scorecardresearch

‘ताला नगरी’ अलीगढ़ में तरक्की का ताला खोल पाएगा लॉक म्यूजियम?

अलीगढ़ यानी ‘ताला नगरी’ में बनने जा रहे लॉक म्यूजियम से कारीगरों को प्रशिक्षण और बाजार मिलेगा और इससे शहर के औद्योगिक-पर्यटन केंद्र के रूप में भी उभरने की उम्मीद है

Aligarh Lock Museum (AI)
अलीगढ़ में प्रस्तावित लॉक म्यूजियम (AI)
अपडेटेड 1 अप्रैल , 2026

उत्तर प्रदेश का अलीगढ़ लंबे समय से ‘ताला नगरी’ के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए है, लेकिन अब यह पहचान एक बड़े बदलाव के दौर में प्रवेश कर रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर यहां देश का पहला ‘लॉक म्यूजियम’ स्थापित करने की योजना ने प्रशासनिक स्तर के साथ-साथ उद्योग और कारीगरों के बीच भी नई उम्मीद जगा दी है. यह पहल ऐसे समय में सामने आई है, जब अलीगढ़ का ताला उद्योग परंपरा, प्रतिस्पर्धा और तकनीकी बदलाव के बीच संतुलन साधने की चुनौती से जूझ रहा है.

अलीगढ़ का ताला उद्योग करीब 130 साल पुराना माना जाता है. ब्रिटिश काल में इसकी नींव पड़ी और धीरे-धीरे यह शहर देश के सबसे बड़े ताला उत्पादन केंद्र के रूप में विकसित हो गया. आज भी देश में इस्तेमाल होने वाले पारंपरिक तालों का बड़ा हिस्सा अलीगढ़ से ही आता है. उद्योग से जुड़े संगठनों के अनुमान के मुताबिक, अलीगढ़ में करीब 5 से 6 हजार छोटी-बड़ी ताला निर्माण इकाइयां संचालित हो रही हैं.

इनमें प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 2 से 2.5 लाख लोग रोजगार से जुड़े हुए हैं. इनमें कारीगर, मजदूर, डिजाइनर, पैकिंग वर्कर और सप्लाई चेन से जुड़े लोग शामिल हैं. व्यापार के स्तर पर देखें तो अलीगढ़ का ताला उद्योग हर साल करीब 7 से 8 हजार करोड़ रुपए का कारोबार करता है.

हालांकि, उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि सही ब्रांडिंग, तकनीकी अपग्रेडेशन और वैश्विक बाजार तक बेहतर पहुंच मिलने पर यह कारोबार आसानी से 10 हजार करोड़ रुपए के पार जा सकता है. प्रस्तावित लॉक म्यूजियम को इसी लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.

तमाम चुनौतियों से घि‍रा ताला उद्योग

अलीगढ़ के ताला उद्योग से जुड़े कारीगरों का कहना है कि यह म्यूजियम उनके काम को नई पहचान दिला सकता है. पुराने अलीगढ़ शहर के एक कारीगर शकील अहमद बताते हैं, “हमारे दादा-परदादा भी यही काम करते थे. हम आज भी हाथ से ताले बनाते हैं, लेकिन आजकल बाजार में मशीन से बने और विदेशी ताले ज्यादा बिक रहे हैं. अगर सरकार हमें नई तकनीक सिखाए और हमारे काम को दुनिया के सामने लाए, तो हमारा हुनर फिर से चमक सकता है.”

इसी तरह एक स्थानीय उद्यमी राजीव गुप्ता का कहना है, “अलीगढ़ के ताले मजबूत और भरोसेमंद होते हैं, लेकिन हमारी सबसे बड़ी समस्या मार्केटिंग की है. हम अच्छे उत्पाद बनाते हैं, पर उन्हें सही प्लेटफॉर्म नहीं मिल पाता. अगर म्यूजियम में इंटरनेशनल खरीदार और पर्यटक आएंगे, तो इससे सीधा फायदा उद्योग को होगा.”

