रजत बेंगलूरू में 28 साल के मैनेजमेंट प्रोफेशनल हैं. उनकी जिंदगी रंगीन रोमांस से भरपूर थी लेकिन उन्हें फिर भी 'वैसी' लड़की नहीं मिली थी, जिसकी उन्हें तलाश थी. सो, जैसे ही उन्हें अपने लिए एक सही लड़की मिली, उन्होंने परिवार की मर्जी से शादी कर ली. लेकिन जैसे ही उन्हें पता लगा कि लड़की का कौमार्य अक्षत है, वे कुछ मायूस हो गए. रजत के लिए यह ऐसी सांस्कृतिक अड़चन थी जिसके लंबे समय तक असर होते हैं. खुशकिस्मती से वे दोनों शादी से पहले नए तरीकों से सेक्स करके इस परेशानी से बाहर भी आ गए.
दरअसल, यह विचार अब अपनी रंगत खोने लगा है कि कौमार्य स्त्री का सबसे बड़ा गहना होता है. और अब तो इसका स्वागत भी किया जा रहा है. इससे यह भी पता चलता है कि शहरी और कस्बाई भारत में महिलाओं की जिंदगी में, ख्वाहिशों और उम्मीदों के बदलाव में सामाजिक-सांस्कृतिक वर्जनाओं का कितना असर दिखता है.
प्रोफेशनल लक्ष्य और सामाजिक सक्रियता पर लड़कियों का जोर बढऩे से शादी की प्राथमिकता भी पीछे चली गई है. जनगणना के आंकड़ों से पता चलता है कि हमारी आबादी में अकेली रहने वाली महिलाओं का आंकड़ा कुल आबादी का 12 प्रतिशत (7.14 करोड़) है, जो 20-29 वर्ष की 'विवाह योग्य' उम्र के मामले में बड़ा इजाफा है.
हम यह भी जानते हैं कि भारत डेटिंग/हुक-अप ऐप टिंडर का भी बड़ा बाजार है. टिंडर बिंदास सेक्स की सिफारिशों की वजह से शादी पर जोर देने वाली साफ-सुथरी डेटिंग ऐप के बाजार पर भारी पड़ रही है. और लड़कियां जिस दौर में वह सीमा लांघने को तत्पर हैं, जहां भारतीय स्त्रियों ने पहले कभी पैर भी नहीं रखा, वहीं हमें पोर्नहब की हाल ही में जारी 2015 की रिपोर्ट पर भी गौर करना चाहिए. इस रिपोर्ट के मुताबिक, महिलाओं के पोर्न देखने के भारतीय आंकड़े 2014 के 26 प्रतिशत से बढ़कर पिछले साल 30 प्रतिशत हो गए.
संक्षेप में कहें तो बीते कई दशकों से जारी प्रयासों, शिक्षा, सकारात्मक सरकारी कदमों, नारीवादी सक्रियताओं का असर अब जमीन पर भी दिखने लगा है. यही नहीं, ख्वाहिशों और उम्मीदों का इजहार सिर्फ आर्थिक और पेशेवर रूप से ऊपर माने जाने वाले 'प्रतिष्ठित' वर्गों तक ही सीमित नहीं रह गया है.
लिहाजा, अनिवार्य तौर पर प्रवृत्तियों में एक अंदरूनी बदलाव आकार ले रहा है. हम इसे एक तरह की ऐंद्रिक प्रगति कह सकते हैं. मामला अब सिर्फ जिंदगी का लुत्फ उठाने से बढ़कर इंद्रिय सुख हासिल करने की ख्वाहिश की ओर बढ़ रहा है यानी अपनी अस्मिता को पहचानने की जरूरत पर जोर ज्यादा है.
सोशल मीडिया के विकास और उसमें खुद को अभिव्यक्त करने, खुद को पेश करने और सेल्फी लेने की नई भाषा के विकास ने भी महिलाओं को अपने रूप को निखारने और उसे दुनिया को दिखाने का मौका मुहैया करा दिया है. आजकल भारत की ज्यादा से ज्यादा लड़कियां टीवी की नौकरियों की ओर आकर्षित हो रही हैं, और अपने शरीर को अधिक से अधिक सेक्सी दिखाने के जतन करती हैं.
