रावलपिंडी और श्रीनगर के बीच कौवों ने तो बहुत पहले ही उड़ान भरना बंद कर दिया था. भीतरी एशिया व्यापार मार्ग पर कभी इन दोनों प्राचीन शहरों को जोड़ने वाले कश्मीर हाइवे का इस्तेमाल अब बहुत कम रह गया है. श्रीनगर और मुजफ्फराबाद के बीच चलने वाली बस इन दिनों मुश्किल से ही पूरी भर पाती है. फिर मेलजोल के हुनरमंद कौवे भला क्यों आएं-जाएं. जहां तक हवाई जहाज सरीखे बड़े परिंदों का सवाल है तो इस्लामाबाद (रावलपिंडी का जुड़वां शहर और पाकिस्तान की राजधानी) और नई दिल्ली के बीच उड़ानें तो आई-गईं और पिछले ढाई साल में दो बार आई-गईं, लेकिन उनके ऊपर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा था— 'वीवीआइपी.'
ऐसे ही एक वीवीआइपी विदेश सचिव सुब्रह्मण्यम जयशंकर 3 मार्च को पालम से चकलाला (दिल्ली और रावलपिंडी के सैन्य हवाई अड्डे) के लिए एक विशेष विमान पर सवार हुए. उनका एक ही मिशन था—भारत और पाकिस्तान के बीच रुकी हुई बातचीत को दोबारा शुरू करना. अहम बात यह है कि जयशंकर इस्लामाबाद का सफर उस वक्त कर रहे थे, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में जम्मू-कश्मीर में बीजेपी और पीडीपी (पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी) की गठबंधन सरकार को बने अभी 48 घंटे ही हुए थे.
इन दोनों पार्टियों के बेमिसाल गठबंधन के बारे में बहुत कुछ लिखा जा चुका है कि कैसे मोदी ने जनसंघ के नेता श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 1953 के नारे 'एक विधान, एक प्रधान, एक निशान' को बदल दिया है, जो कभी संविधान के अनुच्छेद 370 को रद्द करने की वकालत करता था.
दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री न केवल संविधान में दिए गए विशेष राज्य के दर्जे को कायम रखने में कामयाब रहे, बल्कि उन्होंने दोनों पार्टियों के बीच रजामंदी से तय किए गए 'गठबंधन के एजेंडे' में दो बातें शामिल करने पर जोर दिया. एक, 'केंद्र की ओर से पाकिस्तान के साथ रिश्ते सामान्य करने के लिए हाल में उठाए गए कदम' और दूसरा, 'मेलजोल का माहौल बनाने के लिए सरकार के उठाए गए कदमों का समर्थन करना और उन्हें मजबूत बनाना.'
पीडीपी के सूत्र बताते हैं कि वे दोबारा वही जादू पैदा करना चाहते हैं, जो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने एक दशक से भी ज्यादा वक्त पहले कश्मीर की कई यात्राओं के दौरान किया था. 2002 की गर्मियों में केंद्र और कश्मीर के बीच भविष्य की बातचीत के स्वरूप के बारे में एक रिपोर्टर के पूछने पर वाजपेयी ने कहा था, ''वे इनसानियत के दायरे में होंगी.''
अप्रैल 2003 में जब वाजपेयी फिर घाटी आए तो एक रैली में बेतहाशा जय-जयकार कर रही भीड़ से उन्होंने कहा था, ''मैंने दो बार पाकिस्तान की तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ाया (वे 1999 की लाहौर बस यात्रा और 2001 में जनरल परवेज मुशर्रफ को दिए गए न्यौते का जिक्र कर रहे थे) और दोनों बार मुझे धोखा मिला. लेकिन मैं छोड़ने वाला नहीं हूं. मैं एक और मौका देने वाला हूं.''
खुफिया एजेंसी रॉ के पूर्व प्रमुख और वाजपेयी के पीएमओ में कश्मीर मामलों के सलाहकार रहे ए.एस. दुलत मानते हैं कि मोदी-मुफ्ती की अमन कायम करने की कोशिश पर संजीदगी से विचार करने की जरूरत है. वे कहते हैं, ''पाकिस्तान का भूत कश्मीर को तंग करता है. आप चाहकर भी उसे दरकिनार नहीं कर सकते. पाकिस्तान और हुर्रियत दोनों से बात करने में कोई बुराई नहीं है.''