दरअसल, अलीगढ़ का ताला उद्योग कई चुनौतियों से घिरा हुआ है. सबसे बड़ी समस्या तकनीकी पिछड़ापन है. जहां दुनिया स्मार्ट लॉक, डिजिटल सिक्योरिटी और बायोमेट्रिक सिस्टम की ओर बढ़ रही है, वहीं अलीगढ़ का बड़ा हिस्सा अभी-भी पारंपरिक उत्पादन पद्धतियों पर निर्भर है. इसके अलावा कच्चे माल की बढ़ती कीमत, बिजली की लागत, वित्तीय संसाधनों की कमी और सस्ते आयातित उत्पादों से मिल रही प्रतिस्पर्धा भी उद्योग के सामने बड़ी चुनौतियां हैं.

इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का कहना है कि चीन और अन्य देशों से आने वाले सस्ते लॉक उत्पादों ने स्थानीय बाजार पर काफी असर डाला है. कई छोटे कारीगरों को काम कम मिलने लगा है, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है. इसके अलावा नई पीढ़ी का इस उद्योग से दूर होना भी चिंता का विषय है. युवा बेहतर आय और आधुनिक काम के अवसरों की तलाश में दूसरे क्षेत्रों की ओर जा रहे हैं.

कितना कारगर होगा लॉक म्यूजियम
ऐसे में प्रस्तावित लॉक म्यूजियम केवल एक सांस्कृतिक परियोजना नहीं, बल्कि एक आर्थिक और औद्योगिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. यह म्यूजियम पारंपरिक हस्तनिर्मित तालों से लेकर आधुनिक हाई-टेक सिक्योरिटी सिस्टम तक, ताला उद्योग की पूरी यात्रा को प्रदर्शित करेगा. इसके साथ ही यहां लाइव डेमोंस्ट्रेशन, डिजिटल डिस्प्ले और इंटरएक्टिव गैलरी के माध्यम से कारीगरों के कौशल को भी दिखाया जाएगा.

इस परियोजना का एक महत्वपूर्ण पहलू इसका स्थान भी है. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से करीब 50 किलोमीटर की दूरी पर होने के कारण यह म्यूजियम अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए एक बड़ा आकर्षण बन सकता है. पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि एयरपोर्ट के चालू होने के बाद अलीगढ़ में विदेशी पर्यटकों की संख्या में तेजी से वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय उद्योग को सीधा लाभ मिलेगा.

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के मुताबिक, “यह म्यूजियम केवल प्रदर्शनी स्थल नहीं होगा, बल्कि इसे एक नॉलेज और इनोवेशन सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा. यहां प्रशिक्षण, रिसर्च और टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे उद्योग को नई दिशा मिलेगी.”

म्यूजियम के माध्यम से कारीगरों को आधुनिक मशीनों, डिजाइन ट्रेंड्स और वैश्विक मानकों के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा. इससे उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार होगा और वे अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे. साथ ही एमएसएमई इकाइयों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का एक स्थाई प्लेटफॉर्म मिलेगा, जिससे निर्यात को बढ़ावा मिलेगा.

केवल म्यूजियम बनाना ही पर्याप्त नहीं

अर्थशास्त्रियों का मानना है कि यदि यह परियोजना सही तरीके से लागू होती है, तो यह अलीगढ़ की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है. पर्यटन, होटल, ट्रांसपोर्ट और रिटेल सेक्टर में भी इसका सकारात्मक असर देखने को मिलेगा. इससे न केवल प्रत्यक्ष, बल्कि अप्रत्यक्ष रोजगार के भी हजारों अवसर पैदा होंगे.

रोजगार के संदर्भ में देखें तो अभी ताला उद्योग में बड़ी संख्या में लोग असंगठित क्षेत्र में काम कर रहे हैं. म्यूजियम और उससे जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए उन्हें औपचारिक कौशल प्रशिक्षण और बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकते हैं. इससे उनकी आय और जीवन स्तर में सुधार होगा.

हालांकि, कुछ विशेषज्ञ यह भी चेतावनी देते हैं कि केवल म्यूजियम बनाना ही पर्याप्त नहीं होगा. इंडस्ट्री कंसल्टेंट्स का कहना है कि इसके साथ-साथ नीतिगत सुधार, वित्तीय सहायता और तकनीकी निवेश भी जरूरी है. यदि इन पहलुओं पर ध्यान नहीं दिया गया, तो म्यूजियम का प्रभाव सीमित रह सकता है.

Advertisement
Advertisement