scorecardresearch

नीरज चोपड़ा और विराट कोहली सहित इन खिलाड़ियों को जनता ने चुना अपना फेवरेट प्लेयर

विश्व कप में अपने करिश्माई प्रदर्शन के बूते कोहली छलांग लगाकर फिर बने नंबर 1 क्रिकेटर. महिला क्रिकेटरों में स्मृति मंधाना सबसे आगे. पेरिस ओलंपिक में भारत की उम्मीदें एथलीट नीरज चोपड़ा और अंशु मलिक पर

नीरज चोपड़ाः भारत का नंबर-1 पुरुष खिलाड़ी
नीरज चोपड़ाः भारत का नंबर-1 पुरुष खिलाड़ी
अपडेटेड 23 फ़रवरी , 2024

सुपरस्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने 2023 में कुछ और इतिहास गढ़ा. वे विश्व चैंपियनशिप जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने और एशियाई खेलों का अपना खिताब शान से कायम रखा. इस तरह इंडिया टुडे के देश का मिजाज सर्वे में क्रिकेट से इतर खिलाड़ियों वाली श्रेणी में उन्होंने अपने पैर पायदान में शीर्ष पर जमा लिए.

2024 के पेरिस ओलंपिक में भारत अपने विश्व चैंपियन से सुनहरा जादू बरकरार रखने की आस लगाए है. राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री ने अपनी जगह कायम रखी तो हॉकी की नुमाइंदगी कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पी.आर. श्रीजेश कर रहे हैं. हाल में पहलवानों के विरोध प्रदर्शन के एक चेहरे बजरंग पूनिया को भी जगह मिली है.

हालांकि महिला खिलाड़ियों में शीर्ष तीन पायदानों पर रही एथलीटों के लिए चीजें उतनी उजली दिखाई नहीं देतीं. बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु और टोक्यो ओलंपिक की रजत विजेता मीराबाई चानू चोटों से परेशान हैं, जिससे पेरिस में उनके फॉर्म को लेकर संशय है.

महिला हॉकी की पूर्व कप्तान रानी रामपाल (नंबर 3) टीम में नहीं हैं और सविता पूनिया (नंबर 5) की अगुआई में टीम ओलंपिक के लिए क्वालिफाइ नहीं कर पाई. अलबत्ता विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता पहलवान अंशु मलिक उम्मीद की किरण हैं.

क्रिकेट में टीम इंडिया ने देश में ही खेले गए क्रिकेट विश्व कप में फाइनल की उस दिल तोड़ देने वाली हार के अलावा शानदार प्रदर्शन किया. मगर आईसीसी ट्रॉफी का लंबा सूखा खत्म करने की भारत की तलाश अभी जारी है, खासकर अगर विराट कोहली विश्व कप की अपनी शानदार फॉर्म 2024 में बरकरार रख पाते हैं. उसमें उन्होंने 765 रन बनाए और टूर्नामेंट के एक संस्करण में 700 पार करने वाले पहले क्रिकेटर बन गए.

सभी फॉर्मेट में पारंगत कोहली ने क्रिकेटरों में नंबर 1 होने का ताज एम.एस. धोनी से छीन लिया, भले ही धोनी ने संन्यास के तीन साल बाद भी मुरीदों का अपना आधार बनाए रखा है. कप्तान रोहित शर्मा, जिनकी विश्व कप के मैचों के शुरुआती 10 ओवर में ताबड़तोड़ पारियों ने विरोधियों के छक्के छुड़ा दिए, और 24 बल्लेबाजों को आउट कर कप के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज मोहम्मद शमी क्रमश: तीसरे और चौथे पायदान पर आए हैं.

महिला क्रिकेटरों में बल्लेबाज स्मृति मंधाना की बादशाहत कायम है. महिला आईपीएल की सबसे महंगी खिलाड़ी होने और इंस्टाग्राम पर नब्बे लाख फॉलोअर्स की बदौलत वे ब्रांड में भी सबसे पसंदीदा बन गई हैं. उन्होंने फॉर्म के लिए जूझ रही कप्तान हरमनप्रीत कौर (नंबर 2) से काफी बढ़त बना ली है. क्रिकेट से संन्यास ले चुकीं मिताली राज ने मुरीदों में खास जगह कायम रखी है. शीर्ष पांच में बाकी दो युवा प्रतिभाएं शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा हैं.

Advertisement
Advertisement