scorecardresearch

बहुत शोर है, सुनाई नहीं दे रहा

वायू प्रदूषण से आप खुलकर सांस नहीं ले पाते. लेकिन क्या ठीक से सुन पाते हैं? ज्यादातर लोग अपने आसपास  के कोलाहल को सुन पा रहे हैं लेकिन उनके सुनने की क्षमता धीरे-धीरे कम होती जा रही है.

अपडेटेड 24 नवंबर , 2015

इस दीपावली की रात नौ बजे दिल्ली के मयूर विहार इलाके में अचानक पटाखों का महाविस्फोट शुरू हुआ. सीटी बजाती रोमन कैंडल्स ने पहले आकाश को लाल किया और फिर वह हरे, पीले और नीले रंगों में बदलता गया. 'आकाश गंगा' नाम के रॉकेट चारों ओर फूटने लगे. धुंए वाले बम लगातार फट रहे थे. बीड़ी बम की हरेक लड़ी लगातार दस मिनट तक फटती रही. इलेक्ट्रिक पटाखों की आवाज ऐसी थी गोया राइफल से गोलियां दग रही हों जबकि 'एटम बमों' ने खिड़कियों के कांच चटका दिए.

पड़ोस की एक बहुमंजिला इमारत में रहने वाला जोशी परिवार आपस में बात कर रहा था पर आवाज के अचानक हुए इस अप्रत्याशित हमले से उसकी बातचीत टूट गई. फिर किसी ने टीवी की आवाज को तेज कर दिया ताकि बाहर की आवाजों को टक्कर दी जा सके और इससे भी बुरा यह हुआ कि उनका कुत्ता पागल होकर भौंकने लगा. आवाजों का यह आक्रमण दो घंटे जारी रहा. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक देश के सबसे ज्यादा आवाज करने वाले पटाखा क्षेत्रों में एक मयूर विहार आता है. एक निर्माण कंपनी के कार्यकारी निदेशक अरुण जोशी कहते हैं, ''मुझे लगता है, उस दिन के बाद से हम सब थोड़े बहरे हो गए हैं. ''

धीमा जहर
मामला केवल दीवाली का नहीं है. चारों ओर हो रही आवाजें हमें बहरा कर रही हैं. पहले लोग बुढ़ापे में सुनने की क्षमता खो बैठते थे. अब ऐसा नहीं है. भारत के लोग अब हर उम्र में किसी न किसी किस्म की बहरेपन के शिकार हो रहे हैं. इसे नॉएज इंड्यूस्ड हियरिंग लॉस (एनआइएचएल) कहते हैं जो महीनों तक या बरसों तक लगातार तेज आवाज सुनने के कारण होता है. एम्स, दिल्ली के पूर्व निदेशक और ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. रमेश डेका कहते हैं, ''जब आवाज बहुत तेज होती है तो यह कान के भीतर परमाणुओं के निर्माण को शुरू कर देती है. इससे कान के भीतरी हिस्से में बाल वाली कोशिकाएं मरने लगती हैं. जितना ज्यादा आप आवाज की चपेट में होंगे, उतनी ही ये कोशिकाएं मरती जाएंगी और सुनने की क्षमता कम हो जाएगी. '' एनआइएचएल स्थायी या अस्थायी हो सकता है. यह एक या दोनों कानों में हो सकता है. यह किसी तेज आवाज के तुरंत बाद हो सकता है या कुछ वक्त बाद भी हो सकता है.

डेसिबल में मापी जाने वाली आवाजों में 85  डेसिबल से सुनने की क्षमता को खतरा पैदा होने लगता है. फर्श पर पिन के गिरने की आवाज अगर 10 डेसिबल है तो भारी यातायात की आवाज 90 डेसिबल है. यही वह रेंज है जिसे सामान्य मनुष्य बर्दाश्त कर सकता है. यह विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) का पैमाना है. इससे ऊपर अगर 15 मिनट की अबाधित आवाज आपके कानों में पड़ जाए तो आप स्थायी रूप से बहरे हो सकते हैं. ऐसा सीटी बजाते 82 डेसिबल के रॉकेट से लेकर 115 डेसिबल के सायरन वाली एंबुलेंस तक किसी से भी हो सकता है. 120-125 डीबी की रेंज में कानों में दर्द शुरू होता है: यह 130 डीबी के एटम बम के फटने या फिर 160 डीबी की गोली चलने की आवाज से हो सकता है. इस मात्रा में दस अंकों का इजाफा आवाज को दस गुना ज्यादा तेज बना देता है.

