कोरोना वायरस का कहर किसी सनसनीखेज हॉलीवुड फिल्म सरीखा है. एक अज्ञात वायरस, जिसका इलाज उपलब्ध नहीं है, लोगों को अपनी चपेट में लेता जा रहा है. चीन ही नहीं, भारत और दक्षिण एशियाई देशों के साथ यूरोपीय और अमेरिकी देशों में भी इसका खतरा मंडराने लगा है.
ताजा हालात यही है कि चीन में 31 प्रांतीय स्तर के क्षेत्रों और शिंजियांग प्रोडक्शन ऐंड कंस्ट्रक्शन कॉर्प्स में मंगलवार को कोरोनावायरस संक्रमण के 3,887 नए मामलों की पुष्टि हुई है और 65 लोगों की मौत हुई है. समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के हवाले से बताया कि सभी मौतें हुबेई प्रांत में हुई हैं.
आयोग ने कहा कि मंगलवार को 3,971 और नए संदिग्ध मामले सामने आए हैं. मंगलवार को भी 431 मरीज गंभीर रूप से बीमार हो गए और 262 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
चीन में कोरोना वायरस के पुष्टि हुए मामलों की संख्या मंगलवार के अंत तक 24,324 तक पहुंच गई थी और आयोग ने कहा कि इस बीमारी से कुल 490 लोगों की मौत हुई है.
***
आयोग ने कहा कि 3,219 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है और 23,260 लोगों के वायरस से संक्रमित होने का संदेह है.
ठीक होने के बाद कुल 892 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है.
आयोग ने कहा कि 252,154 लोगों के करीबी संपर्क में होने का पता चला है, उनमें से 18,457 को मंगलवार को चिकित्सा निगरानी से छुट्टी दे दी गई, जबकि 185,555 अन्य अभी भी चिकित्सा निगरानी में हैं.
मंगलवार के अंत तक, हांगकांग के विशेष प्रशासनिक क्षेत्र (एसएआर) में एक की मौत सहित 18 मामलों की पुष्टि हुई है जबकि मकाउ एसएआर में 10 और ताइवान में 11 मामलों की पुष्टि हुई है.
कोरोना वायरस से जुड़ी संख्या को लेकर गौर करें तो इसका असर आने वाले दिनों में वैश्विक कारोबार पर भी पड़ सकता है और मंदी से तबाह हो रही अर्थव्यवस्थाओं पर यह चोट भारी पड़ सकती है.
कोरोना वायरस की पहचान सबसे पहले हुबेई प्रांत की राजधानी वुहान में 8 दिसंबर, 2019 को हुई थी. इसके अलावा 18 देशों में जनवरी के आखिर तक 4,685 मामले वायरस संक्रमण के 18 देशों में पहचाने गए हैं. सबसे अधिक मामले चीन में रहे हैं जिसके बारे में ऊपर चर्चा की जा चुकी है इसके बाद सबसे ज्यादा मामले थाईलैंड (14) और हांगकांग (8) में प्रकाश में आए हैं; अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया में भी पांच-पांच मामलों की जानकारी मिली है.
27 जनवरी तक 33,552 यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा चुकी थी, ये सभी यात्री 155 विमान यात्राओं से चीन से भारत आए थे. संक्रमित यात्रियों की पहचान के लिए 20 एयरपोर्ट पर थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है.
3 लोगों को इस वायरस से संक्रमित होने की आशंका में 27 जनवरी को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती किया गया. केरल में 436 लोगों को निगरानी में रखा गया था.
चीन में लगाई गई यात्रा पाबंदियों से 5.6 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं क्योंकि चीन में छुट्टियों वाले इस प्रमुख वसंत उत्सव के सीजन में करीब 20 शहरों का बाहरी संपर्क प्रभावी रूप से काट दिया गया है.
--साथ में, सौगत दासगुप्ता और आइएएनएस इनपुट्स
***

