तायबा खातून की उम्र यही कोई 32 साल है. अपना घर आश्रम के जच्चा-बच्चा वार्ड में वे बेड पर पालथी मारे बैठी हैं. यह आश्रम राजस्थान के भरतपुर शहर से अछनेरा रोड पर आठ किमी आगे है. उनकी गोद में तीन दिन की ललछौंही नरम-नाजुक बिटिया रोए जा रही है. तायबा 29 जनवरी को भरतपुर रेलवे स्टेशन पर पागल-सी मनोदशा में मिली थीं. इत्तिला मिलने पर अपना घर के कार्यकर्ता एंबुलेंस में लेकर आए. तीन महीने के इलाज और देखभाल के बाद अब तमाम बातों के साथ उन्हें शौहर वकील अहमद का मोबाइल नंबर भी याद आ गया है. आश्रम प्रबंधन से जुड़ीं माधुरी भारद्वाज तायबा के सामने ही वह नंबर डायल करके उसे मोबाइल पकड़ा देती हैं: ''हम बोलत हईं...जल्दी आवा, हमके लिया ले चला...बिटिया भइल हौ...आंय? केहकर? हमार हौ...'' तायबा का गला रुंध जाता है. यह उनकी जिंदगी की बेहद निर्णायक घड़ी है. बिहार के भभुआ से पति ने चार दिन बाद आकर ले जाने का भरोसा दिया है. ''कहत हवैं बिटिया वोहीं छोड़ि दा.'' इस नवप्रसूता को लगता है कि सब्जी का ठेला लगाने वाले उसके पति ने मजाक किया है. एक हफ्ते बाद आश्रम में उनकी फाइल अपडेट होती हैः ‘‘पति ने ले जाने से किया इनकार. कहा कि बहुत पहले घर से निकल गई थी.'' तायबा अब बेटी के साथ अपना घर में ही रहेंगी.
उनके कमरे के पीछे वाले बरामदे में नेत्रहीन अनिता थाली में से दाल-चावल का कौर लेकर टटोलते हुए छह महीने के बेटे के मुंह में डालती हैं. सामने की ओर टाटपट्टी पर बीसियों छोटे बच्चों के साथ बैठी खा रही बेटी 12 वर्षीया ज्योति से वे पानी मंगवाती हैं. रायबरेली (उत्तर प्रदेश) में पति से अक्सर झगड़े के चलते वे बस पकड़कर दिल्ली जा पहुंचीं. नेत्रहीन होने से टिकट नहीं लगा. दिल्ली में भटकते देख किसी ने अपना घर फोन कर दिया. महीने भर पहले ही यहां पहुंचीं अनिता मानसिक रूप से थोड़ी अस्थिर हैं. ज्योति अब यहां के बाकी बच्चों के साथ पढ़ेगी.
एक अलग इमारत में पुरुषों के वार्ड में बेड पर बेफिक्र बैठे पप्पू भाई बड़े खुश दिख रहे हैं: ''वापस जा रहा हूं जी आज. वहां जाके इसके बारे में लोगों को बताऊंगा और दिखाने लाऊंगा.'' पेशे से हलवाई पप्पू गुजराती ही नहीं, राजस्थानी और मराठी थाली के सारे व्यंजन बनाते आ रहे थे. एकाएक बुरी संगत में पड़कर नशे की चपेट में आए और अंत में यहां आकर लगे.