आंकड़ों का खेल
भारत में इन संख्याओं को लेकर कोई चिंता नहीं है. डब्ल्यूएचओ के अनुमानों के मुताबिक, दुनिया की आबादी के दस फीसदी हिस्से में हल्के से भारी स्तर पर बहरापन मौजूद है, जिनमें दो-तिहाई लोग भारत और चीन में रहते हैं. यह बहरापन किसी जन्म, रोग, आनुवंशिक विकृति या आवाज से पैदा हो सकता है. दुनिया के एक-चौथाई बहरे लोगों के पीछे आवाज ही कारण है. अमेरिका में 20 से 69 साल के बीच के लोगों में यह संख्या 15 फीसदी है. चीन में यह संख्या 16.8 फीसदी है. भारत ने हालांकि इसकी गणना करने की जरूरत अब तक नहीं समझी है. इसकी बजाए सरकार अब भी पुराने आंकड़े से काम चला रही है—यह आंकड़ा 10.7 फीसदी का है जिसे 1983 में इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने मापा था.

इसके अलावा 1997 में यूनीसेफ ने 8 फीसदी का एक आंकड़ा दिया था, राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण के 2001 के आंकड़ों में यह 9-10 फीसदी है जबकि 2006 में जारी डब्ल्यूएचओ का आंकड़ा इसे 6.3 फीसदी पर रखता है. जानकारों का मानना है कि यह संख्या और ज्यादा हो सकती है, क्योंकि इस दिशा में अध्ययन छिटपुट हैं और मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है. एक उदाहरण लें: दिल्ली में बहरेपन से ग्रस्त हर चार में से एक मरीज में यह समस्या तय उम्र से 15 साल पहले शुरू हो जाती है. यह आंकड़ा मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के सेंटर फॉर ऑक्युपेशनल ऐंड एन्वायरनमेंटल हेल्थ का है. चेन्नै के गवर्नमेंट जनरल हॉस्पिटल में इंस्टीट्यूट ऑफ ओटोरिनोलैरिंजोलॉजी ने सड़क पर चलने वाले लोगों में 30 फीसदी के बीच एनआइएचएल को पाया है.

मुंबई की यातायात पुलिस में हर दस पुलिसकर्मियों में से एक को गंभीर बहरेपन की शिकायत है, यह इंडियन मेडिकल एसोसिएशन का आंकड़ा है. एम.एस. रमैया मेडिकल कॉलेज में ईएनटी के शोधार्थियों का कहना है कि बेंगलूरू में म्यूजिक प्लेयरों के अत्यधिक इस्तेमाल के चलते 18 से 25 साल के बीच के हर आठ छात्रों में से एक को सुनने की गंभीर बीमारी है. कोलकाता की जाधवपुर यूनिवर्सिटी में किया गया एक अध्ययन बताता है कि 500 लोगों में किए गए सर्वेक्षण में 34 फीसदी लोग बहरेपन से ग्रस्त पाए गए हैं. इसके अलावा शहर में पिछले चार दशक के दौरान ऑडियोमीट्री परीक्षण केंद्रों के खुलने में 20 गुना इजाफा हुआ है.

