
उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा हर साल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनती है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में बढ़ती भीड़, अव्यवस्थित यातायात और सुरक्षा चुनौतियों ने इस यात्रा को प्रशासन के लिए भी बड़ी परीक्षा बना दिया है. हालांकि इस साल की चारधाम यात्रा कई मायनों में अलग होने जा रही है.
इस बार एक तरफ जहां सरकार ने श्रद्धालुओं की संख्या पर कोई पाबंदी न लगाने का फैसला किया है, वहीं यात्रा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए कई नई व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं. इसके साथ ही बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की तरफ से 'गैर-सनातनियों' के प्रवेश पर प्रतिबंध का प्रस्ताव भी चर्चा में है, जिसने इस यात्रा को धार्मिक और सामाजिक बहस के केंद्र में ला दिया है.
इस वर्ष चारधाम यात्रा की औपचारिक शुरुआत 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होगी. इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे. प्रशासन और मंदिर समिति का कहना है कि इस बार यात्रा को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए कई स्तरों पर तैयारी की जा रही है.
पिछले वर्षों में रिकॉर्ड भीड़ और बढ़ती चुनौतियां
चारधाम यात्रा में पिछले कुछ वर्षों में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी है. वर्ष 2025 में चारों धामों में कुल 48.31 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे. इनमें केदारनाथ में 17,68,795, बद्रीनाथ में 16,60,224, गंगोत्री में 7,58,249 और यमुनोत्री में 6,44,637 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए. यह संख्या न केवल उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है बल्कि प्रशासन के लिए भीड़ प्रबंधन की बड़ी चुनौती भी बन जाती है. विशेष रूप से केदारनाथ और बद्रीनाथ मार्ग पर कई बार लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिलता है.
जोशीमठ से बद्रीनाथ तक का मार्ग कई बार घंटों तक जाम में फंस जाता है, जिससे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी उठानी पड़ती है. इसी तरह केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच वाहनों का दबाव भी बड़ी समस्या रहा है. पिछले वर्षों में अचानक बढ़ी भीड़ के कारण प्रशासन को कई बार यात्रा को नियंत्रित करने या यात्रियों की संख्या सीमित करने जैसे कदमों पर विचार करना पड़ा था. इससे यात्रियों के बीच भ्रम की स्थिति भी पैदा होती रही.
संख्या पर पाबंदी नहीं पर रजिस्ट्रेशन जरूरी
इस बार उत्तराखंड सरकार ने साफ कर दिया है कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या पर कोई पाबंदी नहीं लगाई जाएगी. सरकार का कहना है कि जो भी श्रद्धालु यात्रा करना चाहते हैं, उन्हें धामों तक पहुंचने से नहीं रोका जाएगा. गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चारों धामों में आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि “सरकार का उद्देश्य श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करना है. संख्या पर किसी तरह की रोक नहीं होगी, लेकिन किसी स्थान पर अचानक भीड़ बढ़ती है तो स्थानीय प्रशासन परिस्थितियों के अनुसार निर्णय ले सकेगा.” इस निर्णय से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि पिछले वर्षों में यात्रा के दौरान प्रतिबंध या नियंत्रण की चर्चा से कई लोग दुविधा में रहते थे.

यात्रा प्रबंधन को व्यवस्थित बनाने के लिए इस बार भी रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था लागू की गई है. सरकार ने चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. प्रशासन का मानना है कि इससे भीड़ प्रबंधन आसान हो जाता है. हालांकि जिन श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन संभव नहीं है, उनके लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध होगी.
ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन यात्रा शुरू होने से दो दिन पहले यानी 17 अप्रैल से शुरू होगा. इसके लिए राज्य के कई स्थानों पर रजिस्ट्रेशन केंद्र बनाए जाएंगे. सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस बार रजिस्ट्रेशन पूरी तरह मुफ्त रहेगा. दरअसल पहले रजिस्ट्रेशन शुल्क लेने की चर्चा सामने आई थी, लेकिन अब इसे खत्म कर दिया गया है ताकि श्रद्धालुओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े.
ट्रैफिक जाम से राहत के लिए नई शटल सेवा
चारधाम यात्रा में सबसे बड़ी समस्याओं में से एक ट्रैफिक जाम है. खासकर बद्रीनाथ मार्ग पर जोशीमठ से आगे कई बार वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं. इसी समस्या को देखते हुए सरकार इस बार गौचर से बद्रीनाथ तक नई शटल सेवा शुरू करने की तैयारी कर रही है. इसके तहत निजी वाहनों को गौचर क्षेत्र में पार्क कराया जाएगा, जहां बड़ी पार्किंग बनाई जाएगी. यहां कम से कम एक हजार वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था होगी. इसके बाद श्रद्धालुओं को शटल वाहनों के जरिए बद्रीनाथ धाम तक पहुंचाया जाएगा.