इससे पता चलता है कि मध्यवर्गीय स्त्रियों के लिए देह की सांस्कृतिक अस्मिता बदल रही है. यह विचार अब कुछ ढीला पड़ता जा रहा है कि स्त्री का शरीर गौरव का प्रतीक होता है (हालांकि इसके साथ ही नैतिक पहरेदारी, जातिगत हिंसा वगैरह में भी इजाफा हो रहा है). इस बदलाव का सबसे बड़ा प्रतीक सनी लियोनी जैसी पोर्न कलाकार की मुख्यधारा के मनोरंजन उद्योग में स्वीकार्यता है, जिसकी दस साल पहले तक कल्पना करना भी असंभव-सा था.
इसके साथ हम यह भी यकीन करने को मजबूर होंगे कि यहां तक कि घृणा की हद तक स्त्रियों—और अब पुरुषों—को सेक्स वस्तु के रूप में परोसने का रुझान घटा है. इसका दूसरा पहलू इस सवाल से निकल सकता है कि क्या औरतें अपनी ख्वाहिशों के मुताबिक पोर्न देख रही हैं या फिर उसी का लुत्फ उठा रही हैं जो पुरुषों के नजरिए से बना है?
तो, आखिर वह क्या तरीका है जिससे सेक्स संतुष्टि की असलियत जानी जा सकती है? खुशगवार या उन्मुक्त सेक्स जीवन की व्याख्या आखिर क्या हो सकती है? अक्सर हम इस छलावे में फंस जाते हैं कि परंपरा तो 'दमनकारी' रही है और आधुनिकता 'उक्मुक्त' करती है.
इन मान्यताओं में कुछ वर्जनाएं प्रयोगशीलता के मामले में जरूर टूटी हैं. इनका वर्णन इस तरह किया जाने लगा हैः कैजुअल, एक्सपेरिमेंटल और ओपन इक्वल्स को उन्मुक्त माना जाता है जबकि वर्जिन और मिशनरी पोजिशन को पुरातनपंथी माना जाता है. इनमें एकाध सचाइयां भी हैं लेकिन इनमें जो भिन्नता है, वह नए कायदे भी बना रही है.
उन्मुक्तता के कई संकेतक हैं, जिनसे ऐसे माहौल के बारे में पता चलता है.थ्रीसम यानी एक साथ तीन. लिफ्ट या कैब में या फिर दोनों में सेक्स का अनुभव. और दूसरा समलैंगिक सेक्स. इससे आप इस नतीजे पर पहुंचते हैं कि माहौल उन्मुक्त हो गया है. इनसे बिलाशक सेक्स के मामले में एक खुलेपन और विविधता का अंदाजा लगता है. लेकिन ये सेक्स के उपभोग की मिसालें भी हैं.
इनसे किसी की व्यक्तिगत ख्वाहिशों और नए प्रयोगों का पता नहीं चलता इसलिए इससे ऐसे नए नियम भी बनते हैं जिन्हें लोग स्वीकार करना चाहते हैं. सवाल यह नहीं है कि किसी का कौमार्य अक्षत है या वह मिशनरी पोजिशन पसंद करता है, बल्कि यह है कि क्या हम इसे मौज-मस्ती और सुकून के साथ जोड़ सकते हैं? क्या यह बाध्यकारी परिस्थितियों से अलग हो जाता है या फिर नहीं?