कुदरत का मौन
कुदरत से गायब होती आवाजों का पहले संकेत हमें घरों की खिड़कियों पर आकर बैठ जाने वाली गौरैया से मिलता है. अब ये आवाजें स्मृतियों का हिस्सा हैं. किसी ने ध्यान नहीं दिया कि नन्ही-सी गौरैया कब दिखना बंद हुई. पूरा देश नब्बे के दशक से ही शहरी आधुनिकता की सनक में कहीं और देख रहा था. महानगरों में गगनचुंबी इमारतें उगती जा रही थीं. हालत यह थी कि 2001-2011 के बीच सड़कों पर जितनी कारें दौड़ रही थीं, उनकी संख्या बीते दशक के मुकाबले तीन गुना ज्यादा हो चुकी थी. यही वह दौर था जब 9.1 करोड़ लोगों ने यानी वियतनाम की आबादी के बराबर संख्या ने शहरों में प्रवेश किया और आवाजों से भनभनाते शहरों को और मुखर बना दिया. यह संख्या अब बढ़कर 37.7 करोड़ हो चुकी है. ये लोग अपने शांत आशियानों को छोड़कर शहरों में चैन की जिंदगी तलाशने आए थे, लेकिन आज शहरों की जिंदगी गाडिय़ों के हॉर्न, मशीनों की खटर-पटर, एयर कंडिशनरों की घों-घों और चिंघाड़ते लाउडस्पीकरों का पर्याय बनकर रह गई है.

महानगरों की इस नई तस्वीर में गौरैया का गायब होना दर्ज नहीं किया गया. फिर अचानक जब इसका एहसास हुआ, तो एक के बाद एक ऐसे शोध सामने आए जिन्होंने बताया कि ऊंची इमारतों, जहर घुले धुंए, प्रतिबंधित कीटनाशकों, हरित क्षेत्रों और कीटों के अभाव, प्लास्टिक-कांच और क्रोम से बनी आधुनिक इमारतों, मोबाइल टावरों से निकलने वाले इलेक्ट्रिक स्मॉग आदि के कारण गौरैया गायब हुई. यूनिवर्सिटी ऑफ  शेफील्ड के एक अध्ययन में पाया गया कि शहरों में होने वाला उद्योग और यातायात का शोर गौरैया के दुनिया से लुप्त होने का असली कारण है. अध्ययन के मुताबिक, महानगरों का शोर पक्षियों के बीच संवाद को बाधित करता है जिसके चलते वे अपने साथी के प्रणय-निवेदन का जवाब नहीं दे पाते. बच्चों के खाने की मांग पूरी नहीं कर पाते और अपना शिकार करने वाले प्राणियों की आवाज नहीं सुन पाते हैं. जेएनयू के स्कूल ऑफ लाइफ साइंसेज में प्राणीविज्ञानी सूर्य प्रकाश बताते हैं, ''सिर्फ गौरैया नहीं, बल्कि कई जलचर जैसे मेंढक आदि, जो अपने साथी को आकर्षित करने के लिए ध्वनि का प्रयोग करते हैं, उनकी संख्या भी तेजी से घटती जा रही है. मक्खियों और तितलियों में भी तनाव के संकेत पाए गए हैं. ज्यादा आवाज के कारण चमगादड़ कीड़ों का शिकार नहीं कर पा रहे हैं. ''

कानों की जांच
आप कैसे जानेंगे कि आवाजों का शिकार आपके कान भी हो चुके हैं? डेका कहते हैं, ''सामान्यत: साफ सुनाई नहीं देता है. '' इसका मतलब यह है कि जब सामने वाला फोन पर या किसी हो-हल्ले से भरे कमरे में बात कर रहा हो तो आपको उसकी बात समझ में नहीं आएगी. आप यदि रेडियो या टीवी की आवाज बढ़ा रहे हैं तो उसे भी बहरेपन का ही संकेत समझिए. वे बताते हैं कि ध्वनि प्रदूषण का सेहत पर और गंभीर प्रभाव हो सकता है, जैसे एकाग्रता कम होना, झुंझलाहट, सुस्ती, सिरदर्द, नींद में खलल, आदि. तनाव वाले हार्मोन के उत्सर्जन से उच्च रक्तचाप और दिल की बीमारियां भी पैदा हो सकती हैं. अत्यधिक तेज आवाज स्थायी स्मृतिलोप या मनोविकृति को जन्म दे सकती है.

