पश्चिम बंगाल और असम के ताज़ा चुनावी नतीजों ने भारतीय राजनीति की दिशा को एक बार फिर उत्तर प्रदेश की ओर मोड़ दिया है. बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ऐतिहासिक जीत और असम में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी ने न सिर्फ पार्टी के भीतर नई ऊर्जा भरी है, बल्कि यह संदेश भी दिया है कि राष्ट्रीय स्तर पर BJP की चुनावी मशीनरी अभी भी पूरी ताकत से सक्रिय है.
इन नतीजों का सबसे बड़ा और तात्कालिक असर अगर कहीं दिखाई देने वाला है, तो वह उत्तर प्रदेश है जहां 2027 का विधानसभा चुनाव पहले से ही राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है. यहां की राजनीति में यह एक स्थापित तथ्य रहा है कि राष्ट्रीय स्तर की लहरें राज्य के चुनावी व्यवहार को गहराई से प्रभावित करती हैं.
वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आई लहर ने 2017 के विधानसभा चुनावों में BJP को अभूतपूर्व सफलता दिलाई थी. इसी तरह, 2019 के लोकसभा चुनावों की गूंज भी राज्य में लंबे समय तक सुनाई देती रही. ऐसे में पश्चिम बंगाल में मिली जीत को महज एक राज्य की जीत के तौर पर देखना राजनीतिक नजरिए से अधूरा विश्लेषण होगा.
यह जीत एक बड़े नैरेटिव का निर्माण करती है- “BJP एक जीतने वाली पार्टी है”- और यही नैरेटिव उत्तर प्रदेश में चुनावी मनोविज्ञान को प्रभावित करने की क्षमता रखता है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस पूरे परिदृश्य के केंद्र में हैं. पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने खुद को न सिर्फ एक प्रशासनिक मुखिया के रूप में स्थापित किया है, बल्कि एक वैचारिक और राजनीतिक चेहरे के तौर पर भी उभरे हैं.
बंगाल और असम के चुनावों में उनकी सक्रिय भागीदारी और ‘स्टार प्रचारक’ की भूमिका ने उनकी राष्ट्रीय प्रोफाइल को और मजबूत किया है. अब जब उत्तर प्रदेश की बारी है, तो पार्टी का पूरा चुनावी अभियान उनके इर्द-गिर्द केंद्रित होने की संभावना है.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि असम में हिमंता बिस्व शर्मा की तरह, जहां चुनाव एक हद तक ‘चेहरे’ पर लड़ा गया, उसी तरह उत्तर प्रदेश में भी ‘योगी बनाम विपक्ष’ का सीधा मुकाबला देखने को मिल सकता है. यह रणनीति BJP के लिए इसलिए भी मुफीद मानी जा रही है क्योंकि योगी की छवि एक सख्त प्रशासक और स्पष्ट वैचारिक रुख वाले नेता की है, जो पार्टी के कोर वोटर को एकजुट रखने में सक्षम है. दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ‘PDA’ यानी पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक के सामाजिक समीकरण पर काम कर रहे हैं. 2024 के लोकसभा चुनावों में BJP को उत्तर प्रदेश में जो झटका लगा जहां उसकी सीटें 62 से घटकर 33 रह गईं. उसके पीछे इसी सामाजिक गठजोड़ को एक बड़ा कारण माना गया. ऐसे में बंगाल और असम की जीत BJP को यह अवसर देती है कि वह इस नैरेटिव को चुनौती दे सके और अपनी राजनीतिक पकड़ को फिर से मजबूत कर सके.
लखनऊ के प्रतिष्ठित अवध गर्ल्स डिग्री कालेज की प्राचार्य और समाजिक विश्लेषक बीना राय बताती हैं, “बंगाल की जीत का सबसे बड़ा असर मनोवैज्ञानिक स्तर पर पड़ेगा. चुनाव केवल आंकड़ों का खेल नहीं होते, वे धारणा और विश्वास का भी खेल होते हैं. जब कोई पार्टी लगातार जीतती है, तो उसके कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और मतदाताओं के बीच यह धारणा बनती है कि यह पार्टी ‘जीतने वाली’ है. यह धारणा कई बार वास्तविक मुद्दों से भी ज्यादा प्रभावी साबित होती है.”
उत्तर प्रदेश में BJP के कार्यकर्ताओं के लिए बंगाल की जीत एक ‘मोरल बूस्टर’ का काम करेगी, जिससे वे अधिक आक्रामक और संगठित तरीके से चुनावी मैदान में उतर सकेंगे. राजनीतिक विश्लेषक यह भी मानते हैं कि बंगाल की जीत BJP को अपने सहयोगी दलों के साथ बातचीत में एक मजबूत स्थिति देगी. उत्तर प्रदेश में NDA के तहत कई क्षेत्रीय दल जैसे राष्ट्रीय लोकदल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, अपना दल (एस) और निषाद पार्टी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं. लेकिन जब एक बड़ी पार्टी लगातार जीत रही हो, तो छोटे सहयोगियों की मोलभाव की ताकत अपने आप कम हो जाती है. ऐसे में सीटों के बंटवारे को लेकर BJP की स्थिति पहले से ज्यादा मजबूत हो सकती है.
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का यह बयान भी इसी आत्मविश्वास को दर्शाता है, जिसमें उन्होंने बंगाल की जीत को 2014 के जनादेश जैसा बताया. यह तुलना सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी नहीं है, बल्कि एक संदेश है कि BJP अपने को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अजेय मानने लगी है. इस तरह के बयान कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ-साथ विपक्ष को भी मनोवैज्ञानिक दबाव में डालते हैं.
हालांकि, यह तस्वीर पूरी तरह एकतरफा नहीं है. उत्तर प्रदेश की सामाजिक और राजनीतिक जटिलताएं बंगाल या असम से अलग हैं. यहां जातीय समीकरण, स्थानीय मुद्दे और क्षेत्रीय असमानताएं चुनावी परिणामों को गहराई से प्रभावित करती हैं. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन अभी भी एक चुनौती बना हुआ है, खासकर तब जब वह सामाजिक न्याय और प्रतिनिधित्व के मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठा रहा है. इसके बावजूद, BJP की रणनीति स्पष्ट दिखती है- ‘हिंदुत्व और विकास’ का दोहरा एजेंडा. बंगाल और असम के चुनावों में भी यही मॉडल अपनाया गया था, जहां वैचारिक मुद्दों के साथ-साथ विकास और कल्याणकारी योजनाओं को भी प्रमुखता दी गई. उत्तर प्रदेश में भी पार्टी कानून-व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को अपने अभियान का केंद्र बना सकती है.
बीना राय बताती हैं, “योगी सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था को लेकर जो सख्त छवि बनी है, वह BJP के लिए एक बड़ा राजनीतिक पूंजी है. इसके साथ ही, गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाना भी पार्टी के लिए एक मजबूत आधार तैयार करता है. बंगाल की जीत के बाद, यह संभावना और मजबूत हो जाती है कि BJP इन मुद्दों को और आक्रामक तरीके से पेश करेगी.” बंगाल के नतीजों का एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि यह विपक्ष के ‘नैरेटिव’ को चुनौती देता है. अगर BJP एक ऐसे राज्य में जीत सकती है, जहां उसे पारंपरिक रूप से कमजोर माना जाता था, तो यह विपक्ष के उस तर्क को कमजोर करता है कि पार्टी का विस्तार सीमित हो रहा है. उत्तर प्रदेश में यह संदेश खास तौर पर महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां विपक्ष BJP को घेरने के लिए एक व्यापक सामाजिक गठबंधन बनाने की कोशिश कर रहा है.

