इंडिया टुडे
कई वर्षों से शाहरुख खान ने भले ही कोई बड़ी हिट फिल्म न दी हो लेकिन कोविड-19 का उनका राहत कार्य तीन राज्यों में जबरदस्त हिट रहा है.
ये तीन राज्य हैं—दिल्ली, जहां के वे रहने वाले हैं, महाराष्ट्र जहां वे रहते हैं, और पश्चिम बंगाल जिसके वे ब्रांड एंबेसडर हैं. खान ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री राहत कोष में दान दिया है और उनके मीर फाउंडेशन ने पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य कर्मियों के लिए 50,000 पीपीई (पर्सनल प्रोटेक्शन इक्विपमेंट) किट मुहैया कराई है.
वे मुंबई में एक महीने के लिए 5,500 परिवारों को खाना खिला रहे हैं और दिल्ली में 2,500 दिहाड़ी मजदूरों को बुनियादी सामान उपलब्ध करा रहे हैं. उनकी पत्नी गौरी ने अपना चार मंजिला दफ्तर बृहन्मुंबई महानगरपालिका को क्वारंटीन सेंटर बनाने के लिए दिया है.
तीनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने ट्वीट करके उन्हें धन्यवाद दिया है. यानी किंग खान का जलवा फिर से कायम हुआ.