आज कई युवा अपने कान में कुछ बजने या घनघनाने की शिकायत लेकर आ रहे हैं. यह बहरेपन का सबसे सामान्य लक्षण है. ये युवा मानते हैं कि वे लगातार आधे घंटे से ज्यादा फोन पर बात करते हैं और आइपॉड या एमपी3 प्लेयर पर तेज आवाज में लगातार संगीत सुनते हैं. एक उदाहरण कोलकाता की 15 वर्षीया लड़की का है जिसकी स्कूल में जब जांच की गई तो पाया गया कि ऑडियोग्राम पर उसकी सुनने की क्षमता 30 डीबी जा चुकी थी. उसकी मां कहती हैं, ''वह लगातार मोबाइल फोन से चिपकी रहती थी. घंटों दोस्तों से बात करती थी या संगीत सुनती थी. '' क्या वह मधुर संगीत सुनती थी? लड़की कहती है, ''नहीं, ऐसा तो नहीं है. मुझे तब पता चला जब हर बार मैं आइपॉड लगाती तो मेरे कान में कुछ घनघनाने लगता था. '' यह लड़की अपने स्कूल में रॉकबैंड की सदस्य है. ऐसी घनघनाहट को टिनिटस कहा जाता है. यह एनआइएचएल का पक्का लक्षण है.

हॉर्न बजाने की बीमारी
आवाजों के इस जंजाल से बाहर निकलने का क्या कोई तरीका है? नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) सड़कों के शोर और हॉर्न बजाने की आदत के बारे में गंभीरता से विचार कर रहा है. दिल्ली के सेंटर फॉर साइंस ऐंड एन्वायरनमेंट के वैज्ञानिकों का कहना है कि नुक्सानदेह आवाजों का 70 फीसदी हिस्सा गाडिय़ों के हॉर्न का है जो एक विशुद्ध भारतीय चालक की पहचान है. अत्यधिक हॉर्न बजाने वालों को रोकने के लिए एनजीटी ने 2013 में कई आदेश जारी किए थे: इनमें उच्च डेसिबल वाले, विविध टोन और तीखे हॉर्न को प्रतिबंधित किए जाने से लेकर नागरिकों को उन वाहनों का वीडियो बनाकर शिकायत दर्ज करवाने का निर्देश शामिल था जो हॉर्न और सायरन का बेपरवाह इस्तेमाल करते हैं.

इस मामले में सरकारों के निशाने पर भारतीय राजमार्गों के बेताज बादशाह यानी ट्रक चालक आ गए हैं. महाराष्ट्र सरकार ने ट्रकों के पीछे लिखे जाने वाले परंपरागत वाक्य ''हॉर्न ओके प्लीज'' पर प्रतिबंध लगा दिया है क्योंकि यह पीछे वाले को उसकी मनमर्जी से हॉर्न बजाने को प्रोत्साहित करता जान पड़ता है. एनजीटी ने महानगरों में ट्रकों के लिए वैकल्पिक मार्ग तलाशने की भी सिफारिश की है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड हल्ला मचाने वाले ट्रकों के लिए दंड का प्रावधान भी कर रहा है. केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान का कहना है कि दर्दनाक आवाजों का असली खलनायक ट्रक ही है. इन्हीं ट्रकों के कारण दिल्ली में आवाज का स्तर निर्धारित 45-55 डीबी से 16 गुना ज्यादा है.

इतनी कवायद के बावजूद आशंका यही है कि इन आदेशों और सिफारिशों पर कोई कान नहीं देगा. शोध दिखाते हैं कि भारत के कम से कम 60 फीसदी ट्रक चालकों को कम सुनाई देता है. वे अपने ही मचाए हल्ले के शिकार हैं. इनमें 76 फीसदी को उच्च रक्तचाप, तेज नाड़ी और पुरानी बदहजमी की शिकायत है. इनके बारे में पुणे के पर्यावरण वैज्ञानिक अमर एम. ढेरे से बेहतर कोई नहीं जानता जिन्होंने पुणे से हैदराबाद को जोडऩे वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 9 पर चलने वाले ट्रक चालकों पर शोध किया है. वे बताते हैं कि इंजनों से निकलने वाली गर्मी और लगातार बजते हॉर्न, यातायात और सड़क पर गुजरने वाले जीवन की निराशा के सबसे ज्यादा शिकार ये चालक खुद होते हैं. वे कहते हैं, ''हमें राजमार्गों पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की जरूरत है और बेहतर कार्य स्थितियों पर नियम लगाए जाने की दरकार है. इनके बगैर ध्वनि प्रदूषण को कम करने के सारे प्रयास बेकार साबित होंगे.''

