scorecardresearch

क्या ढाका में भारतीय दूतावास को खतरा है! भारत ने बांग्लादेश के राजदूत को तलब कर क्या कहा?

बांग्लादेश के एक नेता की तरफ से भारत के उत्तर-पूर्वी राज्यों (सेवन सिस्टर्स) को मुख्य भूमि से अलग थलग करने की धमकी दिए जाने के एक दिन बाद बांग्लादेश के उच्चायुक्त को सरकार ने तलब किया है

बांग्लादेश में भारतीय दूतावास की तस्वीर
बांग्लादेश में भारतीय दूतावास की तस्वीर
अपडेटेड 17 दिसंबर , 2025

17 दिसंबर को भारत सरकार ने बांग्लादेश के राजदूत को तलब किया है. ANI की रिपोर्ट मुताबिक, हाल ही में ढाका में भारतीय दूतावास को मिली धमकी के बाद भारत ने यह कदम उठाया है.

बांग्लादेश के राजदूत मोहम्मद रियाज हमीदुल्लाह आज दोपहर विदेश मंत्रालय पहुंचे. यहां विदेश मंत्रालय के सीनियर अधिकारियों ने हमीदुल्लाह के सामने इस पूरे मामले में चिंता जाहिर की है.

यह घटनाक्रम भारत सरकार के विजय दिवस मनाने के एक दिन बाद सामने आया है. विजय दिवस पाकिस्तान के साथ 1971 के बांग्लादेश मुक्ति युद्ध की 54वीं वर्षगांठ पर मनाया जाता है. इस लड़ाई का नतीजा यह हुआ था कि पाकिस्तान से अलग होकर बांग्लादेश एक स्वतंत्र देश बन गया था. इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बांग्लादेश ने इस बात पर जोर दिया था कि नई दिल्ली और ढाका पारस्परिक रूप से लाभकारी संबंध साझा करते हैं.

सेवन सिस्टर्स वाले बयान पर भारत सख्त

नेशनल सिटीजन पार्टी (NCP) के नेता हसनत अब्दुल्ला ने अपने एक भाषण में भारत के खिलाफ बयानबाजी की है. हसनत ने भारत पर बांग्लादेश की चुनाव प्रक्रिया बाधित करने का आरोप लगाते हुए धमकी दी कि पूर्वोत्तर के सात राज्यों (सेवन सिस्टर्स) को अलग-थलग कर दिया जाएगा. इसके साथ ही उसने बांग्लादेश में पूर्वोत्तर के अलगाववादियों को शरण देने की बात भी कही थी.

हसनत अब्दुल्ला हमेशा ही भारत के खिलाफ भड़काऊ बयान देता रहा है, लेकिन भारत ने इस बयान के बाद सख्त रुख अपनाते हुए बांग्लादेश के उच्चायुक्त से बातचीत कर तलब कर दिया है.

बांग्लादेश में चुनाव से पहले भारत विरोधी बयानों में बढ़ोत्तरी

बांग्लादेश में इन दिनों चुनाव की तैयारी हो रही है. इसके साथ ही यहां भारत विरोधी बयानबाजी में भारी वृद्धि हो रही है. बांग्लादेश का भारत के साथ संबंध 2024 में शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार के पतन के बाद से तनावपूर्ण हैं.

वहीं, दूसरी ओर बांग्लादेश ने ढाका स्थित भारतीय उच्चायुक्त को तलब कर हसीना के "शीघ्र प्रत्यर्पण" की अपील की है. ​​पिछले महीने हसीना को पिछले वर्ष हुए दंगों के दौरान मानवता के विरुद्ध अपराधों के लिए मौत की सजा सुनाई गई थी. इन दंगों में कई लोगों की मौत हो गई थी. हालांकि, इस हिंसक प्रदर्शन के दौरान हसीना भारत आ गईं. यहां वे एक सेफ हाउस में रह रही हैं. बांग्लादेश बार-बार भारत सरकार से उन्हें वापस भेजने की मांग कर रहा है.

बांग्लादेशी सेना के जर्नल भारत को बांटने की बात कर रहे

इस महीने की शुरुआत में बांग्लादेश के एक पूर्व सेना जनरल ने एक विवादित बयान देकर दोनों देशों के बीच तनाव को बढ़ा दिया है. बांग्लादेश के एक पूर्व सेना अधिकारी के मुताबिक, ढाका में "पूर्ण शांति" तभी आएगी, जब भारत टुकड़ों में बंट जाएगा. पूर्व जमात-ए-इस्लामी प्रमुख गुलाम आजम के बेटे पूर्व ब्रिगेडियर जनरल अब्दुल्लाहिल अमान आजमी ने यह भी आरोप लगाया है कि भारत बांग्लादेश के अंदर हमेशा अशांति को बढ़ावा देता है.

Advertisement
Advertisement