नेपाल की राजनीति में स्थिरता बहुत कम ही देखने को मिलती है. हालांकि, इस बार बालेन शाह की सरकार बनते ही पूर्व प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली की गिरफ्तारी भारत के लिए भी एक महत्वपूर्ण और प्रतीकात्मक मोड़ साबित हो सकती है.
यह केवल एक दिग्गज और ताकतवर नेता की गिरफ्तारी भर नहीं है, बल्कि यह पिछले एक साल में हुए उस विद्रोह का परिणाम है. ऐसा परिणाम जिसमें आम लोगों का गुस्सा, नई पीढ़ी की अधीरता और संस्थागत जवाबदेही- इन तीनों ने मिलकर काठमांडू की पुरानी राजनीतिक व्यवस्था और स्थापित मूल्यों को पूरी तरह हिला दिया.
इस उथल-पुथल के केंद्र में रैपर से राजनेता बने बालेन शाह खड़े हैं, जिनका उदय अप्रत्याशित लेकिन बेहद प्रभावशाली रहा है. पिछले साल के विरोध प्रदर्शनों के बाद हुए आम चुनाव में बालेन शाह ने के.पी. शर्मा ओली को न केवल हराया, बल्कि उन्हें बुरी तरह अपमानित भी किया.
के.पी. ओली के गृह क्षेत्र और लंबे समय से उनके राजनीतिक गढ़ रहे झापा-5 में शाह ने 49,614 वोटों के भारी अंतर से जीत हासिल की. जनता ने पुरानी पीढ़ी के नेताओं के गढ़ में पीढ़ीगत बदलाव का फैसला सुनाकर साफ संदेश दिया है.
भारत, नेपाल का पड़ोसी और रोजमर्रा के मामलों में सबसे करीबी साझेदार है. उसके लिए सत्ता में इस बदलाव के मायने काठमांडू के बदलते राजनीतिक समीकरणों से कहीं अधिक ज्यादा अहम है. दोनों देशों के बीच संबंध हमेशा से ही बेहद गहरे रहे हैं. खुली सीमाएं, परस्पर आर्थिक निर्भरता, साझा सांस्कृतिक संपर्क दोनों देशों के संबंधों को और ज्यादा मजबूती प्रदान करते हैं.
दोनों देशों के संबंधों पर तात्कालिक प्रभाव नेपाल की राजनीतिक अनिश्चितता की है. ओली भले ही कभी-कभी भारत के खिलाफ उग्र बयान देते थे, लेकिन भारत उन्हें अच्छी तरह से जानता था. उनके समय में विवाद तो होते थे, खासकर सीमा के मुद्दे पर, लेकिन उसे हल करने का एक तयशुदा तरीका था.
अब सत्ता से हटाए जाने के बाद उनकी गिरफ्तारी ने अनिश्चितता को और बढ़ा दिया है. बालेन शाह की बात अलग है. वे शहरी पृष्ठभूमि से हैं, पुरानी व्यवस्था के खिलाफ हैं. सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं और पुरानी कूटनीति के तरीकों से ज्यादा बंधे नहीं हैं. भारत के लिए इसका मतलब है कि अब पुराने संपर्क और तरीके काम नहीं करेंगे.
नेपाल के साथ भारत को अपने संबंध बेहतर करने के लिए पूरा तरीका बदलना पड़ सकता है. नेपाल में पिछले कुछ सालों से विरोध-प्रदर्शन और राजनीतिक उथल-पुथल के दौर से गुजरा है, लेकिन 2025 का आंदोलन बिल्कुल अलग था. यह आंदोलन युवाओं की नाराजगी से उपजा था. जिसके कारण दर्जनों लोगों की मौत हुई. यह आंदोलन नेपाल की राजनीति पर बहुत गहरा असर छोड़ गया है.
अगर ओली की गिरफ्तारी को लोग सही मानें, तो संस्थाओं पर भरोसा बढ़ सकता है. हालांकि, अगर ओली के समर्थक इसे राजनीतिक बदला बताएं, तो नेपाल में फिर से पुरानी फूट और तनाव बढ़ सकता है. भारत के लिए नेपाल की अस्थिरता कोई साधारण बात नहीं है. खुली सीमा की वजह से आर्थिक माइग्रेशन, अनौपचारिक व्यापार और सामाजिक रिश्ते इतने गहरे हैं कि घरेलू और विदेशी मामलों में फर्क करना मुश्किल हो जाता है. इसलिए नेपाल में राजनीतिक अस्थिरता भारत को सीधे प्रभावित करती है.