आवाजों की पहचान
इस संकट का इकलौता समाधान, मुंबई की सुमैरा अब्दुलाली के मुताबिक, नॉएज मैपिंग है. दशक भर पहले जब उन्होंने मुंबई के हल्ले वाले इलाकों में एक नॉएज मीटर लेकर जाना शुरू किया था, तो लोग उन्हें आश्चर्य से देखते थे. अपने संगठन आवाज फाउंडेशन के जरिए वे आवाजों के स्वास्थ्य पर उन प्रभावों को लेकर जागरूकता फैला रही हैं जिन्हें कम कर के आंका जाता रहा है—काम में दखल, आराम, नींद, प्रदर्शन, व्यवहार, साथ ही दिल और दिमाग पर पडऩे वाले प्रभाव. उन्होंने 2007 में एक जनहित याचिका दायर की जिसके जवाब में बॉम्बे हाइकोर्ट ने 2009 में नॉएज पॉल्यूशन (रेगुलेशन ऐंड कंट्रोल रूल्स) 2000 को सख्ती से लागू करने का आदेश दिया, ताकि ''शैक्षणिक केंद्रों, अदालतों, अस्पतालों और धार्मिक स्थानों के आसपास साइलेंस जोन बनाए जा सकें. ''

इन वर्षों के दौरान आवाज फाउंडेशन ने मुंबई से ध्वनि प्रदूषण के आंकड़े एकत्र करना जारी रखा है. गणपति विसर्जन के दौरान जुलूसों में होने वाली आवाज, निर्माण स्थलों, व्यस्त ट्रैफिक जंक्शन या फिर दीवाली के दौरान रिहाइशी इलाकों में आवाजों पर निगरानी रखी जा रही है. शहर में बढ़ते ध्वनि के स्तर से चिंतित होकर उन्होंने नगरपालिका को पत्र लिख समग्र नॉएज मैपिंग प्रणाली के लिए अनुरोध किया है जो शहर के भीतर आवाजों के स्रोत और प्रकृति पर ज्यादा करीबी आंकड़े मुहैया करा सके. वे कहती हैं, ''नॉएज मैपिंग दुनियाभर में कारगर साबित हुई है.'' वे बताती हैं कि कई देशों में विस्तृत नॉएज मैप मौजूद हैं जिन्हें वेबसाइटों पर डाला गया है जिनकी मदद से नागरिक और शहरी योजनाकार मिलकर अपने समुदायों में अनावश्यक आवाजों को नियंत्रित कर पाने में सक्षम होते हैं.

अब और आवाज नहीं
इस साल दीवाली से ठीक पहले सुप्रीम कोर्ट में 6 और 14 माह के तीन नवजात शिशुओं की ओर से एक याचिका दायर की गई थी जिसमें पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग उठाई गई थी. यह याचिका राष्ट्रीय सुर्खियों में तब आई जब टीवी की बहसों में सरकार ने ऐसी याचिका का विरोध इस आधार पर किया कि यह ''हिंदू आस्था और मिथकों के विरोध में है. '' आखिरकार 20 अक्तूबर को भारत के मुख्य न्यायाधीश एच.एल. दत्तू ने कहा, ''नहीं, यह मुमकिन नहीं है. कोई नागरिक अगर अपने घर के बाहर पटाखे जलाना चाहता है तो यह उसका अधिकार है. हम उसे किसी मैदान विशेष में या निर्जन स्थान पर जाने को नहीं कह सकते. ''
हम जिस दुनिया में जी रहे हैं, वहां आवाजें लगातार हमें घेरती जा रही हैं. ऐसा लगता है कि भविष्य और ज्यादा कोलाहल भरा होगा. इसलिए अपने कानों की सुरक्षा करें. तेज आवाज से उन्हें बचाएं. ईयरप्लग का इस्तेमाल करें. आवाज धीमी रखें. बीच-बीच में शांत जगहों पर चले जाएं. अगर संदेह हो तो अपने कान की जांच करवा आएं, खासकर तब यदि आपको लगता है कि आप दो मीटर दूर खड़े व्यक्तित से भी चिल्लाए बगैर बात नहीं कर पाते. ''

Advertisement
Advertisement