भरतपुर के पास बंशी और बझेड़ा गांवों में करीब 17 एकड़ में अपना घर के दो विशाल परिसरों में तायबा, अनिता और पप्पू जैसी डेढ़ हजार से ज्यादा जिंदा कहानियां पसरी हैं. हर किरदार यतीम. बेबसी और लाचारगी का पहाड़ लादे हुए. महिलाओं वाले दोमंजिला खंड के बाहर पसरा सन्नाटा सब कुछ शांत होने का भ्रम पैदा कर सकता है. जरा लोहे का ग्रिल गेट खुलने दीजिएरू सर जी हमको घर जाना है...हमें घर भिजवा दो ना, हाय बप्पा, हम घरे जाब...हमें यहां से जाने दो...हमारे पापा को बुला दो, वो हमको ले जाएंगे... संस्थापक 49 वर्षीय डॉ. बी.एम. भारद्वाज पहले ही सतर्क कर चुके थे कि कलेजा कड़ा करके उनकी आवाजें सुननी होंगी. आप अगर कमजोर कलेजे के हैं तो महिला प्रभुओं की आंसुओं से भीगी तड़प और कराह सुनकर आपको चक्कर आ सकता है.
कोई भारद्वाज के हाथ चूमता है, कोई दाढ़ी को हाथ लगाता है. ध्यान रहे, 1,600 प्रभु—जी इन सभी आवासियों को यहां प्रभु ही कहा जाता है—में से दो-तिहाई मनोरोगी और मंदबुद्धि हैं. एड्स की शिकार बस्ती की रूबी (बदला नाम) का रो-रोकर बुरा हाल है.
डॉ. भारद्वाज अब इसके अभ्यस्त हो चुके हैं. शांत भाव से वे कहते हैं, ''हमारे लिए यह बड़ी कठिन स्थिति होती है. हम इन्हें इनके घर भेजना चाहते हैं, खासकर जो ठीक हो चुके हैं. ये जाएंगे तो यहां-वहां भटकते दूसरे प्रभुओं के लिए जगह बन पाएगी. लेकिन इनमें से ज्यादातर अपना पता-ठिकाना बता पाने में ही असमर्थ हैं. जिन्होंने बताया, उनके घर वालों ने ले जाने से साफ मना कर दिया, पर उन्हें बताया नहीं जा रहा क्योंकि इससे उन्हें सदमा लग सकता है. हमारा मकसद हर तरह से इन्हें सुकून और आराम देना है, कष्ट नहीं.''
इनमें से 38 एचआइवी ग्रस्त और करीब इतने ही गूंगे-बहरे प्रभु भी हैं. सात गर्भवती हैं. ऐसी मनोरोगी स्त्रियां अमूमन सड़कों पर लावारिस मिलती हैं. कोई भी उनका भोग कर इधर-उधर छोड़ देता है. पिछले पांच साल में ऐसी 60 एचआइवी ग्रस्त प्रभु मिल चुकी हैं. भरतपुर आश्रम में 785 महिला प्रभु 18 से 50 के बीच की हैं, जिसे प्रोडक्टिव उम्र कहा जाता है.
दिल्ली की एक अदालत ने पिछले पखवाड़े एक याचिका पर सुनवाई के दौरान टिप्पणी की थी कि राजधानी के ज्यादातर अनाथालयों ने अपने यहां मनोरोगियों के लिए व्यवस्था न होने की बात कही है. इसी तरह हाल ही में मेडिकल जर्नल लांसेट की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में तीन लाख से ज्यादा की आबादी पर एक मनोचिकित्सक है. देश में करीब 4 करोड़ विधवाएं हैं, जिनमें से 60,000 तक वृंदावन के मंदिरों और आश्रमों में ठिकाना पाती हैं.
