scorecardresearch

कहीं एक वोट ने पलटा खेल, कहीं ऑटो ड्राइवर की जीत... 2026 के चुनाव की अतरंगी कहानियां

2026 के विधानसभा चुनावों में घटी ये घटनाएं साबित करती हैं कि भारत अब भी है 'मदर ऑफ़ डेमोक्रेसी'

House Maid Kalita Majhi and Auto Driver Vijay Damu
घरेलू सहायिका कलिता माझी बंगाल में चुनाव जीती हैं तो ऑटो ड्राइवर विजय दामू तमिलनाडु में
अपडेटेड 5 मई , 2026

चार मई को आए विधानसभा चुनाव के नतीजों का विश्लेषण अब तक आप देख-सुन चुके होंगे. किसने किसको कहां कैसे क्यों मात दी? इस बात के सभी जानकार हैं. लेकिन इन सबके बीच कुछ नई कहानियां हैं, नए किरदार हैं. यही नए किरदार हैं जो बताते हैं कि भारत को 'मदर ऑफ़ डेमोक्रेसी' क्यों कहा जाता है.

इन चुनावी घटनाओं के लिए अद्भुत, अविश्वसनीय जैसे भाषाई बिंब इस्तेमाल किए जा सकते हैं. इनमें लोकतंत्र की पीठ पर सवार होकर ज़ीरो से हीरो बने नायक तो हैं ही, इसी प्रक्रिया से हीरो से हीरो बने थलपति भी हैं. घरों में बर्तन मांजकर गुजारा करती महिला का विधानसभा पहुंचना भी है और बरसों से सड़कें नापते हुए अपने ऑटो समेत लोकतंत्र की जड़ में जा बैठा ड्राइवर भी है.

आइए ऐसी ही कुछ घटनाएं देखें जो साबित करती हैं कि लोकतंत्र में कोई संभव आम आदमी की परिभाषा से बाहर नहीं है. बस जरुरत है उस संभव के लिए जान लगाकर भिड़ जाने की.

सबसे पहली कहानी तमिलनाडु की तिरुपत्तूर सीट से आती है. एक ऐसा चुनाव जो आंकड़ों से ज्यादा भावनाओं में याद रखा जाएगा. यहां मुकाबला इतना कांटे का था कि आखिरी राउंड तक किसी को अंदाजा नहीं था कि जीत किसकी होगी. आखिरकार फर्क सिर्फ एक वोट का निकला. टीवीके के उम्मीदवार श्रीनिवासन सेतुपति ने डीएमके के दिग्गज उम्मीदवार को हराया. वो भी मात्र सिर्फ एक वोट से.

लेकिन इस जीत की असली कहानी उस आखिरी वोट में छिपी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मतदान खत्म होने से कुछ ही समय पहले ओमान से एक व्यक्ति फ्लाइट पकड़कर भारत पहुंचा. वह सीधे अपने बूथ पर गया और वोट डाला. असल में यह वोटर अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी टीवीके का समर्थक था. थलपति कहे जाने वाले अभिनेता विजय के लिए उनके मतदाताओं की दीवानगी ही कही जाएगी कि एक व्यक्ति लाखों रुपए खर्च कर केवल वोट देने भारत में अपने बूथ तक पहुंच गया और उसने समय ख़त्म होने से पहले वोट डाल भी दिया.

एक नागरिक का अपने वोट के प्रति विश्वास देखना हो तो ये घटना ऐतिहासिक साबित होगी. जब नतीजे आए तो वही एक वोट निर्णायक बन गया. यह घटना लोकतंत्र की उस मूल धारणा को जीवित कर देती है कि हर वोट बराबर है और हर वोट लोकतंत्र के लिए कीमती होता है.

ओमान से आया वोटर अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके का समर्थक है.

दूसरी कहानी राजनीति और परिवार के अनोखे संगम की है. ‘लॉटरी किंग’ के नाम से मशहूर सैंटियागो मार्टिन का परिवार इस बार चुनावों में किसी राजनीतिक प्रयोगशाला जैसा दिखा. उनकी पत्नी लेओना मार्टिन, बेटा जोस मार्टिन और दामाद अर्जुन रेड्डी तीनों अलग-अलग दलों से तमिलनाडु चुनाव के मैदान में थे.

