scorecardresearch

कोरोना से निबटने को निकले योगी के मंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में अपने वरिष्ठ मंत्रियों की एक टीम उतार दी है. यह टीम 15 अप्रैल के बाद की योजनाओं पर कार्य करेंगी. 15 अप्रैल के बाद सभी मंत्री अपने कार्यालय में बैठेंगे.

फोटोः आशीष मिश्र
फोटोः आशीष मिश्र
अपडेटेड 12 अप्रैल , 2020

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में अपने वरिष्ठ मंत्रियों की एक टीम उतार दी है. यह टीम 15 अप्रैल के बाद की योजनाओं पर कार्य करेंगी. इसके अलावा यह भी निर्णय लिया गया है कि 15 अप्रैल के बाद सभी मंत्री अपने कार्यालय में बैठेंगे लेकिन जनता दर्शन कार्यक्रम स्थगित रहेगा.

इसके साथ ही अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और विशेष सचिव स्तर के अधिकारी अपने कार्यालय में बैठेंगे और सोशल डिस्टेंसिंग बनाते हुए अपना विभागीय कार्य करेंगे. जिन मंत्रियों की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है उनका विवरण इस प्रकार है.

केशव प्रसाद मौर्य—निर्माण कमेटी के अध्यक्ष. यह कमेटी प्रदेश में एक्सप्रेसवे, हाइवे, पीडब्ल्यूडी के बड़े निर्माण कार्य, अन्य विभागों के बड़े निर्माण कार्य, जहां सभी कर्मचारी एक दायरे में काम कर सकते हैं, को आगे बढ़ाने पर विचार करेगी.

डॉ. दिनेश शर्मा- शिक्षा कमेटी के अध्यक्ष. यह कमेटी शिक्षा और आनलाइन प्रकरणों को आगे बढ़ाने का कार्य करेगी.

सूर्य प्रताप शाही—कृषि कमेटी के अध्यक्ष. यह कमेटी किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, हार्वेस्टर, खाद बीज समय से मिले, किसानों के घर-खेत पर ही कृषक उत्पादक संगठन के माध्यम से खरीद, न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम मूल्य पर खरीद न हो, इस पर कार्य करेगी.

सुरेश खन्ना- वित्त कमेटी के अध्यक्ष. यह कमेटी प्रदेश में राजस्व प्राप्तियों को अनवरत बनाए रखने के लिए कौन-कौन सी सेवाओं को आगे बढ़ाया जाए, पर चर्चा कर अपनी संस्तुतियां देगी. यही कमेटी औद्योगिक एवं सूक्ष्म एवं लघु उद्योग में कौन-कौन से उद्योग संचालित होंगे, पर अपनी संस्तुति देगी. सूक्ष्म, मध्यम एवं लघु उद्योग मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह और औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना इसके सदस्य होंगे.

स्वामी प्रसाद मौर्य- श्रम कमेटी के अध्यक्ष. यह कमेटी श्रमिकों के हितों की रक्षा हेतु अपनी संस्तुतियां देगी.

रमापति शास्त्री—समाज कल्याण कमेटी के अध्यक्ष. यह समाज कल्याण की छात्रवृत्ति और पेंशन को आगे बढ़ाने पर अपनी संस्तुति देगी.

जय प्रताप सिंह—स्वास्थ्य कमेटी के अध्यक्ष. यह कमेटी राजकीय एवं निजी अस्पतालों, राजकीय एवं निजी मेडिकल कालेजों में सुरक्षित एवं सावधानी पूर्ण ढंग से इमरजेंसी सेवाओं को प्रारंभ करने एवं टेलीमेडिसिन और टेलीफोन पर मेडिकल परामर्श को आगे बढ़ाने पर संस्तुति देगी.

मोती सिंह ग्राम्य विकास कमेटी के अध्यक्ष. यह कमेटी ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और सेनेटाइजेशन की व्यवस्था देखेगी.

आशुतोष टंडन—नगर विकास कमेटी के अध्यक्ष. यह कमेटी नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता और सेनेटाइजेशन की व्यवस्था देखेगी.

डॉ. महेंद्र सिंह—जल शक्ति कमेटी के अध्यक्ष. यह कमेटी सुनिश्चित करेगी कि पेयजल आपूर्ति बनी रहे और बुंदेलखंड एवं विंध्य क्षेत्र में पेयजल संकट कहीं न हो.

अनिल राजभर—दिव्यांग जन कमेटी के अध्यक्ष. यह कमेटी दिव्यांग जनों के हितों की रक्षा हेतु अपनी संस्तुतियां देगी.

***

Advertisement
Advertisement