आर्थिक रूप से देखें तो भारत के लिए बहुत कुछ दांव पर नहीं है, लेकिन इस लिहाज से भी चिंताओं का नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और ऊर्जा आपूर्ति का महत्वपूर्ण स्रोत भी है. काठमांडू में अगर लंबे समय तक राजनीतिक अस्थिरता बनी रही, तो यह कई परियोजनाओं के काम को प्रभावित कर सकती है.
चाहे वह जलविद्युत हो, बुनियादी ढांचा हो या सीमा पार कनेक्टिविटी. भारतीय निवेश पहले से ही नौकरशाही की देरी और स्थानीय संवेदनशीलताओं का सामना कर रहे हैं. राष्ट्रवादी भावनाओं से भरे माहौल में इन निवेशों की और ज्यादा जांच हो सकती है.
भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम पर आधारित बालेन शाह का उदय ठेके और सौदों की निगरानी को सख्त बना सकता है. यह संस्थागत रूप से अच्छा है, लेकिन इससे चल रही परियोजनाओं की गति धीमी पड़ सकती है.
सुरक्षा के लिहाज से देखें, तो भारत-नेपाल की खुली सीमा दोनों देशों के लिए जितना फायदेमंद है उतना ही नुकसानदेह भी. नेपाल में जब-जब राजनीतिक अस्थिरता बढ़ी है, तब-तब भारत में अवैध तस्करी बढ़ी है. काठमांडू में अगर प्रशासन राजनीतिक वजहों से सही से काम-काज नहीं कर पाती है, तो इससे भारत का नेपाल के साथ समन्वय करना मुश्किल हो जाता है.
हालांकि, इस बात की भी संभावना है कि नई सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत करके भारत के साथ करीबी सहयोग बढ़ाने की कोशिश करे. अगर ऐसा होता है, तो इससे दोनों देशों के बीच नए सिरे से तालमेल बढ़ाने का अवसर पैदा हो सकता है.
सबसे दिलचस्प पहलू वैचारिक है. झापा सीट पर ओली को हराकर शाह ने बड़ी जीत हासिल की है. यह चुनाव परिणाम नेपाल के मतदाताओं की राजनीतिक सोच में बदलाव का संकेत देती है. यह परिणाम जाहिर करता है कि स्थापित नेतृत्व से लोग ऊब चुके हैं और जवाबदेही और तत्परता की भाषा बोलने वाले बाहरी लोगों को अपनाने की इच्छा रखते हैं.
कूटनीतिक रूप से भारत बारीकी से हर संकेत पर नजर रख रही है. बालेन शाह की पृष्ठभूमि पॉपुलर कल्चर और नगरपालिका प्रशासन की है, जिससे लगता है कि वे नीति जितना ही इमेज और दिखावे पर भी ध्यान देते हैं. उनके शुरुआती कदम जैसे कि ओली की गिरफ्तारी भी उनके इसी इमेज को पेश करते हैं.
ऐसे में देखने वाली बात यह होगी कि वे पड़ोसी देशों से कैसे व्यवहार करते हैं और घरेलू उम्मीदों को बाहरी हकीकत के साथ कैसे संतुलित करते हैं. इन मामलों में उनका फैसला ही भारत की प्रतिक्रिया तय करेंगे. अगर उन्होंने टकराव का रुख रुख अपनाया तो पुराने तनाव फिर से जाग सकते हैं.
वहीं, अगर व्यावहारिक और समझदारी वाला रुख रखा तो दोनों देशों के बीच एक नया अध्याय शुरू हो सकता है. आखिरकार, ओली की गिरफ्तारी कोई अंत नहीं, बल्कि एक मोड़ है. यह नेपाल की राजनीतिक कहानी के एक अध्याय को बंद कर रही है. साथ ही एक नए, कम लिखे हुए और ज्यादा अनिश्चित अध्याय को खोल रही है.
भारत के लिए अब सिर्फ प्रतिक्रिया देने का काम नहीं है, बल्कि नेपाल सरकार की प्रतिक्रिया को समझने का काम है. उसे यह पहचानना होगा कि इस पूरे नाटक के पीछे हिमालयी गणराज्य में सत्ता के लिए संघर्ष और सत्ता के इस्तेमाल का तरीका गहराई से बदल रहा है. इसमें कोई दो राय नहीं कि नेपाल का इतिहास हमें बताता है कि ऐसे बदलाव शायद ही कभी स्थिर या सीमाओं के अंदर रहे हैं.