2011 में सुप्रीम कोर्ट में दाखिल एक जनहित याचिका के मुताबिक, देश में 1.1 करोड़ परित्यक्त या अनाथ बच्चे हैं. अपना घर को इन तथ्यों के आईने में रखकर देखें. यह भारत का शायद अकेला ऐसा ठिकाना है, जहां इतने बड़े पैमाने पर लाचार बेसहारा बीमारों की गहरी संवेदना के साथ परवरिश की जाती है. इनमें मनोरोगी, कुष्ठ रोगी, कैंसर, टीवी, दमा और मिर्गी आदि के रोगी शामिल हैं. करीब 1,600 प्रभुओं की देखभाल के लिए यही कोई 175 कार्यकर्ता. पास के एक गांव की 25 वर्षीया प्रियंका उन्हीं में से एक हैं. अपनी शादी नाकाम रहने पर पांच साल पहले वे यहां आ गईं. आठवीं पास प्रियंका को आज करीब 800 महिला प्रभुओं के नाम याद हैं और 600 से ज्यादा प्रभुओं की दवाओं के नाम. इसी तरह पोलियोग्रस्त और साइकिल गाड़ी से प्रबंधकीय दौड़-भाग करतीं, समन्वय करतीं भरतपुर की बबिता 44 वर्षीया गुलाटी और 30 वर्षीय गया प्रसाद आश्रम के प्रमुख चेहरे बन गए हैं. डॉक्टर यहां एक मनोचिकित्सक समेत कुल सात हैं.
डॉ. भारद्वाज को अपने पैतृक गांव, अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) जिले के सहरोई के एक वाकए से इसकी प्रेरणा मिली थी. वहां चिरंजी खटीक नाम के एक बेसहारा बुजुर्ग थे. वे गांव भर की गाएं-भैंसें चराते. लोग उनके रोटी-कपड़े की फिक्र कर लेते. 80-85 की उम्र में उनके शरीर पर घाव होने लगे. वे तड़प-तड़पकर मरे, कोई सामने न आया. उस लाचारगी की कसक कक्षा छह के छात्र भारद्वाज के मन में बैठ गई. अस्सी के उत्तरार्ध में भरतपुर के भारतीय होमियोपैथिक कॉलेज से बीएचएमएस करने के बाद बझेड़ा गांव की क्लीनिक पर एक सीनियर के साथ प्रैक्टिस करने पहुंचे. थोड़े ही दिनों में प्रैक्टिस असली मकसद की ओर घूम गई. वे पड़ोस के एक गांव में पत्थर मारते, गरियाते घूमते एक मनोरोगी 50 वर्षीय रामदीन को लेकर आए, पत्नी माधुरी के साथ मिलकर कीड़े साफ किए, नहलाया-धुलाया. नितांत भूखे रामदीन ने आधा किलो केले और 200 ग्राम मूंगफली खाने के थोड़ी देर बाद 34 रोटियां खाईं.
आपसी विनोद में उनका नाम रोटीराम पड़ गया. नियमित दवा से उनके दिमाग की नसें और क्षुधा भी संयमित होने लगी. एक दिन टहलते हुए वे पास के इकरन रेलवे स्टेशन जा पहुंचे, जहां किसी ने असहाय यात्री समझ ट्रेन में चढ़ा दिया. फिर वे कभी नहीं लौटे. माधुरी कई दिनों तक रोती रहीं. सेवा के वास्ते उन्होंने डॉ. भारद्वाज से शादी के वक्त ही फैसला कर लिया था कि संतान पैदा नहीं करेंगे.
खैर, छह-सात साल तक सिलसिला यूं ही चलता रहा. सन् 2000 में मां माधुरी बृज वारिस सेवा सदन, अपना घर नाम से संस्था का पंजीकरण कराया. माधुरी के गहने गिरवी रखकर और 5 रु. सैकड़ा ब्याज पर कर्ज लेकर 1-1 करके 5 बीघा जमीन खरीदी गई. अब आसपास हलचल बढ़ी और बातें भीः ''अरे सब फर्जीवाड़ा है, किसी दिन सबको फंसा के निकल जाएगा.'' पहले साल एक फौजी से नींव भरने के निमित्त 1,500 रु. की मदद आई.