दिलचस्प है कि तीनों ने अपने-अपने इलाकों में अलग-अलग तरह का प्रचार किया. किसी ने स्थानीय मुद्दों को उठाया, किसी ने अपनी व्यक्तिगत छवि पर जोर दिया और किसी ने पार्टी की ताकत का सहारा लिया. लेकिन नतीजा एक ही रहा. तीनों जीत गए. ये सिर्फ एक पारिवारिक ‘हैट्रिक’ नहीं थी बल्कि ये दिखाता है कि भारतीय मतदाता व्यक्ति और स्थानीय समीकरण को पार्टी लाइन से ऊपर भी रख सकता है. एक ही परिवार के भीतर तीन अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं का जीतना लोकतंत्र की उस जटिलता को दिखाता है जिसे किसी एक फ्रेम में नहीं बांधा जा सकता.

तीसरी कहानी पश्चिम बंगाल के ऑसग्राम से आती है और ये शायद इस चुनाव की सबसे भावनात्मक कहानी भी है. कलिता माझी का नाम अब एक विधायक के रूप में लिया जा रहा है लेकिन कुछ साल पहले तक उनकी पहचान एक घरेलू सहायिका की थी. कलिता घरों में काम करती थीं सीमित संसाधनों में जीवन चलाती थीं.

कलिता माझी ने चुनाव जीतकर इतिहास रच दिया है

चुनाव में उन्होंने बीजेपी के टिकट पर मैदान में उतरने का फैसला किया. उनके पास बड़े संसाधन नहीं थे लेकिन उनके पास जमीन से जुड़ाव था. उन्होंने गांव-गांव जाकर लोगों से सीधे संवाद किया अपनी कहानी सुनाई और लोगों की समस्याएं सुनीं. नतीजा ये हुआ कि उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार को करीब 12 हजार वोटों से हराया. उन्हें एक लाख से ज्यादा वोट मिले.

कलिता माझी की जीत सिर्फ एक सीट जीतने की कहानी नहीं है. ये भारत की उस सामाजिक गतिशीलता की कहानी है जहां एक घरेलू कामगार भी राजनीतिक नेतृत्व तक पहुंच सकता है. ये भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकतों में से एक है. यहां अवसर हैं, भले ही रास्ता कठिन हो.

अगली कहानी तमिलनाडु की रॉयापुरम सीट से आती है जो इस चुनाव के ‘कॉन्ट्रास्ट’ को समझने के लिए जरूरी है. यहां पेशे से ऑटो ड्राइवर के.वी. विजय दामू ने शानदार जीत दर्ज की. उन्होंने करीब 59 हजार वोट हासिल किए और अपने सामने खड़े उम्मीदवार को 14 हजार से ज्यादा वोटों से हराया.

इस सीट पर मुकाबला उतना कांटे का नहीं था जितना तिरुपत्तूर में था. यहां एक स्पष्ट जनसमर्थन दिखा. प्रचार अभियान संगठित था, पार्टी मशीनरी मजबूत थी और उम्मीदवार की पकड़ इलाके में पहले से थी.

एक परत जो इन सभी कहानियों को जोड़ती है वो है भारतीय चुनावों की अनिश्चितता. यह विविधता सिर्फ संयोग नहीं है. यह उस समाज का प्रतिबिंब है जो खुद विविधताओं से भरा हुआ है. यहां कोई एक फार्मूला काम नहीं करता. हर चुनाव एक नई कहानी लिखता है और हर कहानी लोकतंत्र की परिभाषा को थोड़ा और विस्तृत कर देती है. इन अतरंगी किस्सों का महत्व इसलिए भी है क्योंकि यह हमें याद दिलाते हैं कि लोकतंत्र सिर्फ संस्थागत ढांचा नहीं है. यह लोगों के फैसलों, उनके विश्वास और उनकी भागीदारी से बनता है.

Advertisement
Advertisement