आगरा के शमसाबाद में 14 जून को महाराणा प्रताप की 14 फीट ऊंची प्रतिमा के अनावरण का कार्यक्रम केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं था. मंच पर मौजूद केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भाषण और उनके राजनीतिक संकेतों ने इसे सीधे तौर पर उत्तर प्रदेश की बदलती राजनीतिक तस्वीर से जोड़ दिया.
महाराणा प्रताप के शौर्य और स्वाभिमान का उल्लेख करते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की विचारधारा को उससे जोड़ा, राष्ट्रवाद, धारा-370, राम मंदिर, आतंकवाद और नक्सलवाद जैसे मुद्दों को उठाया तथा विपक्ष पर भी निशाना साधा.
सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार के कामकाज की सराहना की और किसानों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए कहा कि वे आलू किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात करेंगे.
राजनीतिक गलियारों में इसे सामान्य बयान नहीं माना गया. इसे राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ के अलावा केंद्र और राज्य नेतृत्व के बीच बढ़ती राजनीतिक और व्यक्तिगत केमिस्ट्री के संकेत के रूप में देखा गया. दरअसल, पिछले छह महीनों में उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में राजनाथ सिंह की बढ़ी सक्रियता और योगी आदित्यनाथ के प्रति उनके सकारात्मक सार्वजनिक रुख ने BJP के भीतर एक नए राजनीतिक संदेश को जन्म दिया है. वर्ष 2027 विधानसभा चुनाव से पहले यह समीकरण BJP की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बनता दिखाई दे रहा है.
छह महीनों में बढ़ी राजनाथ की यूपी में मौजूदगी
रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह पिछले कुछ महीनों में उत्तर प्रदेश में लगातार सक्रिय रहे हैं. लखनऊ में सांसद के रूप में विकास कार्यों की समीक्षा, सांसद खेल महाकुंभ जैसे कार्यक्रमों में भागीदारी, प्रयागराज में रक्षा प्रदर्शनी, डिफेंस कॉरिडोर से जुड़े आयोजन और आगरा जैसे जिलों में राजनीतिक-सामाजिक कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी लगातार बढ़ी है.
BJP के भीतर इसे केवल सरकारी दायित्वों तक सीमित नहीं देखा जा रहा. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि लोकसभा चुनाव 2024 के बाद BJP उत्तर प्रदेश में संगठन को फिर से मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है. ऐसे समय में राजनाथ सिंह जैसे सर्वस्वीकार्य नेता की सक्रियता पार्टी के लिए अतिरिक्त राजनीतिक पूंजी का काम कर सकती है. दिलचस्प बात यह है कि जिन कार्यक्रमों में वे शामिल हो रहे हैं, उनमें केवल सरकारी योजनाओं का प्रचार नहीं बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक संदेश भी शामिल हैं. आगरा में महाराणा प्रताप के कार्यक्रम में भी यही देखने को मिला, जहां इतिहास, राष्ट्रवाद और किसान राजनीति को एक साथ जोड़ने की कोशिश की गई.
राजनाथ-योगी रिश्तों का बदलता राजनीतिक अर्थ
उत्तर प्रदेश BJP में लंबे समय तक अलग-अलग राजनीतिक धाराओं की चर्चा होती रही है. एक तरफ संगठन और सरकार के बीच संतुलन की राजनीति थी तो दूसरी तरफ योगी आदित्यनाथ का उभरता जनाधार. राजनीति के जानकार भी यूपी में BJP सरकार के शुरुआती वर्षों में राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ के बीच केवल औपचारिक संबंधों को ही देखते हैं. लेकिन पिछले वर्ष 27 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी की नई दिल्ली में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर हुई मुलाकात ने दोनों नेताओं के बीच संबंधों को एक नई पहल दी थी.
इसके बाद से राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ के बीच संबंध एक नई प्रगाढ़ता की ओर जाते दिख रहे हैं. राजनाथ सिंह ने कई सार्वजनिक मंचों से योगी सरकार की कानून-व्यवस्था, निवेश और विकास मॉडल की सराहना की है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान अब अपराध और माफिया नहीं बल्कि निवेश और विकास से बन रही है. यह बयान केवल मुख्यमंत्री की प्रशंसा नहीं बल्कि BJP के शासन मॉडल का समर्थन भी माना गया. दूसरी तरफ योगी आदित्यनाथ भी राजनाथ सिंह को BJP का वरिष्ठ और मार्गदर्शक नेता बताते रहे हैं.
दोनों नेताओं के बीच सार्वजनिक रूप से दिखाई देने वाला यह सम्मान BJP कार्यकर्ताओं के लिए भी स्पष्ट संदेश देता है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व एकजुट है. राजनीतिक विश्लेषक सुशील पांडेय कहते हैं, "BJP में नेतृत्व के कई स्तर हैं लेकिन उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सबसे बड़े जनाधार वाले नेता हैं. राजनाथ सिंह का सार्वजनिक समर्थन योगी की स्वीकार्यता को और व्यापक बनाता है. इससे पार्टी के भीतर एकजुटता का संदेश जाता है."