नाम उजागर न करने की शर्त पर एक कश्मीरी नेता ने कहा, ''मोदी वाजपेयी न हों, तो भी पाकिस्तान के साथ उनकी बातचीत पीडीपी-बीजेपी गठबंधन को ज्यादा गुंजाइश देगी.''
दुलत कहते हैं, ''यह न भूलें कि भारत-पाकिस्तान के बीच जब भी कुछ गड़बड़ होती है, कश्मीरियों को ही उसका दंश झेलना पड़ता है.''
पाकिस्तान के भीतर माहौल कुछ ज्यादा ही गमगीन है. सत्ता प्रतिष्ठान और सियासी विपक्ष का ध्यान भारत के साथ बातचीत दोबारा शुरू करने पर लगा है, जो जयशंकर और एजाज एहमद चौधरी के बीच विदेश सचिव स्तर की बातचीत के जरिए हो रही है. जम्मू-कश्मीर में सत्ता संभालने वाली पीडीपी-बीजेपी के अनोखे गठबंधन पर फिलहाल उनका ध्यान नहीं है.
विदेश सचिव स्तरीय वार्ता की पूर्व संध्या पर इस रिपोर्टर के साथ एक एक्सक्लूसिव बातचीत में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा कि वे ''1999 के (जब मुशर्रफ ने करगिल में लड़ाई छेड़ दी थी) टूटे धागे को दोबारा जोड़ने के लिए उत्सुक हैं और दोनों पक्षों के बीच अर्थपूर्ण बातचीत का इंतजार कर रहे हैं.'' उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि विदेश सचिव स्तरीय बातचीत रिश्तों को सामान्य बनाने की ओर ले जाएगी और इसकी शुरुआत नियंत्रण रेखा पर 2003 के युद्धविराम समझौते की बहाली से होगी.
शरीफ ने अगस्त, 2014 में भारत के बातचीत को रद्द करने और उसके बाद पाकिस्तान के भीतर मचे सियासी घमासान पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया, लेकिन विभिन्न दलों के कई सियासी नेताओं ने इस बात की तस्दीक की कि जब भारत ने विदेश सचिव स्तर की बातचीत को रद्द कर दिया था, तब शरीफ को ''बहुत बुरा लगा था कि नरेंद्र मोदी ने उन्हें नीचा दिखाया'' है. इन नेताओं के मुताबिक मई, 2014 में जब शरीफ ने फौज की अनौपचारिक सलाह को अनदेखा करके मोदी के शपथ ग्रहण का न्यौता कुबूल किया और नई दिल्ली गए, तब उन्होंने अलग-थलग पड़ने का जोखिम उठाया था.
शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के नेता कहते हैं, ''पाकिस्तानी प्रधानमंत्री मानते हैं कि हिंदुस्तान के साथ अमन-चैन ही एकमात्र विकल्प है, लेकिन जब बातचीत रद्द हुई तो उनकी उम्मीदें हताशा में बदल गईं.''
13 फरवरी को मोदी ने शरीफ को फोन किया, लेकिन तब तक कमान पाकिस्तानी सेना प्रमुख राहील शरीफ के हाथों में जाती दिखाई दी. पेशावर के स्कूल पर हुए हमलों के बाद शरीफ ने एक बार फिर कमान थामने की कोशिश की, लेकिन तभी पाक सेना प्रमुख ने काबुल की उड़ान भरी और वहां अफगानिस्तान के राष्ट्रपति से मुलाकात कर उनसे हमलावरों को पकड़ने के लिए कहा. हफ्तों बाद जब स्कूल दोबारा खुला, तब नवाज शरीफ नहीं, बल्कि राहील शरीफ ने पहले दिन स्कूल में बच्चों का इस्तकबाल किया.
