ऊंचे और असरदार : रसूखदार
9. अजीम प्रेमजी, 77 वर्ष, संस्थापक चेयरमैन, विप्रो
रिशाद प्रेमजी, 46 वर्ष, चेयरमैन, विप्रो
क्योंकि सरल और मिलनसार स्वभाव के प्रेमजी सीनियर देश के अग्रणी दानदाता हैं जिन्होंने अपनी व्यक्तिगत धन-संपत्ति का ज्यादातर हिस्सा अजीम प्रेमजी फाउंडेशन में डाल दिया है, चाहे वह विप्रो, विप्रो एंटरप्राइजेज में अपनी शेयरहोल्डिंग हो या प्रेमजीइन्वेस्ट के जरिए हासिल की गई कई संपत्तियां. इस तरह जनवरी 2023 तक करीब 29 अरब डॉलर (2.4 लाख करोड़ रु.) का दान खाते का फंड तैयार हो गया है
क्योंकि विप्रो की वेंचर कैपिटल शाखा प्रेमजीइन्वेस्ट कई स्टार्ट अप का ख्याल रखती है और साथ में अबू धाबी तथा सिंगापुर के सॉवरेन वेल्थ फंडों का भी. कोटक समूह के नए अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट फंड में 9,900 करोड़ रु. निवेश की योजना है
दुनिया भर में दान: बेनेलक्स में फाउंडेशन लंबी बीमारियों वाले बच्चों की मदद की मुहिम चलाता है. यूक्रेन युद्ध के दौरान उसने रोमानिया में यूक्रेन के शरणार्थियों को मानवीय, मेडिकल और फौरी राहत मुहैया कराई. ऑस्ट्रेलिया में मुसीबत में घिरी औरतों के लिए शेल्टर होम की मरम्मत वगैरह में मदद की गई. अमेरिका में वंचित तबकों के बच्चों के लिए फर्स्ट बुक के साथ साझेदारी में 40,000 किताबें दान दीं
क्योंकि प्रेमजी जूनियर के कुशल नेतृत्व में विप्रो अब देश की सबसे बड़ी आइटी कंपनियों में एक है. वित्त वर्ष ’22 में उसकी कुल कमाई 90,490 करोड़ रु. और शुद्ध आय 11,350 करोड़ रु. था
क्योंकि विप्रो ने ग्राहकों की कारोबारी जरूरतों से पूरी तरह जुड़ने के लिए क्लाउड, एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी तथा बिजनेस ट्रांसफॉर्मेशन, इंजीनियरिंग और कंसल्टिंग के इर्द-गिर्द चार रणनीतिक वैश्विक कारोबरी लाइन्स का ऐलान किया
क्योंकि कंपनी विस्तार के लिए अधिग्रहण का रास्ता चुन रही है. उसने अमेरिका स्थित राइजिंग इंटरमीडिएट होल्डिंग्स इंक और कन्वर्जेंस एक्सेलेरेशन सॉल्युशंस को खरीदा है. पालो अल्टो स्थित स्टार्ट अप वीफंक्शन के साथ करार किया है
फुरसत के शौक: गोवा प्रेमजी जूनियर का पसंदीदा ठिकाना है, जबकि शॉशांक रिडेम्प्शन और शोले पसंदीदा फिल्म. हमेशा सीखने-समझने को तैयार रहते हैं, आजकल वे क्लेटॉन एम. क्रिस्टेनसेन की किताब हाउ विल यू मेजर योर लाइफ: लेसन्स फ्रॉम सम ऑफ द वल्डर्स ग्रेटेस्ट बिजनेसेज पढ़ रहे हैं.

