ऊंचे और असरदार : रसूखदार
27 जय शाह, 34 वर्ष
सचिव, बीसीसीआइ और सचिव, एसीसी
क्योंकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव के रूप में 34 वर्षीय जय शाह भारतीय क्रिकेट को नियंत्रित करते हैं. क्रिकेट का सबसे बड़ा ग्लोबल शो एक दिवसीय विश्व कप का आयोजन उनकी देखरेख में इस साल के अंत में भारत में किया जाएगा.
उनके नेतृत्व में आइपीएल के मीडिया अधिकार तीन गुना बढ़कर 48,390 करोड़ रुपए हो गए, जिससे यह दुनिया की दूसरी सबसे मूल्यवान स्पोर्ट्स लीग बन गई. वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बेटे हैं. यह तथ्य उनके दबदबे में इजाफा करता है
क्योंकि वे दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड चलाते हैं और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के मामलों में उनकी बात मायने रखती है. शाह के नेतृत्व वाली आइसीसी की वित्त और वाणिज्यिक मामलों की समिति आइसीसी के राजस्व में बीसीसीआइ की हिस्सेदारी को मौजूदा 22.8 प्रतिशत से बढ़ाकर 37 प्रतिशत करने के लिए कमर कस चुकी है.
एसीसी प्रमुख के रूप में वे अपने रुख पर अडिग रहे कि भारत एशिया कप में खेलने के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगा, जो इस साल के अंत में होना है
क्योंकि उन्होंने महिला क्रिकेट को भारत में लोकप्रिय बनाने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. बीसीसीआइ सचिव ने भारतीय महिला क्रिकेटरों के लिए वेतन में समानता लाने का फैसला किया है. अब महिला खिलाड़ियों को भी पुरुष क्रिकेटरों के बराबर फीस मिलती है.
क्योंकि उनकी देखरेख में बीसीसीआइ ने इसी साल महिला प्रीमियर लीग की शुरुआत की थी.
पूर्वोत्तर को प्राथमिकता सत्तारूढ़ भाजपा की तरह उनका ध्यान पूर्वोत्तर को मुख्यधारा में लाने पर है. वे आइपीएल मैचों को गुवाहाटी ले गए हैं. अब वे पूर्वोत्तर के हरेक राज्य में एक क्रिकेट स्टेडियम बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं. 2021 में शाह महज 32 साल की उम्र में एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के सबसे युवा अध्यक्ष बने.

