
मुरादाबाद जल्द ही देश के पहले ऐसे थीम पार्क की पहचान हासिल करने जा रहा है जो पूरी तरह भारतीय खेलों को समर्पित है. बुद्धि विहार फेज-2 में विकसित हुआ ‘मेजर ध्यानचंद भारतीय खेल पार्क’ न केवल खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि भारतीय खेल विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी माध्यम बनेगा.
इस पार्क की सबसे बड़ी खासियत इसकी कहानी है. जिस चार एकड़ जमीन पर आज भारतीय खेलों का यह भव्य परिसर आकार ले रहा है, वहां कभी शहर का कूड़ा डंपिंग ग्राउंड हुआ करता था. अब यही स्थान खेल, संस्कृति और प्रेरणा का केंद्र बनने जा रहा है.

करीब आठ करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुए इस पार्क का उद्देश्य उन पारंपरिक खेलों को फिर से जीवंत करना है जो मोबाइल और डिजिटल मनोरंजन के दौर में धीरे-धीरे बच्चों की दुनिया से गायब होते जा रहे हैं.
पार्क में कबड्डी, खो-खो, गिल्ली-डंडा, कंचे, पतंगबाजी, मल्लखंभ, पिट्टू, रस्साकशी, कुश्ती और बाटा दौड़ जैसे भारतीय खेलों को प्रमुखता से स्थान दिया गया है. प्रत्येक खेल के इतिहास, नियम और सामाजिक महत्व को रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया है.

इसमें प्रवेश करते ही आगंतुकों का सामना भारतीय खेल संस्कृति की झलकियों से होगा. पार्क में विभिन्न खेलों से जुड़े आकर्षक सूचना बोर्ड और डिजिटल स्क्रीन लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से बच्चे खेलों की उत्पत्ति और विकास यात्रा को समझ सकेंगे.

पार्क का एक बड़ा आकर्षण आदमकद मूर्तियां हैं. खो-खो, कबड्डी और कुश्ती खेलते खिलाड़ियों की जीवंत प्रतिमाएं खेलों की ऊर्जा और रोमांच को दर्शाती नजर आएंगी. ये मूर्तियां फोटो खिंचवाने वालों के लिए भी विशेष आकर्षण बनेंगी.

बचपन की यादों को ताजा करने के लिए यहां विशालकाय लट्टू स्थापित किया गया है. वहीं शतरंज प्रेमियों के लिए बड़ी बिसात तैयार की गई है, जहां लोग खेल का आनंद लेने के साथ तस्वीरें भी खिंचवा सकेंगे.


पार्क में प्रस्तावित वैक्स म्यूजियम इसे और खास बनाएगा. यहां भारत के महान खिलाड़ियों की मोम की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी जो विजिटर्स को देश की खेल विरासत से जोड़ेंगी और युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेंगी.

यह केवल प्रदर्शनी स्थल नहीं होगा. बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए खेल गतिविधियों की सुविधाएं भी विकसित की गई हैं ताकि लोग खेलों को केवल देखें ही नहीं, बल्कि उन्हें खेलकर अनुभव भी कर सकें.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और क्रीड़ा भारती के अध्यक्ष अवनीश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में तैयार हो रही इस परियोजना की निगरानी नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल कर रहे हैं. पार्क को भारतीय खेलों की विविधता और सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है.
दिव्यांशु पटेल का मानना है कि यह पार्क नई पीढ़ी को मोबाइल स्क्रीन से निकालकर खेल मैदान तक लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. साथ ही यह भारतीय खेलों के प्रति गौरव और जुड़ाव की भावना को भी मजबूत करेगा.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों जल्द ही लोकार्पित होने वाला यह पार्क मुरादाबाद को नई पहचान देगा. यह केवल मनोरंजन का केंद्र नहीं, बल्कि भारतीय खेल परंपरा, संस्कृति और विरासत का जीवंत संग्रहालय साबित होगा.