BJP क्यों बढ़ा रही है राजनाथ की भूमिका?
राजनाथ सिंह BJP के उन चुनिंदा नेताओं में हैं जिनकी स्वीकार्यता पार्टी की लगभग हर धारा में है. संघ परिवार से लेकर संगठन और सरकार तक उनकी छवि संतुलित और संवादकारी नेता की रही है. उत्तर प्रदेश में उनका प्रभाव विशेष रूप से सवर्ण वर्ग, शहरी मतदाताओं, पुराने BJP कार्यकर्ताओं और संगठन के पारंपरिक ढांचे में देखा जाता है. लोकसभा चुनाव 2024 के परिणामों ने BJP को यह एहसास कराया कि केवल कोर वोट बैंक के भरोसे चुनाव नहीं जीते जा सकते. पार्टी को व्यापक सामाजिक गठबंधन और संगठनात्मक मजबूती दोनों की जरूरत है. ऐसे में राजनाथ सिंह की सक्रियता BJP के लिए कई राजनीतिक उद्देश्यों को पूरा करती है. सुशील पांडेय के मुताबिक, “वे पार्टी के पारंपरिक समर्थक वर्ग को जोड़कर रखते हैं. दूसरी बात है कि उनकी छवि अपेक्षाकृत सौम्य और सर्वस्वीकार्य नेता की है जो BJP के कठोर राजनीतिक विमर्श को संतुलित करने का काम करती है. इसके अलावा संगठन और सरकार के बीच समन्वय स्थापित करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है.”
आगरा में शमसाबाद का कार्यक्रम केवल महाराणा प्रताप की प्रतिमा के अनावरण तक सीमित नहीं था. किसान-जवान स्वाभिमान रैली में BJP ने राष्ट्रवाद, किसान हित, सामाजिक गौरव और विकास के मुद्दों को एक साथ प्रस्तुत किया. राजनाथ सिंह ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, विपक्ष की आलोचना की और भविष्य की राजनीतिक दिशा का संकेत भी दिया. विशेष रूप से फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर, आगरा सांसद एसपी सिंह बघेल और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया की सार्वजनिक प्रशंसा ने स्थानीय नेतृत्व को भी स्पष्ट संदेश दिया कि केंद्रीय नेतृत्व उनकी भूमिका को महत्व दे रहा है.
राजनीतिक विश्लेषक अजय कुमार मानते हैं कि यह कार्यक्रम केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं था. उनके अनुसार, "BJP अब 2027 यूपी चुनाव की तैयारी जिला स्तर से शुरू कर चुकी है. ऐसे कार्यक्रमों के जरिए पार्टी स्थानीय नेतृत्व का मूल्यांकन, संगठन की ताकत का प्रदर्शन और सामाजिक समूहों तक पहुंच बनाने का काम कर रही है."
योगी को क्या मिलेगा फायदा?
राजनाथ सिंह की बढ़ती सक्रियता और समर्थन का सबसे बड़ा राजनीतिक फायदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मिल सकता है. सबसे पहले, इससे BJP के भीतर नेतृत्व को लेकर किसी भी तरह की अटकलों को विराम मिलता है. विपक्ष लगातार BJP में अंदरूनी मतभेदों का मुद्दा उठाता रहा है. लेकिन जब राजनाथ सिंह जैसे वरिष्ठ नेता सार्वजनिक मंचों से योगी सरकार की प्रशंसा करते हैं तो यह संदेश जाता है कि मुख्यमंत्री को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का पूरा समर्थन प्राप्त है.
दूसरा, राजनाथ सिंह का प्रभाव उन सामाजिक वर्गों में भी है जहां योगी का प्रभाव अपेक्षाकृत सीमित माना जाता है. ऐसे में दोनों नेताओं की संयुक्त स्वीकार्यता BJP के सामाजिक आधार को और मजबूत कर सकती है. तीसरा, राजनाथ सिंह संगठन और सरकार के बीच पुल की भूमिका निभा सकते हैं. BJP का पुराना संगठनात्मक ढांचा और अनुभवी कार्यकर्ता उनके साथ सहज महसूस करते हैं. इससे चुनावी तैयारी के दौरान बेहतर समन्वय संभव हो सकता है. चौथा, राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व के बीच तालमेल की सकारात्मक छवि मतदाताओं के बीच विश्वास बढ़ाने का काम करती है.
योगी और राजनाथ के बीच बनी ट्यूनिंग केवल राजनीतिक संबंधों की कहानी नहीं है, बल्कि 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में BJP द्वारा तैयार किए जा रहे बड़े सियासी समीकरण का हिस्सा भी मानी जा रही है. अगर आने वाले दिनों में यह तालमेल इसी तरह बना रहता है तो BJP इसे चुनावी रणनीति के एक मजबूत स्तंभ के रूप में पेश कर सकती है.