यह मॉडल पहले से केदारनाथ यात्रा में सफल साबित हो चुका है. सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच शटल सेवा के जरिए वाहनों का दबाव कम किया गया था. पिछले वर्ष इस शटल सेवा का लाभ 8,82,949 श्रद्धालुओं ने उठाया था. इसके लिए करीब 250 शटल वाहनों ने 37,723 फेरे लगाए थे. अधिकारियों का कहना है कि इसी अनुभव के आधार पर अब बद्रीनाथ मार्ग पर भी शटल व्यवस्था लागू की जा रही है.
नई शटल सेवा का एक उद्देश्य स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना भी है. सोनप्रयाग-गौरीकुंड शटल सेवा में पहले से स्थानीय वाहन मालिकों को शामिल किया गया है. इसी मॉडल को अब गौचर-बद्रीनाथ मार्ग पर भी लागू किया जाएगा. पर्यटन और परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इससे स्थानीय लोगों की आय बढ़ेगी और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी फायदा होगा. पिछले वर्ष केदारनाथ में महिलाओं और बुजुर्गों की सुविधा के लिए ‘पिंक शटल सेवा’ भी शुरू की गई थी. 12 पिंक शटल वाहनों को इस सेवा में शामिल किया गया था. इस वर्ष भी ऐसी विशेष व्यवस्थाओं को जारी रखने की योजना है. प्रशासन का कहना है कि यात्रा के दौरान बुजुर्गों और महिलाओं को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए अलग से व्यवस्था की जाएगी.
मंदिरों में 'गैर-सनातनियों' के प्रवेश पर प्रस्ताव
चारधाम यात्रा की तैयारियों के बीच बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी ) ने एक ऐसा प्रस्ताव भी पारित किया है जिसने व्यापक चर्चा को जन्म दिया है. समिति ने अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले 48 मंदिरों में गैर-सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने का प्रस्ताव पारित किया है. बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के अनुसार यह निर्णय मंदिरों की पवित्रता बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है.

द्विवेदी का कहना है, “चारधाम तीर्थस्थलों और अन्य मंदिरों में वही लोग दर्शन के लिए आएं जो सनातन धर्म में विश्वास रखते हैं. यह प्रतिबंध मंदिर के गर्भगृह और उसके आसपास के क्षेत्र में लागू होगा.” हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सिख, जैन और बौद्ध धर्म को मानने वालों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा, क्योंकि संविधान के अनुच्छेद 25 के तहत इन्हें व्यापक हिंदू परंपरा का हिस्सा माना जाता है. यह प्रस्ताव फिलहाल एक सिफारिश के रूप में सामने आया है और इसे लागू करने के लिए राज्य सरकार की मंजूरी भी जरूरी हो सकती है.
सुरक्षा और प्रबंधन पर विशेष जोर
सरकार का कहना है कि इस बार यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए चारों धामों के मार्गों और प्रमुख स्थलों पर करीब 1600 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनके जरिए पूरे यात्रा मार्ग की लगातार निगरानी की जाएगी. पुलिस मुख्यालय ने यात्रा की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप की निगरानी में एक विशेष सेल का गठन किया है.
यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इस बार 74 वॉच एंड वार्ड पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी. इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर 106 पार्किंग स्थल भी बनाए जाएंगे, ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारू बनी रहे और जाम की स्थिति न बने. आपात स्थितियों से निपटने के लिए 31 स्थानों पर राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की तैनाती भी की जाएगी. चारधाम यात्रा के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में दुर्घटनाओं और प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बना रहता है. इसे ध्यान में रखते हुए गढ़वाल मंडल के विभिन्न जिलों में आपदा प्रबंधन की भी व्यापक व्यवस्था की जा रही है. उत्तरकाशी, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, देहरादून और हरिद्वार जिलों में कुल 51 टूरिस्ट पुलिस असिस्टेंस बूथ बनाए जाएंगे.
इन बूथों पर तैनात पुलिसकर्मी तीर्थयात्रियों को मार्गदर्शन देने के साथ ही यात्रा से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराएंगे. यात्रा के दौरान भारी भीड़ के कारण कई बार तीर्थयात्रियों को रास्ते में रोकना पड़ता है. ऐसी स्थिति में यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए आठ जिलों में 104 होल्डिंग स्थल बनाए जा रहे हैं. इन स्थानों पर यात्रियों के ठहरने, भोजन और रात्रि विश्राम की व्यवस्था भी की जाएगी.
आने वाले तीर्थयात्रा सत्र में यह देखना दिलचस्प होगा कि नई व्यवस्थाएं जमीन पर कितनी प्रभावी साबित होती हैं और क्या वे बढ़ती श्रद्धालु संख्या के बीच यात्रा को वास्तव में अधिक सुरक्षित और सुगम बना पाती हैं.