मगर सियासी जानकार यह भी कहते हैं कि यह मानना गलती होगी कि मौजूदा सत्ता संतुलन हमेशा पाकिस्तानी सेना के हक में कायम रहेगा. एक जानकार ने कहा, ''याद रखिए कि 1999 में मुशर्रफ ने कैसे नवाज शरीफ को आम मुजरिम की तरह अटक जेल में डाल दिया था. फिर भी नवाज ने अपने वक्त का इंतजार किया और आखिर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बनकर लौटे.''
उधर चूंकि पाकिस्तानी कब्जे वाला कश्मीर इस्लामाबाद-रावलपिंडी की सरकार के सीधे नियंत्रण में है, लिहाजा दोनों कश्मीरी हिस्सों के बीच रिश्ते सुधारने का सारा दारोमदार सईद के कंधों पर आ जाएगा. लेकिन जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री नियंत्रण रेखा पर ज्यादा गुंजाइश की इजाजत देने के लिए दिल्ली पर भरोसा करेंगे.
अगर केंद्र सईद को नियंत्रण रेखा पर वस्तु-विनिमय व्यापार बढ़ाने, बैंकिंग सुविधाएं खोलने, पर्यटन, वन जैसी संस्थाओं के संयुक्त प्रबंधन और यात्रा परमिट को उदार बनाने की इजाजत देता है तो एक नई शुरुआत की जा सकती है.
इस्लामाबाद में यह धारणा मजबूत है कि बातचीत अंतराष्ट्रीय दबाव में (असल में अमेरिका के दबाव में) शुरू की गई है. पाकिस्तानी मीडिया ऐसी खबरों से भरा पड़ा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने शरीफ को फोन किया और बताया कि हिंदुस्तानी प्रधानमंत्री जल्द ही उन्हें फोन करेंगे. संयोग या जो भी हो, 13 फरवरी को मोदी ने फोन किया और नवाज शरीफ को ऑस्ट्रेलिया में विश्व कप में भाग ले रही उनकी क्रिकेट टीम के लिए शुभकामना दी. जवाब में शरीफ ने भी ऐसा ही किया.
पिछली मई में मोदी के साथ अपनी बातचीत को याद करते हुए शरीफ ने इस रिपोर्टर से कहा, ''जब मैं दिल्ली आया था, मैंने उनसे कहा था कि मैं अपने रिश्तों में नया अध्याय शुरू करने के लिए आया हूं. आपके पास भी जबरदस्त जनादेश है और मेरे पास भी.''
उन्होंने आगे कहा, ''हिंदुस्तानी प्रधानमंत्री ने मुझसे कहा कि आइए, काम के रास्ते पर आगे बढ़ें और मैंने भी इसका सकारात्मक जवाब दिया. मुझे खुशी हुई, जब उन्होंने भीषण पेशावर हमले के बाद मुझे फोन किया, हमारा दर्द बांटा और फिर पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के लिए शुभकामना जाहिर की. मैंने उनसे कहा कि मेरी ख्वाहिश है कि हमारी टीमें फाइनल में आमने-सामने हों.''
अब जब जयशंकर भारत-पाकिस्तान की बातचीत के टूटे हुए सूत्र को जोड़ रहे हैं, दोनों पक्ष राजी हैं कि जम्मू-कश्मीर में नई सरकार बनने से दोनों मुल्कों को एक और मौका मिला है.
सईद 79 बरस के हैं और उम्र उनका मजबूत पहलू नहीं है. दिलचस्प है कि वे युवा ऊर्जा से भरपूर मोदी पर भरोसा करते दिखाई दे रहे हैं, जो 64 बरस के हैं और उम्र जरूर उनके साथ है. अगर यह नामुमकिन-सी जोड़ी दो महीने की मेहनत से जोड़े गए गठबंधन के जरिए अकल्पनीय को मुमकिन बना दे तो भारत-पाकिस्तान के रिश्तों पर इसका जबरदस्त असर होगा. उपमहाद्वीप की सियासत में एक नया दौर शुरू हो चुका है.
दो कदम आगे बढ़ने की बारी
एक बार फिर बातचीत शुरू करते हुए भारत और पाकिस्तान इस पर सहमत हैं कि जम्मू-कश्मीर में नई सरकार ने उन्हें नए सिरे से शुरुआत करने का मौका दिया है.

अपडेटेड 10 मार्च , 2015
Advertisement
Advertisement
