य मामला मानते हैं जिसे राजनीतिक रंग दे दिया गया.
वैसे फतेहपुर की सियासत को समझने के लिए 2022 के विधानसभा चुनाव नतीजे एक अहम आधार देते हैं. 10 मार्च 2022 को आए परिणामों में जिले की छह सीटों में से चार पर BJP और उसके सहयोगी दलों ने कब्जा बरकरार रखा, जबकि दो सीटों- फतेहपुर सदर और हुसैनगंज पर समाजवादी पार्टी ने वापसी दर्ज की. जहानाबाद, अयाह शाह और खागा सीट पर BJP का परचम लहराया, जबकि बिंदकी सीट सहयोगी अपना दल (एस) के खाते में गई. यह परिणाम बताता है कि जिले में मुकाबला एकतरफा नहीं, बल्कि संतुलित और बहुस्तरीय है.
हुसैनगंज सीट इस सियासी जंग का सबसे दिलचस्प केंद्र बनकर उभरी है. मुस्लिम बहुल इस सीट पर 2017 में रणवेंद्र प्रताप सिंह ने BJP के टिकट पर जीत हासिल की थी और योगी सरकार में राज्यमंत्री भी बने. लेकिन 2022 में सपा की ऊषा मौर्य ने उन्हें 25 हजार से ज्यादा वोटों से हराकर समीकरण बदल दिए. इससे साफ है कि यहां सामाजिक गठजोड़ चुनावी परिणामों को निर्णायक रूप से प्रभावित करते हैं.
साल 2024 के लोकसभा चुनाव ने सपा ने पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और कुर्मी बिरादरी से ताल्लुक रखने वाले नरेश उत्तम को चुनाव में उतारा था. उत्तम ने निषाद जाति से ताल्लुक रखने वाली BJP उम्मीदवार साध्वी निरंजन ज्योति को चुनाव में हराया था. पिछले महीने केंद्र सरकार ने निरंजन ज्योति को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग का चेयरमैन नियुक्त कर पिछड़ी जातियों को लुभाने का दांव खेला था. स्थानीय स्तर पर भी राजनीति जातीय और सामाजिक ध्रुवीकरण के इर्द-गिर्द घूमती नजर आती है.
आर्यन यादव की दुकान पर हमला करने में मुस्लिम जाति के कुछ लोगों पर आरोप लगा है. खागा के सेवानिवृत्त शिक्षक रामऔतार अग्रवाल का मानना है कि धुन्नी सिंह पर सीधे आरोप लगाकर अखिलेश यह बताने की कोशिश कर रहे हैं कि BJP यादव-मुस्लिम एकता को तोड़ने की कोशिश कर रही है. साथ ही वह ठाकुर बनाम पिछड़ी जाति की अपनी चिरपरिचित रणनीति को भी हवा दे रहे हैं. इस तरह चाय की दुकान से शुरू हुआ विवाद सामाजिक समीकरणों और वोटबैंक की बिसात पर खेला जा रहा राजनीतिक जंग में तब्दील हो गया है.

