scorecardresearch

दिल्ली में प्रदूषण से हाल कब तक बेहाल रहेंगे, आखिर सरकार क्या कर रही है?

दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है. सरकार ने इससे निपटने के लिए बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण सर्टिफिकेट के वाहनों को ईंधन देना बंद कर दिया है

 दिल्ली में सिर्फ BS-6 इंजन वाली गाड़ियों को एंट्री
दिल्ली में सिर्फ BS-6 इंजन वाली गाड़ियों को एंट्री
अपडेटेड 18 दिसंबर , 2025

18 दिसंबर को दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी CPCB के मुताबिक, शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 358 दर्ज किया गया है.

दिल्ली सरकार ने इस प्रदूषण समस्या से निपटने के लिए कई स्तरों पर प्रयास शुरू किए हैं. इसी क्रम में दिल्ली में वैध प्रदूषण नियंत्रण (PUC) प्रमाणपत्र नहीं रखने वाले वाहनों को पेट्रोल/डीजल देना बंद कर दिया गया है.

दिल्ली में क्या है कोहरे और प्रदूषण का हाल?

दिल्ली-NCR में 18 दिसंबर की सुबह धुंध के साथ घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई. इससे यातायात प्रभावित हुआ. पालम एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी घटकर 150 मीटर रह गई, जबकि सफदरजंग एयरपोर्ट पर 200 मीटर विजिबिलिटी रिकॉर्ड की गई है.

CPCB का कहना है कि दिल्ली में सर्दी बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में सुबह के समय कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है. अगले 6 दिन तक राजधानी का AQI ‘बहुत खराब’ और ‘गंभीर’ श्रेणी में रहने का पूर्वानुमान है.

दिल्ली सरकार इससे निपटने के लिए क्या कर रही है?

दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने बिगड़ते वायु प्रदूषण को रोकने के प्रयासों को तेज कर दिया है. इससे निपटने के लिए सरकार ने कई ठोस कदम उठाए हैं, जिनमें से कुछ इस तरह से हैं-

1. दिल्ली में 'नो PUC, नो फ्यूल' नियम भी लागू हो गया है. पॉल्युशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट के बिना गाड़ियों को पेट्रोल, डीजल या CNG नहीं दिया जा रहा है. इस नियम को कड़ाई से पालने करने के लिए स्वचालित नंबर प्लेट पहचान कैमरे लगाए गए हैं.

2. ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का चौथा फेज लागू हो गया है. इसके तहत दिल्ली में आज से सिर्फ BS-6 इंजन वाली गाड़ियों को एंट्री मिल रही है.

3. दिल्ली के बाहर रजिस्टर्ड कराई जाने वाली BS6 कैटेगरी के अलावा किसी दूसरे कैटेगरी की गाड़ियों की सख्ती से जांच की जा रही है. नियमों का उल्लंघन करने पर 20 हजार रुपए का चालान किया जा रहा है.

4. दिल्ली में जानलेवा प्रदूषण के चलते सभी सरकारी और प्राइवेट दफ्तरों में 50 फीसद कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम नियम लागू कर दिया है. यानी अब सभी दफ्तरों में सिर्फ आधे कर्मचारी जाएंगे.

5. दिल्ली में 16 दिनों तक ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान का तीसरा फेज, (GRAP-3) के तहत निर्माण कार्य बंद हैं. इससे दिहाड़ी मजदूर प्रभावित हुए हैं. दिल्ली सरकार ने सभी रजिस्टर्ड मजदूरों के खातों में मुआवजे के तौर पर 10 हजार रुपए ट्रांसफर करने का वादा किया है.

6. अधिकारियों ने बताया कि प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली में प्रवेश करने वाले सभी प्रमुख सीमाओं पर 126 चौकियों में करीब 580 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है.

7. इसके अतिरिक्त, परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों को पेट्रोल पंपों और सीमावर्ती स्थानों पर तैनात किया गया है. ताकि नियमों के उल्लंघन की निगरानी की जा सके और नियमों का पालन न करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके.

ये प्रतिबंध ऐसे वक्त में लागू किए गए हैं, जब लोकसभा में नियम 193 के तहत प्रदूषण संकट पर बेहद खास बहस होनी है. इस चर्चा में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा, BJP की बांसुरी स्वराज और निशिकांत दुबे और समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव सहित कई सांसद अपनी बात रखेंगे.

Advertisement
Advertisement