scorecardresearch

योग्यता का सवाल

प्रवर्तन निदेशालय ने डिप्टी सीएम और शराब घोटाले के आरोपी मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया है, वे इस मामले में मोदी के पीछे पड़े हैं

समाचार सारः पढ़े-लिखे की जरूरत
समाचार सारः पढ़े-लिखे की जरूरत
अपडेटेड 25 अप्रैल , 2023

शराब घोटाले में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की कथित संलिप्तता को लेकर केंद्रीय जांच ब्यूरो ने उनसे आठ घंटे से ज्यादा पूछताछ की. उसके एक दिन बाद सीएम ने विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया एवं पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए उनकी शैक्षणिक योग्यता पर सवाल उठाया. उनका नाम लिए बगैर केजरीवाल ने एक ''अनपढ़, चौथी पास, अहंकारी, भ्रष्टाचारी और बिना रानी के राजा'' की कहानी सुनाई, जो गरीब परिवार में जन्मा और रेलवे स्टेशन पर चाय बेचता था. जब से प्रवर्तन निदेशालय ने डिप्टी सीएम और शराब घोटाले के आरोपी मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया है, वे इस मामले में मोदी के पीछे पड़े हैं और कह रहे हैं कि देश को पढ़े-लिखे नेताओं की जरूरत है. केजरीवाल आइआइटी स्नातक हैं और उनके सभी कैबिनेट मंत्री भी कम-से-कम स्नातक हैं. पंजाब के सीएम भगवंत मान एकमात्र अपवाद हैं जो 12वीं पास हैं.

किस्सा धोती का...

राजस्थान का स्वास्थ्य महकमा संभालने वाले मंत्री परसादी लाल मीणा की धोती को लेकर चर्चा बनी रहती है. दरअसल, मंत्री हमेशा कलफ की हुई धोती पहनते हैं जो चारों ओर से फैली रहती है. पिछले दिनों सीएम अशोक गहलोत के घर में मंत्रियों-अफसरों के लिए एक सहभोज कार्यक्रम रखा गया था. उसमें स्वास्थ्य मंत्री सबसे आखिर में पहुंचने वालों में शामिल थे. मंत्री टेंट की तरफ बढ़ने लगे तो उन्हें देखकर वहां मौजूद दूसरे मंत्री हंसने लगे. एक मंत्री ने हंसने का कारण पूछा तो उदयपुरवाटी विधायक राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने कहा, ''सत्ता का असर मंत्रीजी की धोती पर भी नजर आ रहा है. सत्ता हाथ में हो तो धोती क्या, सबकुछ फूल जाता है.''   

बाहुबली के लिए बदले नियम! 

कभी क्राइम से समझौता न करने का दावा करने वाले बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने दबंग राजनेता आनंद मोहन की रिहाई के लिए राज्य सरकार का जेल मैनुअल बदल दिया. मोहन एक आइएएस अफसर की हत्या के दोषी हैं और 14 साल से सजायाफ्ता हैं. पर राजपूतों का चहेता होने के कारण हर कोई उन्हें लुभाना चाहता है. उनकी रिहाई नहीं हो पा रही थी क्योंकि जेल मैनुअल के अनुसार, परिहार पर रिहाई सिर्फ उसी सजायाफ्ता कैदी की हो सकती है, जो एक से ज्यादा हत्या, रेप, डकैती, आतंकी साजिश और सरकारी अफसर की हत्या का दोषी न हो. सरकार ने मैनुअल से सरकारी अफसर की हत्या वाली शर्त को अब हटा दिया है.

बंगाली पहचान

राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस पोइला बैसाख पर 15 अप्रैल को राजभवन में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में कुर्ता-पाजामा में आए और उन्होंने शुद्ध बांग्ला में बोला. उन्होंने 'जय बांग्ला' नारे, जो टीएमसी का नारा भी है, में संशोधन करते हुए उसे 'जय पश्चिम बांग्ला' में बदल दिया. भाजपा का मानना है कि पश्चिम बंगाल को पश्चिम बंग के रूप में पहचान बनाए रखनी चाहिए क्योंकि अविभाविजत बंगाल का बंटवारा होने पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के हठ पर इसे हिंदू-बहुसंख्यक राज्य के तौर पर गढ़ा गया था. तो 2024 के आम चुनावों के लिए जंग की रेखाएं खिंच गई हैं—हिंदू बनाम बांग्ला गौरव.

उधड़ने लगे रिश्ते

अन्नाद्रमुक के महासचिव के रूप में ई.के. पलानीस्वामी के पदभार संभालने के बाद 16 अप्रैल को कार्यकारी समिति की पहली बैठक में 15 प्रस्तावों में से किसी में भी भाजपा से गठबंधन का जिक्र नहीं था. क्या गठबंधन से तमिलनाडु में मुस्लिमों-ईसाइयों के बीच अन्नाद्रमुक का कमजोर होता आधार इसकी वजह है? पार्टी नाराज है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के अपने हालिया दौरे में पलानीस्वामी से मुलाकात नहीं की. राज्य भाजपा प्रमुख के. अन्नामलाई की ओर से अन्नाद्रमुक के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की फाइलों को खोलने की धमकी को भी उसने अनुचित बताया है. तो क्या गठबंधन ढहने के कगार पर है?

 — साथ में रोमिता दत्ता, अमरनाथ के. मेनन, पुष्यमित्र और आनंद चौधरी

Advertisement
Advertisement