scorecardresearch

बड़ों की अब भी बड़ी बात

युवाओं के धमक दिखाने के बावजूद दिग्गजों का जलवा बरकरार

विराट कोहली  (फाइल फोटो)
विराट कोहली (फाइल फोटो)
अपडेटेड 17 फ़रवरी , 2026

विराट कोहली भले ही अब टीम इंडिया के लिए केवल एक फॉर्मेट में खेलते हों, क्रिकेट में उनकी बादशाहत के धूमिल होने का कोई संकेत नहीं दिखता. वनडे क्रिकेट में हाल की उनकी पारियां साबित करती हैं कि यह 37 वर्षीय क्रिकेटर भारत का बेहतरीन बल्लेबाज बना हुआ है और अगर फिटनेस तथा प्रेरणा ऐसी ही बनी रही तो वे सचिन तेंडुलकर को पीछे छोड़कर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं.

दूसरे नंबर पर एम.एस. धोनी हैं, जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के सालों बाद भी लोगों के दिलों पर राज कर रहे हैं. इंडियन प्रीमियर लीग में हर साल दो महीने के लिए लौटने से प्रशंसकों की स्मृतियों में बने रहने में उन्हें मदद मिलती है.

भारत के सर्वश्रेष्ठ पुरुष क्रिकेटरों के लिए ताजा देश का मिज़ाज सर्वे से संकेत मिलता है कि आने वाला आइसीसी मेंस टी20 विश्व कप लोगों के दिमाग में सबसे ऊपर है क्योंकि उसमें खेलने जा रही भारतीय टीम के तीन सदस्यों ने इस फेहरिस्त में जगह बनाई है—पूर्व कप्तान हार्दिक पंड्या, मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव और विस्फोटक युवा ओपनर अभिषेक शर्मा, जिन्होंने नंबर 6 पर आकर देश का मिज़ाज सर्वे में एंट्री मारी है. अलबत्ता टेस्ट और ओडीआइ कप्तान शुभमन गिल लंबे वक्त से खराब चल रहे फॉर्म के कारण खिसककर सातवें पायदान पर आ गए हैं.

इसमें हैरानी नहीं कि हाल में पहली बार महिला ओडीआइ विश्व चैंपियन का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम की खिलाड़ी सबसे तेज चमक के साथ उभरी हैं. बाएं हाथ की शानदार बल्लेबाज और रन बनाने में टीम की सबसे भरोसेमंद स्मृति मांधना ने अगस्त 2025 के सर्वे के बाद प्रतिशत में खासी गिरावट के बावजूद शीर्ष स्थान कायम रखा है. सबसे लंबी छलांग लगाने वाली खिलाड़ी शेफाली वर्मा हैं, जिनके विश्व कप फाइनल में बल्ले और गेंद दोनों से मैच जिताने वाले योगदान ने उन्हें नंबर 2 पर पहुंचा दिया. यह जगह उन्होंने टीम की कप्तान और मध्यक्रम की रीढ़ हरमनप्रीत कौर की कीमत पर हासिल की, जो तीसरे पायदान पर खिसक गईं. उनके बाद हैं प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहीं दीप्ति शर्मा. 'सुपर सेवन' में उनके साथ क्रांति गौड़, विकेटकीपर ऋचा घोष और बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्ज भी शामिल हैं.

उधर, दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने अपने ऊंचे मापदंडों के हिसाब से इस औसत रहे साल में भी शीर्ष स्थान कायम रखा. क्लासिक फॉर्मेट में मौजूदा विश्व शतरंज चैंपियन ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश की लोकप्रियता भी 2025 के आजमाइशी साल के बावजूद बढ़ती देखी गई.

नं.1 नीरज चोपड़ा (एथलेटिक्स)

भारतीय फुटबॉल भले ही अनिश्चितता का सामना कर रहा हो, और इंडियन सुपर लीग फरवरी तक टल गई हो लेकिन उत्तरदाताओं ने भारतीय टीम के अव्वल स्कोरर सुनील छेत्री के प्रति एकजुटता दिखाई है. हॉकी में पूर्व कप्तान मनप्रीत सिंह सबसे ज्यादा बढ़त के साथ उभरे, उनके पीछे मौजूदा कप्तान हरमनप्रीत सिंह हैं.

महिला खिलाड़ियों में उम्मीद के मुताबिक ओलंपिक पदक विजेता पी.वी. सिंधु (बैडमिंटन), मनु भाकर (निशानेबाजी), मीराबाई चानू (भारोत्तोलन) और लवलीना बोरगोहैन (मुक्केबाजी) शीर्ष पर हैं. चौंकाने वाला नाम पैरालंपियन तीरअंदाज और नई विश्व चैंपियन शीतल देवी का है. 19 वर्षीया यह बिना हाथों की एथलीट बताती है कि भारत में खेल की उत्कृष्टता काबिलियत की पारंपरिक सोच तक सीमित नहीं रह गई है.

Advertisement
Advertisement