यह भी दिलचस्प है कि जब हम कौमार्य (यह अवधारणा इस मिथक पर आधारित है कि इसे पुरुष को भेदना चाहिए जबकि असलियत में यह स्त्री की योनि के मुख पर एक झिल्ली होती है, अगर यह उसे ढके होती तो महिलाओं को मासिक धर्म नहीं हो पाता) और उसके बदलते मायनों की बात करते हैं तो अमूमन स्त्रियों के कौमार्य का ही जिक्रकर रहे होते हैं. किन्हीं वजहों से यह नहीं पूछा जाता कि पुरुष कौमार्य के बारे में भी धारणाएं बदली हैं या नहीं? पुरुष कौमार्य के बारे में कैसा अनुभव करते हैं? 'सेक्स के मामले में अनुभवी' होने का दबाव उनके मनोभाव, रिश्ते और सेक्स संतुष्टि पर क्या असर डालते हैं?
दरअसल स्त्री-पुरुष सेक्स संबंधों में बदलाव पर ज्यादातर बहस-मुबाहिसे स्त्रियों के सेक्स रुझानों पर ही केंद्रित होते हैं, मानो हमारी सेक्स संस्कृति की समस्याएं उन्हीं तक सीमित हैं. इसी वजह से सेक्स के उन्मुक्त माहौल में मर्दानगी एक स्थायी भाव की तरह स्थापित है.
अक्सर हम सांस्कृतिक नैतिकता—जिसे सभी स्वीकार करते हैं और खुलकर रजामंदी जाहिर करते हैं—और व्यक्तिगत नैतिकता, जो हम अकेले में सोचते और करते हैं, के बीच झूलते रहते हैं. आज हम सेक्स में कामयाबी और एक तरह के उपभोक्तावादी की भाषा में बात करते हैं, जिससे यह धारणा बनती है कि जो सेक्स नहीं करते, वे हारे हुए हैं. यह बात पुरुषों के बारे में खास है जो पुराने जमाने की मर्दानगी और आज के दौर की सेक्स उन्मुक्तता के विचार के बीच फंसे रहते हैं.
नए मल्टी-मीडिया डिजिटल प्रोजेक्ट के लिए एक गंभीर रिसर्च में इश्क—जिस शब्द में सेक्स, प्यार और वासना तीनों समा जाते हैं—के मामले में महिलाएं खुलकर बोलती हैं कि उन्हें सेक्स की चाहत होती है लेकिन उन्हें पुरुषों के हाथों छले जाने का एहसास भी लगातार बना रहता है. इसलिए सेक्स के मामले में बराबरी की सतही बातों में एक गैर-बराबरी का भाव भी लगातार छिपा ही रहता है.
सेक्स शिक्षकों, काउंसलरों और अन्य लोगों से बातचीत से पता चलता है कि लोग अपने साथी की देह से किस कदर अपरिचित होते हैं. रिसर्च के ऐसे कोई आंकड़े मौजूद नहीं हैं जिनके बल पर यह पता लगाया जा सके कि कितनी महिलाओं को नियमित तौर पर सेक्स के दौरान पूरी संतुष्टि मिलती है.
दुनिया भर में यही माना जाता है कि हर 3 में से 1 महिला को ही संतुष्टि मिल पाती है. 2010-11 के राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेंक्षण के मुताबिक, 8.3 करोड़ महिलाएं आपात स्थिति में ली जाने वाली गर्भनिरोधक गोलियों का इस्तेमाल करती हैं जबकि 1.6 करोड़ पुरुष कंडोम का इस्तेमाल करते हैं यानी यह 5:1 का अनुपात है.
सेक्स के मामले में बदलावों को जानने के लिए हमें औपनिवेशिक काल की 'दमित सेक्स भावनाएं और पाखंड' जैसी अवधारणाओं के बदले शायद नए सवालों पर विचार करना होगा, तभी हम इसकी सचाइयों को ज्यादा संपूर्णता और बराबरी में जान पाएंगे.
सेक्स सर्वेः कौमार्य की कसक अब कहां
विवाह के मामले में कौमार्य की अक्षुण्णता अब बड़ा मामला नहीं रही पर नई सेक्स संस्कृति का पाखंड और काम-क्रीड़ा का अलग अनुभव अब भी बिस्तर पर रखता है मायने.

अपडेटेड 29 जनवरी , 2016
Advertisement
Advertisement
