scorecardresearch

बढ़े चालान का असर दिल्ली में सीट बेल्ट बांधने और हेलमेट पहने वाले बढ़े

दिल्ली में सीट बेल्ट बांधने और हेलमेट पहने वाले बढ़े, सर्वे नतीजों से पता चला बढ़े जुर्माने का असर

फोटो सौजन्यः इंडिया टुडे
फोटो सौजन्यः इंडिया टुडे
अपडेटेड 17 सितंबर , 2019

बढ़े जुर्माने के साथ लागू हुए नए मोटर व्हीकल संशोधन एक्ट के शुरुआती अच्छे परिणाम दिखने लगे हैं. एक सर्वे में पता चला है कि दिल्ली के बुराड़ी चौक में 88 फीसदी बस ड्राइवरों ने अब सीट बेल्ट पहनना शुरू कर दिया है. कुल मिलाकर सीट बेल्ट लगाने वाले 13 फीसदी बढ़ गए हैं. भलस्वा चौक पर हेलमेट पहनने वाले दुपहिया चालक 10 फीसदी बढ़ गए हैं. लेकिन फोन पर बात करने का सिलसिला अभी चल रहा है.

सेव लाइफ फाउंडेशन ने ये सर्वे दिल्ली के बुराड़ी, भलस्वा और मुकुंदपुर चौक, महाराष्ट्र के मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और महाराष्ट्र के ही पुराने मुंबई-पुणे हाईवे (एनएच-48) पर किया गया. सेव लाइफ फाउंडेशन के पीयूष तिवारी के मुताबिक, नया एक्ट लागू होने से पहले दिल्ली-मुंबई में 1190 वाहनों की मॉनीटरिंग की गई जबकि एक्ट लागू होने के बाद 1294 वाहनों की मॉनीटरिंग की गई. इसी आधार पर सर्वे के नतीजे निकाले गए. इस अध्ययन से पता चला कि दिल्ली के बुराड़ी चौक पर 15.6 फीसदी ज्यादा एलएमवी वाहनों के ड्राइवर सीट बेल्ट पहने हुए थे. 21 फीसदी ज्यादा ट्रक ड्राइवर अब सीट बेल्ट पहनने लगे हैं. भलस्वा चौक पर दुपहिया पर ओवरलोडिंग 14 फीसदी कम देखी गई जबकि बुराड़ी में बसों में ओवरलोडिंग में 10 फीसदी की कमी दर्ज की गई. शाम के वक्त बुराड़ी चौक पर फोन पर बात करने वाले एलएमवी ड्राइवरों में सिर्फ एक फीसदी की कमी आई. 

सर्वे के मुताबिक, महाराष्ट्र में स्थिति में बहुत गुणात्मक सुधार नहीं हुआ है. मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर ओवरलोडिंग धड़ल्ले से चल रही है, बल्कि बढ़ गई है. हालांकि सीट बेल्ट न पहनकर चलने वाले 41 फीसदी घटे हैं. अध्ययन से पहले यहां 82 फीसदी ड्राइवर सीट बेल्ट नहीं पहनते थे. एनएच-48 पर सीटबेल्ट बांधने वाले ड्राइवर 10 फीसदी बढ़ गए हैं. कारों या एलएमवी के ड्राइवरों में सीट बेल्ट बांधने की आदत पहले से थी और वो लगभग पहले जैसी ही दिखी. हालांकि सीट बेल्ट बांधने वाले ट्रक ड्राइवर बढ़ गए हैं. 

***

Advertisement
Advertisement