डॉ. भारद्वाज कबूल करते हैं, ''शुरू में एक तरह की अकड़ भी थी. लगता था कि मैं ही सब कुछ कर रहा हूं.'' अब हाल यह है कि आश्रम की स्थायी और रोजमर्रा की जरूरतों की सूची रोज ठाकुर जी के नाम लिखकर कार्यालय में टांग दी जाती है. मसलन, ''सरसों का तेल-300 किलो'' और ''चपाती मशीन (5,000 रोटी प्रति घंटा), कीमत-9.5 लाख रु.'' आदि. आश्रम को लेकर डॉ. भारद्वाज की सोच दो मामलों में शीशे-सी साफ हैः एक, कोई भी असहाय, लावारिस, बीमार सेवा और संसाधनों के अभाव में दम न तोडऩे पाए; दूसरे, कभी किसी के आगे चवन्नी के लिए भी हाथ न फैलाया जाए. भारद्वाज ने पैसों को लेकर पांचेक साल पहले एक आगंतुक की व्यंग्यात्मक टिप्पणी के बाद रुपए-पैसे को हाथ लगाना तक छोड़ दिया. पारदर्शिता का आलम यह कि प्रभुओं की संख्या, जांच, रहन-सहन का सारा ब्यौरा रोज बोर्ड पर या कागजों में दर्ज हो जाता है.
इस फलसफे के साथ अपना घर का विचार, आज की शब्दावली में कहें तो, तेजी से वायरल हो रहा है. राजस्थान में 11, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में कुल 15 आश्रम शुरू हो चुके हैं, जहां 2,700 से ज्यादा की देखभाल का इंतजाम है. हिंडौन (करौली) और बस्सी में भी 2-3 महीने में शुरू हो रहे हैं. फिर आगरा की तैयारी है. काठमांडो में भारद्वाज दंपती अभी 14 मई को ही आश्रम का भूमिपूजन कराकर आए हैं. बंशी में 380 प्रभुओं की नई यूनिट का लोकार्पण 20 जुलाई को होना है. भरतपुर के जिला कलेक्टर रवि जैन कहते हैं, ''सचमुच, इस तरह का काम मैंने जीवन में पहली बार देखा. निरीहों की जिस तरह से वहां सेवा होती है, उसे देखकर मैं हैरत में पड़ गया. यह मदर टेरेसा की तरह का काम है. उसके बाद कई भामाशाहों को यहां सहयोग के लिए प्रेरित किया.'' प्रशासन में भी अपना घर के प्रति बने भरोसे का ही नतीजा है कि वह खुद भी इस तरह के लाचारों को यहां के लिए रेफर कर देता है.
प्रेरणा देखिए. प्रॉपर्टी डीलर रहे 48 वर्षीय रामपाल बागड़ी एक बार एक बूढ़ी नेत्रहीन लाचार को अपना घर ले गए. वहां उन पर ऐसा असर हुआ कि दिल्ली के पूठखुर्द में उन्होंने भी आश्रम शुरू कर दिया. परोक्ष रूप से हजारों को इस काम में जोड़ चुके डॉ. भारद्वाज कहते हैं, ''हमें सिर्फ जगह चाहिए. सरकार दे या समाज. हम काम शुरू कर देंगे.'' और पिछली फरवरी से अपना घर ने व्यापक इंतजाम कर घायल, लाचार पशुओं, परिंदों के लिए भी द्वार खोल दिए हैं. कुछ लोग अब अपना घर का जिक्र भरतपुर में घना पक्षी विहार के बाद एक दर्शनीय स्थल के तौर पर करने लगे हैं. जैन स्पष्ट करते हैं, ''घना तो पर्यटन स्थल है, अपना घर प्रेरणास्थल.''
अनाथ प्रभुओं का मंदिर
मनोरोगियों, बीमारों, लाचारों के लिए एक अनूठी संस्था ने मुहैया किया ठिकाना. उससे प्रेरित होकर दर्जनों शहरों में ऐसी ही शुरुआत. पिछले पखवाड़े नेपाल में भी पहुंचा अपना घर.

अपडेटेड 1 जून , 2016
Advertisement
Advertisement
