16 दिसंबर को लोकसभा में भारत सरकार ने घुसपैठियों (इनफिल्ट्रेटर्स) से संबंधित आंकड़ों की जानकारी दी है. पिछले 11 सालों में 2014 से नवंबर 2025 तक कुल 23,926 घुसपैठिए गिरफ्तार किए गए हैं.
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने तृणमूल कांग्रेस के दो सांसदों जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया और शर्मिला सरकार के लिखित सवाल के जवाब में ये आंकड़े बताए हैं.
किन पांच देशों की सीमाओं पर सबसे ज्यादा घुसपैठ
पिछले 11 सालों में सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान, बांग्लादेश, म्यांमार, नेपाल और भूटान के साथ भारत की सीमाओं पर 23,926 घुसपैठियों को पकड़ा है.आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, भारत-बांग्लादेश सीमा पर सबसे अधिक घुसपैठ के मामले दर्ज किए गए.
इसके बाद म्यांमार, पाकिस्तान और नेपाल-भूटान की सीमाओं का स्थान रहा. 2014 से इकट्ठे किए गए ये आंकड़े भारत की पश्चिमी और पूर्वी सीमाओं पर लगातार घुसपैठ के प्रयासों को दिखाते हैं, जबकि चीन से लगते उत्तरी सीमा पर घुसपैठ का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है.
इस साल 3 हजार घुसपैठिए गिरफ्तार हुए
गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि 2014 से 2024 के बीच बांग्लादेश, म्यांमार, पाकिस्तान और नेपाल-भूटान के साथ भारत की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर कुल 20,806 घुसपैठियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि जनवरी से नवंबर 2025 के बीच इन्हीं सीमाओं से 3,120 घुसपैठियों को गिरफ्तार किया गया.
आंकड़ों से पता चलता है कि भारत-बांग्लादेश सीमा पर अधिकतम 18,851 घुसपैठियों को गिरफ्तार किया गया. इसके बाद भारत-म्यांमार सीमा पर 1,165, भारत-पाकिस्तान सीमा पर 556 और भारत-नेपाल-भूटान सीमाओं पर 234 लोगों की गिरफ्तारियां हुईं.
नवंबर 2025 तक के माहवार आंकड़ों से पता चलता है कि घुसपैठियों की गिरफ्तारी जारी है. खासतौर पर भारत-बांग्लादेश सीमा (2,556), भारत-म्यांमार सीमा (437), भारत-पाकिस्तान सीमा (49) और भारत-नेपाल-भूटान सीमाओं (78) पर.
पाकिस्तान और म्यांमार सीमा पर फेंसिंग का काम जारी है
नित्यानंद राय ने बताया कि भारत ने सुरक्षा मजबूत करने और घुसपैठ रोकने के उद्देश्य से भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर पर 93 फीसद से ज्यादा हिस्से पर फिजिकल फेंसिंग पूरी कर ली है. वहीं भारत-बांग्लादेश बॉर्डर के करीब 79 फीसद एरिया में फेंसिंग लगा दी गई है.
भारत सरकार ने यह भी बताया कि भारत-म्यांमार की 1,643 किलोमीटर लंबी सीमा में अब तक 9.214 किलोमीटर हिस्से पर फिजिकल फेंसिंग पूरी हो चुकी है. TMC सांसदों ने घुसपैठियों से जुड़ी जानकारी के अलावा बिना फेंसिंग वाले बॉर्डर एरिया की जानकारी भी मांगी थी.

